Republic Day: गणतंत्र दिवस पर महादलित टोला पहुंचे सीएम नीतीश कुमार, जानिए भाषण देते वक्त क्या-क्या घोषणाएं की?
Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य में सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का माहौल बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। बिहार लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
विस्तार
गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को पटना जिले के फुलवारीशरीफ प्रखंड अंतर्गत अकौना ग्राम पंचायत के मरांची महादलित टोला पहुंचे। यहां आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में टोले के वयोवृद्ध सिद्धेश्वर मांझी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के मौके पर महादलित टोला में आना उनकी परंपरा रही है। वर्ष 2011 में पहली बार इस तरह के आयोजन की शुरुआत की गई थी और तब से लगातार इसमें भाग लिया जा रहा है।
जानिए क्या क्या घोषणाएं की?
मुख्यमंत्री ने कहा कि मरांची महादलित टोला में विकास के कई कार्य किए गए हैं और लोगों की कुछ नई मांगों पर भी काम कराया जाएगा। उन्होंने एलान किया कि इस टोले में सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा मरांची से राज्य उच्च पथ-78 तक सड़क का निर्माण, स्वास्थ्य उपकेंद्र, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और मध्य विद्यालय की चहारदीवारी का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही पंचायत के सभी आहर और पईन का जीर्णोद्धार भी कराया जाएगा।
राष्ट्रीय प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा बिहार
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य में आने वाले पांच वर्षों में और तेजी से विकास होगा। केंद्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है, जिससे बिहार देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा और राष्ट्रीय प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
लाभार्थियों को सौंपा इस योजना का चेक
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अंधता एवं दृष्टिहानि नियंत्रण कार्यक्रम के तहत कपिल पासवान और सुंदरी देवी को चश्मा प्रदान किया। वहीं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की लाभार्थी निशु देवी, जन वितरण प्रणाली की लाभार्थी रेणु देवी और ललेश कुमार को प्रमाण पत्र दिए गए। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की लाभार्थी अंजु देवी और सीमा देवी को डमी चेक भी सौंपे गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री का फूलों की बड़ी माला और प्रतीक चिह्न भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।