Bihar News: घर के सामने पेशाब करने से टोका, तो नशेड़ी भतीजे ने चाचा को चाकू से गोदा; हालत नाजुक उपचार जारी
पूर्णिया के के.नगर थाना क्षेत्र में नशे की हालत में एक युवक ने मामूली विरोध पर अपने ही चाचा पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल चाचा का इलाज जीएमसीएच में चल रहा है, जबकि पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
विस्तार
पूर्णिया में एक मामूली विरोध ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। नशे में धुत एक युवक ने अपने ही सगे चाचा पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने चाचा के शरीर पर छह से अधिक बार वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में गिर पड़े। घायल को इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
घटना के.नगर थाना क्षेत्र के कामाख्या ओपी अंतर्गत सहरा पंचायत की है। घायल की पहचान 60 वर्षीय मनोज कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। इस घटना में उनके पुत्र कन्हैया कुमार गुप्ता और कुंदन गुप्ता भी घायल बताए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें-Bihar News : बाहुबली अनंत सिंह को बड़ी राहत, जेल से आकर लेंगे विधायक पद की शपथ; कोर्ट ने दी अनुमति
पीड़ित मनोज गुप्ता ने बताया कि रविवार शाम वे अपने घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान उनका चचेरा भतीजा अभिषेक गुप्ता नशे की हालत में वहां पहुंचा और घर के सामने पेशाब करने लगा। जब मनोज गुप्ता ने उसे ऐसा करने से रोका और मर्यादा बनाए रखने को कहा, तो अभिषेक उग्र हो गया। बात बढ़ते-बढ़ते विवाद में बदल गई। इसके बाद अभिषेक घर के अंदर से धारदार चाकू लेकर आया और पीछे से मनोज गुप्ता पर हमला कर दिया। उसने एक के बाद एक करीब छह से सात बार चाकू से वार किया।
पीड़ित को हायर सेंटर रेफर कर दिया
मनोज गुप्ता की चीख-पुकार सुनकर जब तक परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, आरोपी फरार हो चुका था। परिजनों ने आनन-फानन में घायल को पूर्णिया जीएमसीएच पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही कामाख्या ओपी प्रभारी राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के एक साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी अभिषेक गुप्ता की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पूर्णिया GMCH में इलाज कराने पहुंचे परिजन