Bihar: प्रखंड सहकारिता अधिकारी की पत्नी की संदिग्ध मौत, पंखे से लटका था शव; MP पप्पू यादव के घर के पास की घटना
Purnea News: पूर्णिया में प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी की पत्नी का शव संदिग्ध स्थिति में फंदे से लटका मिला। बताया गया कि मृतका मां के निधन और जमीन हस्तांतरण को लेकर तनाव में थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
पूर्णिया में किराए के मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला की मौत हो गई। महिला का शव कमरे में पंखे से लटका हुआ पाया गया। जिसके बाद आनन-फानन में रस्सी काटकर उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर लाश को पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, घटना केहाट थाना क्षेत्र के हवाई अड्डा रोड स्थित सांसद पप्पू यादव के आवास के पास हुई है। मृतका की पहचान खगड़िया जिले के महेशखूंट निवासी चंदन कुमार की 30 वर्षीय पत्नी मन्नू कुमारी के रूप में हुई है। चंदन कुमार वर्तमान में बीकोठी प्रखंड में प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। मृतका मन्नू कुमारी का मायका बेगूसराय के बिहपुर थाना क्षेत्र के सौराही गांव में है। उसके पिता राम बालक पासवान इस घटना की खबर सुनकर स्तब्ध हैं।
मृतका के ससुर और सेवानिवृत्त एएसआई शिवशंकर पासवान ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार सुबह सब कुछ सामान्य था। मन्नू अपने पति चंदन के साथ बैठकर टीवी देख रही थी। इसी दौरान उसने सिर में तेज दर्द की शिकायत की और आराम करने के बहाने अपने कमरे में चली गई।
अंदर से कमरा बंद कर लेने के काफी देर बाद जब मकान मालकिन ने किसी काम के सिलसिले में मन्नू को फोन किया, तो उसने कॉल उठा नहीं। जब बार-बार फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, तब पति चंदन कुमार कमरे के पास पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर संदेह गहराया और स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। कमरे के अंदर का नजारा भयावह था। मन्नू का शव पंखे के सहारे फंदे से लटक रहा था। आनन-फानन में रस्सी काटकर उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
पढ़ें- Bihar News: तालाब से मिली विवाहिता की लाश, बंधे थे हाथ-पैर; हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका
परिजनों के अनुसार, मन्नू पिछले एक साल से गहरे मानसिक अवसाद से गुजर रही थी। करीब एक साल पहले उसकी मां सुनंदा कुमारी का निधन हो गया था, जिसके बाद से वह काफी परेशान और गुमसुम रहने लगी थी।
ससुर का मानना है कि संभवतः इसी तनाव के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। वहीं, बताया जा रहा है कि लगभग दो वर्ष पूर्व चंदन कुमार ने पटना में एक कीमती जमीन अपनी पत्नी मन्नू के नाम पर खरीदी थी। हालांकि हाल ही में उस जमीन को चंदन ने दोबारा अपने नाम पर हस्तांतरित करवा लिया था। लेकिन ससुर का कहना है कि मन्नू के कहने पर ही चंदन जमीन अपने नाम करवाया था।
सूचना मिलते ही केहाट थाना की एसआई नेहा कुमारी और पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और तत्काल पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही मौत के सही समय और कारणों की पुष्टि हो पाएगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.