Bihar: मुजफ्फरपुर में झोलाछाप डॉक्टर की सुई से युवक की मौत, गांव में हंगामा; इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी तबीयत
मुजफ्फरपुर के करेला गांव में 25 वर्षीय सूरज कुमार सहनी की कथित तौर पर झोलाछाप डॉक्टर द्वारा दिए गए इंजेक्शन के बाद मौत हो गई। परिजनों ने ओवरडोज का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के पियर थाना क्षेत्र स्थित करेला गांव में एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि गांव के एक झोलाछाप डॉक्टर द्वारा दिए गए इंजेक्शन की ओवरडोज के कारण युवक की मौत हुई है।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय सूरज कुमार सहनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सूरज बाहर रहकर काम करता था और होली के अवसर पर घर आया हुआ था। देर रात उसे तेज खांसी की शिकायत हुई, जिसके बाद परिजनों ने पास के गांव से एक ग्रामीण चिकित्सक को बुलाया। आरोप है कि डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन देने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। युवक ने चक्कर आने और तबीयत अधिक खराब होने की बात कही और थोड़ी ही देर में उसकी मौत हो गई।
पढ़ें: पटना में कारोबारी की हत्या से हड़कंप, अपराधियों ने दो भाइयों को मारी थी गोली; जानिए क्या है मामला
मृतक की मां ने आरोप लगाया कि गलत इंजेक्शन दिए जाने से उसके बेटे की जान गई है। घटना के बाद आरोपी ग्रामीण चिकित्सक बिमलेश पासवान फरार बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर पियर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों के आरोपों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।