Ananat Singh: दुलारचंद यादव हत्याकांड में अनंत सिंह को मिली बेल, जल्द जेल से होंगे रिहा; समर्थकों में खुशी
मोकामा विधायक अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्या मामले में पटना हाईकोर्ट से जमानत मिली। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने पर जल्द रिहाई संभव है। फैसले के बाद समर्थकों में खुशी और क्षेत्र में जश्न का माहौल है।
विस्तार
मोकामा के विधायक अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। उन्हें चर्चित दुलारचंद यादव हत्या मामले में जमानत दे दी गई है। अदालत ने सुनवाई के दौरान प्रस्तुत तथ्यों और साक्ष्यों पर विचार करते हुए यह निर्णय सुनाया।
कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद संभावना जताई जा रही है कि अनंत सिंह शुक्रवार या शनिवार तक जेल से रिहा हो सकते हैं। जमानत की खबर फैलते ही मोकामा और आसपास के क्षेत्रों में उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
समर्थकों ने जश्न मनाते हुए कहा कि उन्हें शुरू से ही अनंत सिंह पर भरोसा था और अदालत के फैसले ने उनके विश्वास को और मजबूत किया है। गौरतलब है कि दुलारचंद यादव हत्या मामला लंबे समय से चर्चा में रहा है और इस केस में अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई थी। अब जमानत मिलने के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।
पढ़ें: 'जय माता दी' के नारों से मुजफ्फरपुर में भक्तिमय हुआ माहौल, मंदिरों में पूजा के लिए आई भीड़
दुलारचंद हत्याकांड की पूरी कहानी
30 अक्तूबर को मोकामा टाल में दुलारचंद की हत्या की गई थी। आरोप अनंत सिंह और उनके समर्थकों पर लगा। 1 नवंबर की देर रात पटना के SSP कार्तिकेय शर्मा खुद अनंत सिंह के आवास मोकामा पहुंचे और उन्हें गिरफ्तार किया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, शरीर पर कई जगह गहरे घाव और खून जमने के निशान मिले। फेफड़े (लंग्स) फटे हुए मिले, जिससे अधिक मात्रा में इंटरनल ब्लीडिंग हुई है। छाती की कई पसलियां टूटी हुई पाई गईं। खासकर दाहिनी ओर रीढ़ की हड्डी (वर्टिब्रा) के पास भी चोटों के निशान मिले। सिर, घुटने, टखने और पीठ पर गहरे जख्म और चोटें पाई गईं। इसी के साथ दाहिने पैर के पास फायरआर्म (गनशॉट) इंजरी का जिक्र, यानी गोली लगने के निशान हैं।