Bihar: अचानक चलती स्कॉर्पियो बनी आग का गोला, तीन लोगों ने कूदकर बचाई जान; शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही आशंका
मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र में एनएच-28 के पास चलती स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गई। बोनट से धुआं निकलते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन सड़क किनारे रोक दिया। ड्राइवर समेत तीनों लोग सुरक्षित बाहर निकल गए, जिसके बाद स्कॉर्पियो धू-धूकर जल गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले में एनएच-28 के पास चलती स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गई। ड्राइवर की सूझबूझ से गाड़ी में सवार तीन लोगों की जान बच गई। वहीं, आग लगने के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। घटना कांटी थाना क्षेत्र की है।
स्थानीय निवासी प्रकाश ने बताया कि स्कॉर्पियो कांटी की ओर तेज गति से जा रही थी। तभी अचानक गाड़ी के बोनट से तेजी से धुआं निकलने लगा। इस दौरान मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई। आग को देखते हुए वाहन चालक ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोक दी। गाड़ी रुकते ही ड्राइवर समेत तीनों लोग तुरंत बाहर कूद गए। इस दौरान उनके बाहर निकलते ही स्कॉर्पियो में भीषण आग लग गई और लपटें उठने लगीं। वहीं, ड्राइवर ने अगर थोड़ी भी देरी की होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सड़क के बीचों-बीच स्कॉर्पियो को धू-धूकर जलता देख नेशनल हाईवे-28 से गुजर रहे यात्री वाहनों और निजी गाड़ियों के पहिए थम गए। राहगीर और स्थानीय लोग दूर खड़े होकर इस खौफनाक मंजर को देखने लगे। देखते ही देखते स्कॉर्पियो का इंजन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो में लगी आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग बुझने के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से जली हुई गाड़ी को सड़क किनारे से हटवाया और यातायात को दोबारा सुचारू रूप से चालू कराया।
ये भी पढ़ें- Bihar: छात्र आंदोलन पर मंत्री नीतीश मिश्रा ने राहुल गांधी से पूछा- दिल्ली और रांची के छात्रों में फर्क क्यों?
पूरी घटना को लेकर कांटी थाना प्रभारी रविकांत पाठक ने बताया कि पुलिस को एनएच-28 पर एक स्कॉर्पियो में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया गया। वहीं, इस घटना में किसी भी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है और सभी लोग सुरक्षित हैं। प्राथमिक जांच और जानकारी के अनुसार, इंजन में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से बोनट से धुआं उठा और आग लग गई। इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।