Bihar News: शौच के लिए निकला युवक तेज बहाव में लापता, तलाश में जुटे पुलिस-ग्रामीण
सारण जिले के मांझी प्रखंड के महम्मदपुर पश्चिम पट्टी गांव में शुक्रवार शाम दहा नदी में डूबने से मनीष मल्लाह उर्फ नेपाली लापता हो गया। बताया गया कि वह नदी किनारे शौच के लिए गया था, तभी फिसलन भरे किनारे पर पैर फिसलने से गहरे पानी में जा गिरा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सारण जिले के मांझी प्रखंड के महम्मदपुर पश्चिम पट्टी गांव में शुक्रवार शाम दहा नदी में डूबने से एक युवक लापता हो गया। बताया जा रहा है कि युवक नदी किनारे शौच के लिए गया था, तभी फिसलन भरे किनारे पर उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव वाले गहरे पानी में जा गिरा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों तथा गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी। हालांकि, खबर लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में भी शोक व चिंता का माहौल है।
शौच के लिए नदी किनारे गया था युवक
डूबे युवक की पहचान मांझी प्रखंड के महम्मदपुर पश्चिम पट्टी गांव निवासी मनीष मल्लाह उर्फ नेपाली के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार शाम मनीष नदी के किनारे शौच के लिए गया था। इसी दौरान नदी के ढलान वाले किनारे पर उसका पैर अचानक फिसल गया। बारिश और नमी के कारण नदी का किनारा काफी फिसलन भरा था।
मनीष जब तक खुद को संभाल पाता, तब तक वह गहरे पानी में जा गिरा। नदी का बहाव तेज होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका और देखते ही देखते पानी की तेज धार में ओझल हो गया। पास मौजूद लोगों ने उसे डूबते देखा तो शोर मचाकर आसपास के लोगों को जानकारी दी। हालांकि, जब तक लोग उसे बचाने के लिए नदी में उतरते, वह गहरे पानी में लापता हो चुका था।
पुलिस और ग्रामीणों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। नदी में पानी का स्तर अधिक होने और अंधेरा होने के कारण खोज एवं बचाव अभियान में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एनडीआरएफ या एसडीआरएफ की टीम बुलाने की तैयारी
मांझी थानाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि युवक की तलाश के लिए पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और स्थानीय स्तर पर खोजबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर खोज अभियान को तेज करने के लिए एनडीआरएफ या एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया जा सकता है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मनीष के नदी में डूबने की खबर मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और युवक के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।
प्रशासन ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और नदी के तेज बहाव वाले तथा खतरनाक किनारों से दूर रहने की अपील की है। फिलहाल पुलिस और ग्रामीणों की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है।