Bihar News: अन्नू डूबा तो उज्ज्वल ने लगाई छलांग, तेज धार ने दोनों को निगला, नदी में रेस्क्यू जारी
मुजफ्फरपुर के मोतीपुर थाना क्षेत्र के अंजनाकोट गांव में भुड़कुरवा पुल के पास बूढ़ी गंडक नदी में नहाने गए पांच किशोरों में से दो गहरे पानी में डूब गए। हादसे में बथना गांव निवासी 14 वर्षीय उज्ज्वल कुमार और 15 वर्षीय अन्नू कुमार उर्फ कल्लू नदी में डूबे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के अंजनाकोट गांव स्थित भुड़कुरवा पुल के पास सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। बूढ़ी गंडक नदी में नहाने गए पांच किशोरों में से दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। बताया जा रहा है कि सभी किशोर आपस में दोस्त थे और बाइक से नदी में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान अचानक नदी की तेज धार में दो किशोर बह गए, जबकि तीन किशोर किसी तरह नदी से सुरक्षित बाहर निकल आए। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मोतीपुर के अंचलाधिकारी तरुण कुमार और थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों किशोरों की तलाश शुरू कराई गई। बाद में SDRF की टीम को भी बुलाया गया, जिसके बाद नदी में तलाशी अभियान शुरू किया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद से दोनों किशोरों के परिजनों में चीख-पुकार मची है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
पांच दोस्त नहाने पहुंचे थे बूढ़ी गंडक नदी
जानकारी के अनुसार, मोतीपुर थाना क्षेत्र के बथना गांव निवासी पांच किशोर सोमवार को बूढ़ी गंडक नदी में नहाने के लिए पहुंचे थे। सभी आपस में दोस्त थे और बाइक से अंजनाकोट गांव के पास भुड़कुरवा पुल पहुंचे थे। नदी में नहाने के दौरान अचानक तेज बहाव के कारण दो किशोर गहरे पानी में चले गए। तीन किशोर किसी तरह नदी की तेज धार का सामना करते हुए सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन दो जिगरी दोस्त नदी में समा गए।
दोस्त को डूबता देख बचाने के लिए नदी में कूदा उज्ज्वल
नदी में डूबे किशोरों की पहचान मोतीपुर थाना क्षेत्र के बथना गांव निवासी मनोहर प्रसाद के 14 वर्षीय पुत्र उज्ज्वल कुमार और उसके पड़ोस में रहने वाले दिनेश भगत के 15 वर्षीय पुत्र अन्नू कुमार उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उज्ज्वल और अन्नू अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ बूढ़ी गंडक नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान अन्नू का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जाने लगा। अपने दोस्त अन्नू को डूबता देख उज्ज्वल उसे बचाने के लिए नदी में कूद गया। लेकिन नदी का बहाव तेज होने के कारण दोनों ही गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते नदी में डूब गए।
दोनों किशोर थे बेहद करीबी दोस्त
ग्रामीणों के अनुसार, उज्ज्वल और अन्नू बेहद करीबी दोस्त थे। दोनों अक्सर साथ रहते थे और उनके घर भी आसपास ही हैं। एक दोस्त को बचाने की कोशिश में दूसरे के भी नदी में डूब जाने की घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। हादसे की खबर मिलते ही दोनों के परिवार मौके पर पहुंचे। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
SDRF और स्थानीय गोताखोरों ने शुरू किया तलाशी अभियान
घटना की सूचना मिलते ही मोतीपुर के अंचलाधिकारी तरुण कुमार और थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों किशोरों की तलाश शुरू कराई गई। तलाशी अभियान के लिए SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। SDRF के जवानों के साथ स्थानीय गोताखोर भी नदी में दोनों किशोरों की तलाश में जुटे हैं। नदी की तेज धार के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
अंचलाधिकारी बोले- दोनों की तलाश जारी
मोतीपुर अंचल के अंचलाधिकारी तरुण कुमार ने बताया कि सोमवार को पांच किशोर बूढ़ी गंडक नदी में नहाने गए थे। इनमें से तीन किशोर सकुशल बाहर निकल आए, जबकि दो किशोर नदी में डूब गए। उन्होंने बताया कि दोनों की तलाश के लिए SDRF की टीम को लगाया गया है। इसके अलावा स्थानीय गोताखोर भी खोजबीन में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों किशोरों को जल्द बरामद करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके बाद आगे की कार्रवाई और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सोमवार को हुए हादसे के बाद मंगलवार को भी दोनों किशोरों की तलाश जारी रही। नदी में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और परिजनों को दोनों के मिलने का इंतजार है।