Bihar News: मुजफ्फरपुर में साइबर ब्लैकमेलिंग का मामला, पड़ोसी युवक पर मां-बेटी को धमकाने का आरोप
मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र में एक परिवार को पड़ोसी युवक द्वारा कथित तौर पर ब्लैकमेल और धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने सीसीटीवी, जीमेल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों तक अनधिकृत पहुंच बनाकर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में पड़ोसी से जान-पहचान बढ़ाने और बेटी की पढ़ाई में मदद करने के नाम पर परिवार को ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पड़ोस के एक युवक से नजदीकी बढ़ाना अब एक परिवार के लिए परेशानी बन गया है।
आरोप है कि पड़ोस का एक 21 वर्षीय युवक, जो स्कूल मित्र होने के नाते घर आता-जाता था, पिछले छह महीने से मां-बेटी को परेशान कर रहा है। आरोपी युवक ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे, जीमेल आईडी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों तक अनधिकृत पहुंच बनाकर फोटो-वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी है। विरोध करने पर आरोपी युवक लगातार कॉल-मैसेज करने और घर आकर हंगामा करने का भी आरोप है। इस मामले में नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पीड़िता ने बताया-नजदीकी बढ़ाई
इस पूरे मामले में पीड़िता महिला ने बताया कि आरोपी युवक उनकी पुत्री का स्कूल मित्र है। इसी वजह से वह पढ़ाई के सिलसिले में उनके घर आता-जाता था। आरोप है कि करीब छह महीने से उसने परिवार के निजी मामलों में लगातार अनुचित हस्तक्षेप शुरू कर दिया। जब इसका विरोध किया गया तो उसने परेशान करने और धमकाने का काम शुरू कर दिया।
आरोप है कि युवक ने सीसीटीवी कैमरा और जीमेल आईडी हैक कर ली। इसके अलावा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों तक भी अनधिकृत पहुंच बनाई। इसके बाद मां-बेटी के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी जाने लगी। इससे परिवार के लोग काफी परेशान हैं और उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।
विरोध करने पर बेटी को उठाने की धमकी
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी युवक लगातार अलग-अलग फोन नंबरों से कॉल और मैसेज कर रहा है। आरोपी अपने मोबाइल नंबर के साथ ही अन्य नंबरों से भी लगातार कॉल और मैसेज करता है। आरोप है कि इस दौरान युवक देर रात कुछ असामाजिक तत्वों के साथ घर पहुंचकर हंगामा भी करता है। इससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। आरोपी युवक पर लगातार बेटी को अगवा करने की धमकी देने का भी आरोप है। परिवार का कहना है कि आरोपी दबाव बनाने और अपनी बातें मनवाने के लिए तरह-तरह की धमकियां दे रहा है। पीड़िता ने परिवार की सुरक्षा और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें- Bihar: 11 लाख की कंपनी को साढ़े 22 हजार करोड़ का काम! तेजस्वी यादव का सम्राट चौधरी सरकार पर बड़ा आरोप
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर शुरू की जांच
इस पूरे मामले में नगर थाना पुलिस जांच कर रही है। नगर थाने की पुलिस ने महिला के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और साइबर गतिविधियों से जुड़े आरोपों की भी जांच करेगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास कर रही है।

जांच में जुटी पुलिस।