Bihar Election 2025: 'बिहार की सड़कें अमेरिका से बेहतर होंगी', चुनावी सभा के दौरान नितिन गडकरी का बयान; जानें
Bihar Election: गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार के पास विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। बस जरूरत है ईमानदार नेतृत्व और जनसेवा की भावना से काम करने वाले जनप्रतिनिधियों की।
विस्तार
छपरा जिले के मांझी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जलालपुर स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में रविवार को एनडीए गठबंधन की एक विशाल चुनावी सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सारण जिला जदयू के जिलाध्यक्ष वैजनाथ प्रसाद सिंह विकल ने की।
सभा में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बिहार में अब विकास की गति रुकने वाली नहीं है। भारत में सड़कों का नेटवर्क दुनिया में सबसे तेज़ी से बढ़ रहा है, और आने वाले समय में बिहार की सड़कें अमेरिका से भी बेहतर होंगी।
गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार के पास विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। बस जरूरत है ईमानदार नेतृत्व और जनसेवा की भावना से काम करने वाले जनप्रतिनिधियों की। उन्होंने बताया कि देश अब कोयले की कालिख से निकलकर स्वच्छ ऊर्जा, सौर ऊर्जा और हाइड्रोजन ईंधन की दिशा में आगे बढ़ चुका है। आने वाला भारत आत्मनिर्भर और तकनीकी रूप से सशक्त बनेगा।
पढ़ें: कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी का समस्तीपुर में रोड शो, उमड़ा जन सैलाब; पप्पू यादव भी रहे साथ
सभा को संबोधित करते हुए गडकरी ने जनता से एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी रणधीर सिंह को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आगामी 6 नवंबर को एक नंबर के तीर पर बटन दबाकर रणधीर सिंह को विधानसभा भेजें, ताकि क्षेत्र का समग्र विकास हो सके। इस अवसर पर महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, पूर्व लोजपा प्रत्याशी केशव सिंह, भाजपा नेता हरिमोहन सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, पूर्व प्रमुख अनिल पांडेय, पूर्व मुखिया देवेंद्र सिंह सहित एनडीए गठबंधन के हजारों कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।