सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   samrat choudhary samriddhi yatra purnia once kidnapping hub now development and good governance bihar

Bihar: 'कभी अपहरण का गढ़ था पूर्णिया',समृद्धि यात्रा में सम्राट चौधरी बोले- अब विकास और सुशासन है नई पहचान

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना Published by: Ashutosh Pratap Singh Updated Thu, 12 Mar 2026 04:40 PM IST
विज्ञापन
सार

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने समृद्धि यात्रा के दौरान पूर्णिया और कटिहार में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में अपहरण का बड़ा कारोबार चलता था और उसका केंद्र पूर्णिया था।

samrat choudhary samriddhi yatra purnia once kidnapping hub now development and good governance bihar
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में अपहरण का बड़ा कारोबार चलता था और उसका केंद्र पूर्णिया हुआ करता था। उस समय अपराधी घटना को अंजाम देकर पूर्णिया और सीमांचल के रास्ते दूसरे राज्यों और पड़ोसी देशों की ओर भाग जाते थे। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में न्याय के साथ विकास और सुशासन की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार बनी, तब अपराधियों को चुन-चुनकर जेल भेजने का काम किया गया। समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ पूर्णिया और कटिहार पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने पूर्णिया के इंदिरा गांधी खेल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित किया।
Trending Videos


महिलाएं अब खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आज राज्य में महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। महिलाएं गांवों में भी बिना डर के रह रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में बुनियादी सुविधाओं का बहुत अभाव था। उस समय गांवों में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाएं नहीं थीं। इसी कारण लोगों को दूसरे राज्यों में काम की तलाश में जाना पड़ता था।
विज्ञापन
विज्ञापन


सड़कों के निर्माण में हुआ बड़ा बदलाव

सम्राट चौधरी ने कहा कि उस समय राज्य में केवल छह हजार किलोमीटर सड़कें थीं। लोग कहते थे कि सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार ने करीब एक लाख चालीस हजार किलोमीटर सड़कों का निर्माण कराया है। उन्होंने यह भी बताया कि बिहार का बजट कभी छह हजार करोड़ रुपये हुआ करता था, जो आज बढ़कर लगभग साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये हो गया है।

बिजली व्यवस्था में भी आया बड़ा परिवर्तन

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली के क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव हुआ है। वर्ष 2005 से पहले बिहार में केवल सत्रह लाख बिजली उपभोक्ता थे, जबकि अब यह संख्या बढ़कर दो करोड़ सोलह लाख हो गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में बाइस से चौबीस घंटे तक बिजली की आपूर्ति हो रही है और एक सौ पच्चीस इकाई तक बिजली निःशुल्क दी जा रही है। इसके कारण लगभग अठासी प्रतिशत उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य आ रहा है।

पढ़ें: पूर्णिया में मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा आज: 485 करोड़ की योजनाओं की देंगे सौगात, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पूर्णिया में हवाई अड्डा और नई सड़कें

सम्राट चौधरी ने कहा कि पूर्णिया में हवाई अड्डा बनने के बाद अब यहां से लोग हवाई यात्रा कर रहे हैं। इसके अलावा खगड़िया से पूर्णिया तक चार लेन सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है और पूर्णिया से पटना तक तेज गति मार्ग का निर्माण भी कराया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बुनियादी सुविधाओं के बाद अब सरकार बिहार को उद्योग का बड़ा केंद्र बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है।

कटिहार में भी विकास योजनाओं का जिक्र

कटिहार के प्राणपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पटना से कटिहार आने में लगभग दस घंटे लगते थे, लेकिन अब चार से पांच घंटे में यह दूरी तय हो जाती है। उन्होंने बताया कि स्वर्ण मार्ग, पूर्व-पश्चिम मार्ग, पटना-पूर्णिया तेज गति मार्ग और खगड़िया-पूर्णिया चार लेन सड़क जैसी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि कटिहार पहले से ही रेल का प्रमुख केंद्र रहा है और गंगा पर पुल बनने के बाद यह सड़क मार्ग से भी महत्वपूर्ण केंद्र बन गया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के माध्यम से करीब दो करोड़ महिलाओं को रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के सभी प्रखंडों में स्नातक स्तर के महाविद्यालय खोलने की दिशा में भी काम किया जाएगा। सम्राट चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार यात्राओं के माध्यम से जनता से सीधे संवाद करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन में बिहार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ता रहेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed