Bihar News: सीवान में 17 साल के छात्र की संदिग्ध अवस्था में मौत, कमरे में मिला शव; पूरे इलाके में सनसनी
Bihar News: थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक आत्महत्या या हत्या के कोई ठोस सबूत नहीं मिले हैं। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
विस्तार
सीवान के महादेव नई बस्ती में 17 वर्षीय छात्र सत्यम कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सत्यम महावीरी विजयहाता विद्यालय में 10वीं कक्षा का छात्र था और पढ़ाई के लिए अपने घर की पहली मंजिल पर अकेले रहता था। घटना महादेवा ओपी थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
सत्यम के पिता जितेंद्र सिंह और अन्य परिजन जयपुर में रहते हैं। सत्यम का स्थायी पता जिगना ढाला, मीरगंज थाना गोपालगंज है। पढ़ाई के सिलसिले में वह सीवान आया था। जानकारी के अनुसार, ग्राउंड फ्लोर पर किरायेदार रहते हैं, जबकि सत्यम अकेले ऊपर के कमरे में रहता था। बताया जाता है कि वह पढ़ाई में मेधावी था और अपने भविष्य को लेकर गंभीर था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, गुरुवार देर रात सत्यम को संदिग्ध हालत में कमरे में पाया गया। पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची महादेवा ओपी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पढ़ें; नीतीश की महिला रोजगार योजना से बदली प्रदेश की तस्वीर, 75 लाख महिलाओं को मिला 10-10 हजार
थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक आत्महत्या या हत्या के कोई ठोस सबूत नहीं मिले हैं। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। सत्यम के परिजन को जयपुर से बुलाया गया है, जो घटना की खबर मिलते ही सदमे में हैं।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर चर्चाओं का माहौल है। कुछ लोग इसे पढ़ाई के दबाव या अकेले रहने से जोड़कर देख रहे हैं, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही सच सामने लाया जाएगा।
सत्यम के स्कूल के सहपाठियों और शिक्षकों ने उसकी असामयिक मौत पर गहरा शोक जताया है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास मामले से जुड़ी कोई जानकारी हो, तो वह थाने को अवगत कराए। फिलहाल, जांच जारी है।