CM Bihar: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को प्रधानमंत्री मोदी का मिला संदेश; नीतीश-नितिन ने भी दी बधाई
Samrat Choudhary : बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाइयों का सिलसिला चरम पर है। शपथ ग्रहण के समय पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने कंधे पर हाथ रखकर बधाई दी। पीएम मोदी ने भी संदेश भेजा। बाकी दिग्गजों ने भी बधाइयां दीं। आइये जानते हैं किसने क्या कहा?
विस्तार
बिहार में पहली बार भारतीय जनता पार्टी का नेता मुख्यमंत्री बना है। बिहार भाजपा के नेताओं और सम्राट चौधरी के समर्थकों में खुशी की लहर है। पटना में सम्राट के समर्थकों ने जश्न मनाया। इधर सम्राट चौधरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर सम्राट चौधरी जी को बहुत-बहुत बधाई और ढेरों शुभकामनाएं। उनकी ऊर्जा, जनसेवा के प्रति समर्पण और जमीनी अनुभव राज्य के लिए बेहद उपयोगी साबित होने वाला है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके कुशल नेतृत्व में जनता-जनार्दन की आकांक्षाओं को पूरा करते हुए बिहार चौतरफा विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जदयू कोटे से डिप्टी सीएम बने गए दोनों नेताओं को शुभकामना संदेश देते हुए लिखा कि बिहार के उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले विजय कुमार चौधरी जी और बिजेंद्र प्रसाद यादव जी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मुझे पूरा भरोसा है कि इनका जमीनी अनुभव और जनहित को लेकर प्रतिबद्धता बिहार के विकास को नई दिशा और गति देगी। इसके साथ ही राज्य सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के नित-नए मानक स्थापित करेगा।
Bihar New CM: बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने सम्राट, जदयू से विजय चौधरी-बिजेंद्र यादव ने भी ली शपथ
गृह मंत्री अमित शाह ने क्या कहा?
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सम्राट चौधरी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई।
बिहार में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री के रूप में आपके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देता हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA जिस संकल्प भावना के साथ बिहार की जनता की दिन-रात सेवा कर रहा था, मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में उसे और भी गति मिलेगी। साथ ही, एक सुरक्षित एवं विकसित बिहार के निर्माण की दिशा में NDA की डबल इंजन सरकार और अधिक ऊर्जा के साथ कार्य करेगी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने क्या कहा?
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सम्राट चौधरी और उनके साथ उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले विजय कुमार चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव को बहुत-बहुत बधाई। बिहार की यह नई एनडीए टीम ऊर्जा और अनुभव का संगम है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में यह सरकार बिहार की जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के साथ-साथ राज्य के विकास को एक नई बुलंदी पर ले जाएगी। मैं बिहार की इस नई टीम को एक अत्यंत सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देता हूं।
जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने क्या कहा?
पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर सम्राट चौधरी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।
भाजपा अध्यक्ष ने क्या कहा?
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि सम्राट चौधरी जी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'विकसित भारत-विकसित बिहार' के संकल्प को सिद्ध करने हेतु आप पूर्णतः समर्पित भाव से कार्य करेंगे, ऐसा मेरा अटूट विश्वास है।
जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष ने क्या कहा?
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने उम्मीद जताई कि चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास के नए दौर में प्रवेश करेगा। उन्होंने कहा कि विकास की रफ्तार तेज होगी, युवाओं को नए अवसर मिलेंगे, किसानों को सशक्त बनाया जाएगा और समाज के हर वर्ग को समान रूप से प्रगति का लाभ मिलेगा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि हमें आशा ही नहीं, बल्कि पूरा विश्वास है कि आप पर नीतीश कुमार जी और एनडीए विधायक दल ने जो भरोसा जताया है, आप उस पर पूरी तरह खरे उतरेंगे और बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

कमेंट
कमेंट X