Bihar: भाजपा अध्यक्ष ने विधानसभा से इस्तीफा देने की घोषणा की, पिता की तस्वीर शेयर कर क्या कहा जानिए?
Nitin Nabin: बांकीपुर की जनता को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने लिखा कि मैंने सदैव अपने क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य किया। इसी का प्रतिफल है कि यहां की देवतुल्य जनता ने मुझे लगातार पांच बार सदन में अपना प्रतिनिधि चुनकर सेवा का सौभाग्य प्रदान किया।
विस्तार
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन ने विधानसभा से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है। उन्होंने रविवार को ही अपना इस्तीफा संजय सरावगी को सौंप दिया था। आज संजय सरावगी उनकी ओर से विधानसभा जाकर इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष को सौंपेंगे। इधर, सोशल मीडिया अपने पिता नवीन सिन्हा की तस्वीर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि जनवरी 2006 में पिताजी के आकस्मिक निधन के बाद पार्टी ने मुझे पटना पश्चिम से उपचुनाव लड़ने का अवसर दिया। 27 अप्रैल 2006 को मैं पहली बार पटना पश्चिम क्षेत्र से निर्वाचित हुआ और यहीं से मेरे सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई। पिछले 20 वर्षों में पिताजी स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा द्वारा बनाए गए इस क्षेत्र को पारिवारिक भाव से सींचने, संवारने और विकास के पटल पर आगे बढ़ाने का मैंने निरंतर प्रयास किया है।
किस बात के लिए सीएम नीतीश का आभार व्यक्त किया
नितिन नवीन ने कहा कि सदन के अंदर हो या बाहर, दोनों ही स्थानों का उपयोग मैंने अपने क्षेत्र और बिहार की जनता की आवाज उठाने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए किया। बिहार विधानसभा के सदस्य के रूप में मुझे सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई वरिष्ठ विधायकों से बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। मैंने अपने क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण मुद्दों का समाधान जनता और कार्यकर्ताओं के सुझावों के आधार पर ही किया है। पीएम नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पार्टी ने जब मुझे बिहार सरकार में मंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर दिया, तब मुझे कई महत्वपूर्ण फैसलों, नीतियों और योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करने का अवसर मिला। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करता हूं।
Bihar: आज विधान परिषद् से इस्तीफा देंगे नीतीश कुमार, नितिन नवीन को विधायकी छोड़ने से पहले क्या कहा जानिए?
बिहार की जनता के साथ अटूट संबंध हमेशा बना रहेगा
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता ने मुझे समस्याएं बताईं और उनके समाधान का मार्ग भी दिखाया। कार्यकर्ताओं ने मुझे भाई, परिवार के सदस्य और अभिभावक के रूप में मार्गदर्शन देते हुए इस मुकाम तक पहुंचाया है। मैं पटना और बिहार की जनता को आश्वस्त करता हूं कि उन्होंने जो पारिवारिक स्नेह और विश्वास मुझे दिया है, उसका मैं सदैव सम्मान करता रहूंगा। आज मैं बिहार विधानसभा के बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य पद से इस्तीफा दे रहा हूँ। पार्टी ने मुझे जो नई जिम्मेदारी दी है, उसके माध्यम से भी मैं अपने क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए सदैव तत्पर और संकल्पित रहूंगा। मेरे कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता के साथ मेरा जो अटूट संबंध है, वह हमेशा बना रहेगा और मुझे निरंतर नई ऊर्जा, प्रेरणा और मार्गदर्शन देता रहेगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.