{"_id":"69d32f600aa87400c0003583","slug":"bihar-woman-allegedly-burned-for-dowry-in-vaishali-set-on-fire-with-petrol-attempt-made-to-destroy-evidence-2026-04-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: वैशाली में दहेज की बलि चढ़ी विवाहिता, पहले पेट्रोल छिड़ककर जलाया फिर साक्ष्य मिटाने की कोशिश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: वैशाली में दहेज की बलि चढ़ी विवाहिता, पहले पेट्रोल छिड़ककर जलाया फिर साक्ष्य मिटाने की कोशिश
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली
Published by: तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
Updated Mon, 06 Apr 2026 09:28 AM IST
विज्ञापन
सार
दहेज के लिए विवाहिता की कथित निर्मम हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी है। जलाकर मारने, जहर का इंजेक्शन देने और फिर साक्ष्य मिटाने की कोशिश जैसे गंभीर आरोपों के बीच मामला और भी उलझ गया है, जिस पर पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।
विवाहिता को पेट्रोल डालकर जलाया
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के पिरापुर गांव में दहेज के लिए 20 वर्षीय विवाहिता की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने पहले महिला पर पेट्रोल छिड़ककर उसे जला दिया, फिर इलाज के बहाने जहर का इंजेक्शन देकर उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं साक्ष्य छिपाने के लिए ससुराल वालों ने शव का अंतिम संस्कार करने की कोशिश भी की। मृतका की पहचान खुशबू कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी दो साल पहले पिरापुर निवासी रवि कुमार राय के साथ शादी हुई थी।
Trending Videos
परिजनों के अनुसार शादी के कुछ समय बाद तक सब कुछ सामान्य था लेकिन बाद में ससुराल पक्ष सास, ससुर, देवर और ननद मनीषा कुमारी दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करने लगे। विरोध करने पर उसे जान से मारने और शव गायब करने की धमकी दी जाती थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: Bihar: मोतिहारी के मदरसे में पुलिस की बड़ी छापेमारी, पिस्टल समेत संदिग्ध सामान बरामद; क्या है PFI कनेक्शन?
मृतका के भाई रौशन कुमार और मां गुड़िया देवी ने आरोप लगाया कि 19 मार्च को दहेज के लिए मारपीट के दौरान बाइक से पेट्रोल निकालकर खुशबू को जला दिया गया। इसके बाद ससुराल वालों ने एक मनगढ़ंत कहानी बनाकर उसे हाजीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के नाम पर लाखों रुपये खर्च कराए गए। परिजनों का कहना है कि जब इलाज का खर्च उठाना मुश्किल हुआ, तो ससुराल पक्ष ने साजिश के तहत जहर का इंजेक्शन दिलवाकर उसकी हत्या कर दी।
रविवार को ससुराल पक्ष ने बिना मायके वालों को सूचना दिए पिरापुर स्थित गंडक नदी घाट पर शव का अंतिम संस्कार शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। पुलिस के पहुंचते ही पति समेत अन्य आरोपी अधजला शव छोड़कर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने मृतका के ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
सूचना पर एसडीपीओ गोपाल मंडल और थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जलते शव को बुझाकर जांच शुरू की। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि विवाहिता को जलाकर मारने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना क्षेत्र में सनसनी फैलाने के साथ ही दहेज प्रथा की क्रूर सच्चाई को एक बार फिर उजागर करती है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है।