{"_id":"64ef42e66ef4bed193018b37","slug":"nitish-will-become-convenor-of-india-bihar-convenor-of-bharat-jodo-yatra-awadhesh-singh-gave-indications-2023-08-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"‘INDIA’: नीतीश बनेंगे इंडिया के संयोजक, भारत जोड़ो यात्रा व हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा के बिहार संयोजक ने दिए संकेत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
‘INDIA’: नीतीश बनेंगे इंडिया के संयोजक, भारत जोड़ो यात्रा व हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा के बिहार संयोजक ने दिए संकेत
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, औरंगाबाद
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Wed, 30 Aug 2023 06:53 PM IST
सार
INDIA Mumbai Meeting: इंडिया अलायंस की मुंबई में बैठक होने वाली है। इससे पहले बिहार सरकार के पूर्व मंत्री अवधेश कुमार सिंह ने औरंगाबाद में कांग्रेस की प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अलायंस का संयोजक बनाए जाने के संकेत दिए हैं। जानें और क्या कहा...।
विज्ञापन
औरंगाबाद में प्रेसवार्ता के दौरान भारत जोड़ो यात्रा के बिहार संयोजक अवधेश कुमार तथा अन्य
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव एलायंस (INDIA) की मुंबई में बैठक होने वाली है। इससे पहले बिहार सरकार के पूर्व मंत्री अवधेश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अलायंस का संयोजक बनाए जाने के संकेत दिए हैं। सिंह कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा फेज-2 और हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा के बिहार संयोजक भी हैं।
Trending Videos
यात्रा को लेकर शनिवार की दोपहर औरंगाबाद में कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इसमें अवधेश सिंह से राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद द्वारा ‘इंडिया अलाएंस के कई संयोजक होंगे’ बयान के बारे में सवाल पूछा गया। उसके जबाव में सिंह ने कहा कि लालू जी हमारे सम्मानित नेता हैं। इंडिया गठबंधन के कई संयोजक बनाने की बात उनका सुझाव मात्र है। संयोजक चयन पर 31 अगस्त को होने वाली बैठक में चर्चा होगी। बैठक में ही तय होगा कि 'इंडिया' के संयोजक कौन बनेंगे। उन्होंने संकेत में कहा कि नीतीश कुमार हमारे बिहार के मुख्यमंत्री हैं। बिहार के नेता हैं। इंडिया गठबंधन के नेता हैं और रहेंगे। आगे की लड़ाई भी नीतीश कुमार और लालू प्रसाद के नेतृत्व में ही लड़ी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
‘संकेतों को समझिए, बाकी तो मुंबई में तय होगा ही’
सिंह के नीतीश कुमार 'इंडिया' गठबंधन के नेता हैं और रहेंगे। साथ ही आगे की लड़ाई नीतीश-लालू के नेतृत्व में लड़ी जाएगी, के कई मायने निकाले जा सकते हैं। इस बयान को नीतीश कुमार को 'इंडिया' गठबंधन का संयोजक बनाए जाने के रूप में भी लिया जा सकता है। हालांकि संयोजक कौन बनेगा, इसका पता तो 31 अगस्त को होने वाली बैठक में ही चलेगा। लेकिन सिंह के इस सांकेतिक बयान से राजनीतिक फिजाओं में संयोजक बनाए जाने की बात जरूर तैरने लगी है।
पटना होते हुए बुद्ध की धरती गया तक जाएगी यात्रा
इसके पहले यात्रा के संयोजक अवधेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के निर्देश पर राहुल गांधी के सपने को साकार करने के लिए भारत जोड़ो यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यात्रा का फेज-2 हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा बिहार में मंदार पर्वत से शुरू होकर कई जिलों से होते हुए से पटना पहुंचेगी। उसके बाद पटना से यात्रा भगवान बुद्ध की धरती गया तक पहुंचेगी। यात्रा में भारत जोड़ो यात्री और हाथ से हाथ जोड़ो यात्री भाग लेंगे। औरंगाबाद से भी एक पूरक यात्रा निकलेगी, जिसमें हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे और गया पहुंचेंगे। सिंह ने कहा कि यात्रा के माध्यम से क्षेत्र की जमीनी स्थितियों को उजागर करने का कार्य किया जाएगा।
‘नफरत के वातावरण में मोहब्बत का माहौल बना रहे राहुल’
अवधेश सिंह ने कहा कि देश में नफरत के वातावरण के बीच राहुल गांधी मोहब्बत का महौल बनाने का काम कर रहे हैं। राहुल गांधी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हम सभी कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कृत संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि वे औरंगाबाद जिला कांग्रेस कमिटी के प्रभारी और भारत जोड़ो यात्रा तथा हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा के बिहार संयोजक हैं। इसके नाते औरंगाबाद जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को संदेश देने आए हैं कि बहुत जल्द ही भारत जोड़ो यात्रा पटना से चलकर बुद्ध की धरती गया जाएगी। इस यात्रा में पूरक यात्रा के साथ औरंगाबाद के भी कार्यकर्ता भारी संख्या में गया पहुंचेंगे। यात्रा में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, जयराम रमेश, दिग्विजय सिंह, बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह आदि शामिल होंगे।
‘बिहार को अकाल क्षेत्र घोषित करे राज्य सरकार’
उन्होंने बिहार में सूखे की स्थिति पर चर्चा करते हुए कहा कि झारखंड और मध्यप्रदेश की पहाड़ी नदियों से पानी न आने के कारण हाल के दिनों में मगध प्रमंडल में अकाल की स्थिति उत्पन्न हो गई है। यहां के मजदूर और किसान बेरोजगार हो गए हैं। चूंकि इस मामले में भारत सरकार किसानों के प्रति उदासीन रवैया अपना रही है। इस नाते हम बिहार सरकार से मांग करते हैं कि वह किसानों को मुआवजा दे और बिहार को अकाल क्षेत्र घोषित करे। साथ ही सभी किसानों का तीन महीने का बिजली बिल माफ करे, क्योंकि सभी किसानों के पास डीजल पंप सेट नहीं है और सिर्फ डीजल सब्सिडी से काम नहीं चलने वाला है। सिंह ने कहा कि उत्तर कोयल नहर परियोजना के लिए जमीन के सर्वे के काम को पूर्ण कराया जाए। हडियाही परियोजना और बटाने परियोजना के अधूरे कार्यों को पूरा कराया जाए। किसानों के सारे कर्ज माफ हों। सरकार किसानों को खाद, बीज और ऋण मुहैया कराने का कार्य करें। औरंगाबाद जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना हो और देव किला को संग्रहालय बनाने का कार्य किया जाए।
प्रेसवार्ता में बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक १ कुटुंबा के कांग्रेस विधायक राजेश कुमार, यात्रा के औरंगाबाद के उप संयोजक अजय सिंह, युवा कांग्रेस नेता आशुतोष सिंह और धीरेंद्र सिंह आदि दर्जनों कांग्रेस नेता मौजूद रहे।