Bihar: सीवान में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, 4 राउंड फायरिंग के बाद दो शातिर गिरफ्तार
Bihar: सीवान के बसंतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में चार राउंड फायरिंग हुई, जिसमें दो शातिर बदमाश पैरों में गोली लगने से घायल हो गए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
विस्तार
सीवान-पटना भाया मलमलिया मुख्य मार्ग पर बसंतपुर थाना क्षेत्र के लहेजी गांव के पास पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि जिले में अपराध करने वालों के लिए अब कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है। गुप्त सूचना के आधार पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने जिस सतर्कता और तेजी से कार्रवाई की, उसने दो शातिर अपराधियों के मंसूबों को मौके पर ही चकनाचूर कर दिया। बाइक पर सवार दोनों बदमाश पुलिस को देखते ही भागने लगे, लेकिन यह भूल गए कि अब पुलिस भी पूरी तैयारी और रणनीति के साथ मैदान में उतर चुकी है।
बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग
पीछा किए जाने पर अपराधियों ने अपनी असली औकात दिखाते हुए पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। करीब चार राउंड गोलियां चलाई गईं, मानो वो कानून को खुली चुनौती दे रहे हों। लेकिन इस बार जवाब भी उतना ही सख्त और सटीक मिला। पुलिस ने बिना देर किए जवाबी फायरिंग की और दोनों अपराधियों को भागने का कोई मौका नहीं दिया। नतीजा यह हुआ कि दोनों के पैर में गोली लगी और वहीं उनकी ‘दबंगई’ खत्म हो गई।
बदमाशों की हुई पहचान
घायल अपराधियों की पहचान बड़हरिया थाना क्षेत्र के सदरपुर निवासी 25 वर्षीय रोहित कुमार शर्मा और चौकी हसन गांव निवासी 19 वर्षीय रोहित कुमार कुशवाहा उर्फ रिशु के रूप में हुई है। दोनों को पुलिस ने तत्काल हिरासत में लेकर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। पुलिस अभिरक्षा में एम्बुलेंस से उन्हें भेजा गया, जिससे साफ है कि प्रशासन किसी भी स्तर पर ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है।
कबूला जुर्म
पूछताछ में जो खुलासे हुए हैं, वे चौंकाने वाले हैं बदमाश रोहित कुमार शर्मा ने कबूल किया है कि वह बसंतपुर के खोड़ीपाकड़ ज्वेलरी दुकान लूटकांड के साथ-साथ हाल ही में हुए अरुण ज्वेलर्स लूटकांड में भी शामिल रहा है। इतना ही नहीं, वह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय रहा है और बगोरा, हैदराबाद सहित कई इलाकों में लूट की वारदातों को अंजाम दे चुका है। वहीं, उसका साथी रोहित उर्फ रिशु भी अरुण ज्वेलर्स लूटकांड में शामिल रहा है। यानी पुलिस ने सिर्फ दो अपराधियों को नहीं पकड़ा, बल्कि एक बड़े आपराधिक नेटवर्क की परतें खोल दी हैं।
दोनों की हालत स्थिर
वहीं, मुठभेड़ के बाद इलाज के लिए दोनों बदमाशों को सदर अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर आलोक कुमार सिन्हा के अनुसार, रोहित शर्मा को दोनों पैरों में गोली लगी है, जबकि रिशु के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली आर-पार हो गई है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया है।
बदमाशों को पुलिस का संदेश
यह मुठभेड़ सिर्फ एक कार्रवाई नहीं, बल्कि एक सख्त संदेश है अब गोली का जवाब गोली से मिलेगा, और कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सीवान पुलिस का यह तेवर साफ बता रहा है कि अपराधियों के दिन अब गिनती के रह गए हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.