Bihar News: सीवान में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, राजस्व कर्मचारी 15 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
हसनपुरा में विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वहां तैनात राजस्व कर्मचारी दिलीप कुमार सिन्हा को 15 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
विस्तार
सीवान के हसनपुरा प्रखंड क्षेत्र के गोपालपुर गांव में शुक्रवार को विजिलेंस की छह सदस्यीय टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व कर्मचारी दिलीप कुमार सिन्हा को 15 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथों दबोच लिया। दिलीप के निजी कार्यालय पर छापेमारी के दौरान टीम ने वहां मौजूद एक निजी कंप्यूटर ऑपरेटर धनंजय को भी हिरासत में ले लिया है। विजिलेंस टीम का नेतृत्व डीएसपी श्याम बाबू कर रहे थे।
डीएसपी ने बताया कि हसनपुरा निवासी शिकायतकर्ता श्रेषराज सिंह ने 10 नवंबर को विजिलेंस में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि दिलीप कुमार सिन्हा द्वारा परिमार्जन के नाम पर 65 हजार रुपये की अवैध मांग की जा रही है। शिकायतकर्ता का आरोप था कि पैसे नहीं देने पर दिलीप ने उनके आवेदन को दो बार रद्द कर दिया। इसके बाद दिलीप ने पार्ट वाइज रुपये देने की बात कही, जिसके तहत पहले चरण में 15 हजार रुपये की मांग की गई थी।
जांच में शिकायत सत्य पाई गई
शिकायत की जांच के लिए विजिलेंस टीम ने गोपनीय रूप से सत्यापन कराया। जांच में शिकायत सत्य पाई गई, जिसके बाद 26 नवंबर को दिलीप के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। शुक्रवार को तय योजना के तहत छह सदस्यीय टीम गोपालपुर स्थित दिलीप के निजी कार्यालय पर पहुँची। इसी दौरान शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये लेते हुए दिलीप को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। मौके से एक निजी ऑपरेटर धनंजय को भी पूछताछ के लिए सीवान परिसदन लाया गया।
पटना विजिलेंस दफ्तर ले जाया जाएगा
डीएसपी श्याम बाबू ने बताया कि दिलीप और धनंजय दोनों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच के बाद दिलीप को हिरासत में लेकर पटना विजिलेंस दफ्तर ले जाया जाएगा। यदि जांच में धनंजय की संलिप्तता साबित होती है तो उसे भी विधि-सम्मत कार्रवाई के तहत पटना ले जाया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद जेल भेजा जाएगा।
ये भी पढ़ें- Bihar: सीएम नीतीश कुमार PMCH में क्यों? दिन में महिलाओं को 10 हजार भेजे, अब राज्य के सबसे बड़े अस्पताल पहुंचे
विजिलेंस की इस कार्रवाई से प्रखंड क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। ग्रामीणों ने इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम बताया है और उम्मीद जताई है कि ऐसे कदमों से सरकारी कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी।