Bihar News: पटना में युवक की हत्या से हड़कंप, विरोध में लोगों ने किया बवाल; परिजन बोले- तेजाब डालकर जलाया
Patna Crime News: पटना में बंटी यादव के हत्यारों को पुलिस अब तक तक पकड़ नहीं पाई है। इस बीच एक और युवक की हत्या हो गई है। अपराधियों ने युवक की पहचान छिपाने के लिए उसका चेहरा पूरी तरह जला दिया। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। परिजनों ने हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग की है। आइये जानते हैं पूरा मामला...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पटना के मनेर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिनावा गांव के बांध के समीप स्थित खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान महिनावा बाजार निवासी विकास कुमार (विकास साव) के रूप में हुई है, जो पेशे से राजमिस्त्री बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि विकास की हत्या करने के बाद अपराधियों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसके शव पर किसी रासायनिक पदार्थ या तेजाब का इस्तेमाल किया। उनका दावा है कि शव के चेहरे और सीने पर जलने जैसे निशान थे, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गंभीर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। परिजनों का कहना है कि हत्या के बाद शव को खेत में लाकर फेंक दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया
इधर, घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने न्याय की मांग को लेकर मनेर-पटना मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया, जिससे काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और स्थिति को सामान्य बनाने में जुटे रहे।
शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं
मनेर थानाध्यक्ष रजनीश ने बताया कि खेत से एक युवक का शव बरामद हुआ है, जिसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। एफएसएल टीम की रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।