Bihar Election: 'बिहार को अब गुजराती नहीं, बिहारी चलाएंगे', तेजस्वी यादव का पीएम मोदी-शाह पर तंज; NDA को घेरा
Bihar Election: तेजस्वी ने एनडीए पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि ये हमारे कामों की नकल कर रहा है। हमारी योजनाओं को अपने घोषणापत्र में डाल रहा है, लेकिन बिहार की जनता सब कुछ समझ रही है और अब झूठे वादों में आने वाली नहीं है।
विस्तार
राजद नेता और महागठबंधन के मुखिया तेजस्वी यादव ने सोमवार को सारण जिले के एकमा विधानसभा क्षेत्र के जनता बाजार स्थित श्री ढोढनाथ उच्च विद्यालय के मैदान में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि “अब बिहार को गुजराती नहीं, बल्कि बिहारी चलाएंगे।” तेजस्वी के इस बयान पर सभा में मौजूद हजारों लोगों ने जोरदार तालियों से स्वागत किया।
महागठबंधन के उम्मीदवार श्रीकांत यादव के समर्थन में आयोजित इस सभा में तेजस्वी यादव ने कहा कि बीते 20 वर्षों से सत्ता में रहे लोगों ने बिहार के युवाओं के लिए कुछ नहीं किया, जबकि हमने मात्र 20 महीनों में वह सब कर दिखाया, जो वे दो दशक में नहीं कर सके। उन्होंने जनता से अपील की कि इस बार महागठबंधन को मौका दिया जाए ताकि बिहार की दिशा और दशा बदली जा सके।
तेजस्वी ने एनडीए पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि ये हमारे कामों की नकल कर रहा है। हमारी योजनाओं को अपने घोषणापत्र में डाल रहा है, लेकिन बिहार की जनता सब कुछ समझ रही है और अब झूठे वादों में आने वाली नहीं है।
पढे़ं: 'विधायक ने लोगों को लूटा, अब जनता सिखाएगी सबक', राघोपुर में तेज प्रताप का तेजस्वी यादव पर वार
राजद नेता ने युवाओं और महिलाओं के लिए कई वादे किए। उन्होंने कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी तो हर परिवार से एक सदस्य को नौकरी देने का वादा पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ‘माई बहिन योजना’ शुरू की जाएगी, जिससे उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।
सभा के दौरान तेजस्वी यादव ने महागठबंधन प्रत्याशी श्रीकांत यादव को विजय माला पहनाई और जनता से उन्हें भारी मतों से जीताने की अपील की। उन्होंने कहा, “एकमा में श्रीकांत यादव और बनियापुर में चांदनी देवी को जिताना बिहार के विकास की दिशा में जनता का कदम होगा। अपने भाषण के अंत में तेजस्वी यादव ने कहा कि यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि बिहार की अस्मिता का चुनाव है। जो लोग वर्षों तक बिहार को लूटते रहे, अब उन्हें जनता जवाब देगी।