Bihar: मैट्रिक की परीक्षा में लापरवाही पड़ी भारी, धमदाहा में दो केंद्राधीक्षक नपे, ड्यूटी से हटाए गए आठ वीक्षक
Bihar: पूर्णिया के धमदाहा प्रखंड में मैट्रिक परीक्षा के दौरान सुरक्षा और परीक्षा संचालन में भारी लापरवाही पाई गई। एसडीओ अनुपम और एसडीपीओ संदीप गोल्डी ने औचक निरीक्षण किया, जिसमें दो केंद्राधीक्षकों को स्पष्टीकरण देने के लिए नोटिस जारी किया गया और 8 वीक्षकों को तत्काल ड्यूटी से हटाने का आदेश दिया गया।
विस्तार
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक की परीक्षा को कदाचार मुक्त और पारदर्शी बनाने के दावों के बीच पूर्णिया जिले के धमदाहा प्रखंड से एक बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। एसडीओ अनुपम ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें सुरक्षा मानकों और परीक्षार्थियों की जांच में भारी लापरवाही पाई गई। इस गंभीर चूक को देखते हुए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए दो केंद्राधीक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा है और वीक्षण कार्य में तैनात 8 वीक्षकों को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटाने का निर्देश जारी किया है।
फ्रिस्किंग की प्रक्रिया पाई गई ढीली
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को धमदाहा प्रखंड के कुल नौ परीक्षा केंद्रों पर मैट्रिक की परीक्षा सुचारू रूप से संचालित की जा रही थी। जिले के आला अधिकारियों के निर्देश पर एसडीओ अनुपम और एसडीपीओ संदीप गोल्डी संयुक्त रूप से विभिन्न केंद्रों का सघन निरीक्षण कर रहे थे। इसी क्रम में जब अधिकारियों का काफिला महंत मंगनी रामदास उच्च विद्यालय अमारी, आदर्श मध्य विद्यालय अमारी और उच्च विद्यालय धमदाहा पहुंचा, तो वहां प्रवेश द्वार पर होने वाली फ्रिस्किंग की प्रक्रिया अत्यंत ढीली पाई गई।
8 वीक्षकों को ड्यूटी से मुक्त करने का आदेश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि केंद्रों पर तैनात कर्मी और वीक्षक छात्रों की शारीरिक जांच में गंभीरता नहीं बरत रहे थे। नियमानुसार प्रत्येक परीक्षार्थी की सघन तलाशी ली जानी अनिवार्य है, ताकि परीक्षा हॉल के भीतर किसी भी प्रकार की चिट या मोबाइल न जा सके। इसे कर्तव्यहीनता मानते हुए एसडीओ ने संबंधित दो विद्यालयों के केंद्राधीक्षकों से शो-कॉज पूछा है। इसके अतिरिक्त, वीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने वाली 8 महिला वीक्षकों को तत्काल ड्यूटी से मुक्त करने का कड़ा आदेश दिया गया।
परीक्षा की शुचिता से समझौता नहीं
प्रखंड स्तर पर हुई इस बड़ी कार्रवाई की गूंज पूरे जिला मुख्यालय तक सुनाई दे रही है। अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम ने मीडिया को बताया कि पूरे दिन नौ केंद्रों का निरीक्षण किया गया है और भविष्य में भी ऐसी किसी भी चूक पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: बिहार में मोडीफाइड ‘डीजे गाड़ियों’ पर लगेगी रोक, मंत्री ने विधान परिषद में दी जानकारी
परीक्षा केंद्रों पर मचा हड़कंप
इस प्रशासनिक कार्रवाई के बाद धमदाहा के सभी परीक्षा केंद्रों पर हड़कंप मच गया है। अन्य केंद्रों पर तैनात केंद्राधीक्षक और वीक्षक अब अपने कार्यों को लेकर बेहद चौकन्ने हो गए हैं। केंद्रों के बाहर अब पुलिस बल और तैनात कर्मी प्रत्येक छात्र की गहन तलाशी के बाद ही उन्हें भीतर जाने की अनुमति दे रहे हैं। जिला प्रशासन की इस सख्ती ने स्पष्ट कर दिया कि कदाचार मुक्त परीक्षा के संकल्प में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.