पालम अग्निकांड में बड़ा खुलासा: दमकल और एंबुलेंस के लिए रुकावट बना गलियों में अतिक्रमण, तड़प-तड़पकर हुई मौत
Delhi Fire News: पालम में हुए अग्निकांड को लेकर स्थानीय लोगों और घटना स्थल पर मौजूद रहे प्रत्यक्षदर्शियों ने बड़ा दावा किया है। जबकि दूसरी तरफ पीड़ित राजेंद्र कश्यप ने कहा कि यह सिस्टम का फैलियर है। वरना आज मेरा परिवार जिंदा होता।
विस्तार
राजधानी दिल्ली के पालम में बीते बुधवार को एक बड़ा हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई। जिसके बाद अब सड़कों पर अतिक्रमण को घटनास्थल पर देरी से पहुंचने के लिए जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।
पालम के राम चौक मार्केट की एक दुकान में भयंकर आग लग गई। सड़कों और गलियों में अतिक्रमण और गाड़ियों के कारण फायर ब्रिगेड तथा एंबुलेंस को मौके पर पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने इसकी पुष्टि की है।
मौके पर जांच टीम
वहीं दूसरी तरफ पालम अग्निकांड में एफएसएल टीम मौके पर है। एफएसएल टीम सघन और गहन जांच कर रही है। साथ ही, श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जा रहा है।
सिस्टम का फैलियर है: राजेंद्र कश्यप
पालम विधायक कुलदीप सोलंकी पीड़ित परिवार से मिले और अपनी संवेदनाएं प्रकट की। व्यवसायी राजेंद्र कश्यप ने कहा कि सिस्टम का फैलियर है। वरना आज मेरा परिवार जिंदा होता। पालम अग्निकांड में मृतक के पिता राजेंद्र कश्यप शोक सभा में फफक-फफक कर रोए। साथ ही, स्थानीय निवासी इस मुश्किल की घड़ी में उनका साथ दे रहे है और सांत्वना दे रहे हैं।
सीएम रेखा ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इस दर्दनाक हादसे से भीतर से आहत और बाहर से सख्त नजर आईं। उन्होंने घटना पर शोक जताते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने पीड़ितों के लिए आर्थिक सहायता की भी घोषणा की है।
मृतकों के परिवारों को मुआवजा
दिल्ली सरकार ने वयस्क मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये देने का ऐलान किया है। नाबालिगों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। गंभीर रूप से घायलों को 2-2 लाख रुपये की तत्काल सहायता मिलेगी। मुख्यमंत्री ने आग लगने के कारणों की गहराई से जांच के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना है। प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
आप ने सरकार पर सवाल उठाए
आम आदमी पार्टी (आप) ने इस अग्निकांड को लेकर दिल्ली सरकार को घेरा है। आप के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने इसे सरकार के नकारेपन का परिणाम बताया। आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इसे सरकारी लापरवाही कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड के पास जरूरी सीढ़ियां और हाइड्रोलिक लिफ्ट नहीं थीं।
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में लगातार बढ़ रही आग की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने संकरी गलियों में बचाव कार्य के लिए ठोस कदम उठाने पर जोर दिया। केजरीवाल ने भविष्य में ऐसे हादसों की आशंका भी जताई।