Cricket: ईशान कप्तान, वैभव उप कप्तान; बिहारियों के नेतृत्व में दलीप ट्रॉफी में उतरेगी ईस्ट जोन की टीम
बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को दलीप ट्रॉफी 2026-27 के लिए ईस्ट ज़ोन टीम का उप-कप्तान बनाया गया है। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने इसे राज्य के लिए गर्व का क्षण बताते हुए वैभव को बधाई दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार क्रिकेट के लिए गर्व की खबर है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को आगामी दलीप ट्रॉफी 2026-27 के लिए ईस्ट ज़ोन टीम का उप-कप्तान बनाया गया है। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने इस उपलब्धि पर वैभव को बधाई देते हुए इसे राज्य के क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण बताया है। ईस्ट ज़ोन टीम की घोषणा क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) में आयोजित चयन समिति की बैठक के बाद की गई। वहीं बिहार के आयुष लोहारूका को स्टैंडबाय खिलाड़ी के रूप में टीम में शामिल किया गया है। दलीप ट्रॉफी 2026-27 का आयोजन 23 अगस्त से 10 सितंबर तक बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में होगा।
बीसीए अध्यक्ष ने जताई खुशी
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने कहा कि ईस्ट ज़ोन टीम का उप-कप्तान बनाया जाना वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा, मेहनत और लगातार शानदार प्रदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में वैभव का यह मुकाम हासिल करना बिहार क्रिकेट के लिए गर्व की बात है। उन्होंने अपने बेहतरीन प्रदर्शन और खेल के प्रति परिपक्व सोच से चयनकर्ताओं का भरोसा जीता है। बीसीए की ओर से उन्होंने वैभव को हार्दिक बधाई देते हुए दलीप ट्रॉफी के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि वह आगे भी बिहार और देश का नाम रोशन करेंगे।
युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा हैं वैभव
बीसीए के सचिव जियाउल अर्फीन ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी की यह उपलब्धि बिहार के उभरते क्रिकेटरों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ईस्ट ज़ोन टीम का उप-कप्तान चुना जाना वैभव की कड़ी मेहनत, अनुशासन और शानदार क्रिकेट कौशल का प्रमाण है। यह बिहार क्रिकेट एसोसिएशन और राज्य के हर युवा खिलाड़ी के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वैभव दलीप ट्रॉफी में भी शानदार प्रदर्शन करेंगे।
लगातार शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम
वैभव सूर्यवंशी पिछले कुछ समय से घरेलू और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी प्रदर्शन के दम पर वह देश के सबसे प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटरों में अपनी पहचान बना चुके हैं। उनकी नियुक्ति को बिहार क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
दलीप ट्रॉफी 2026-27: ईस्ट ज़ोन टीम
कप्तान: ईशान किशन (झारखंड)
उप-कप्तान: वैभव सूर्यवंशी (बिहार)
टीम में अभिमन्यु ईश्वरन, सुदीप कुमार घरामी, शाहबाज़ अहमद, सूरज सिंधु जायसवाल, मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार (सभी बंगाल), ईशान किशन, कुमार कुशाग्र, शिखर मोहन, अनुकूल रॉय, विराट सिंह (सभी झारखंड), सुभ्रांशु सेनापति (ओडिशा), वैभव सूर्यवंशी (बिहार), डेनिश दास (असम) और अभिजीत सरकार (त्रिपुरा) को शामिल किया गया है।
स्टैंडबाय खिलाड़ियों की सूची
स्टैंडबाय खिलाड़ियों में बिहार के आयुष लोहारूका, त्रिपुरा के श्रीदाम पॉल, ओडिशा के संबित एस. बराल और स्वास्तिक समाल तथा झारखंड के शरनदीप सिंह को जगह दी गई है।
दलीप ट्रॉफी में ईस्ट ज़ोन टीम की अगुवाई कप्तान ईशान किशन करेंगे, जबकि वैभव सूर्यवंशी उप-कप्तान के रूप में टीम की जिम्मेदारी निभाते नजर आएंगे। बिहार क्रिकेट जगत को उनसे इस प्रतिष्ठित घरेलू टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।