{"_id":"69be7369baccc8499b0e8f4e","slug":"video-of-gopalganj-sub-inspector-buying-liquor-from-up-shop-goes-viral-bihar-news-police-saran-news-c-1-1-noi1232-4074530-2026-03-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: दारोगा का शराब पीते-खरीदते वीडियो वायरल, शराबबंदी कानून पर उठे सवाल; जांच शुरू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: दारोगा का शराब पीते-खरीदते वीडियो वायरल, शराबबंदी कानून पर उठे सवाल; जांच शुरू
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोपालगंज
Published by: सारण ब्यूरो
Updated Sat, 21 Mar 2026 08:18 PM IST
विज्ञापन
सार
गोपालगंज जिले में एक सब इंस्पेक्टर का शराब पीते और खरीदते हुए वीडियो वायरल होने के बाद बिहार में शराबबंदी कानून पर सवाल खड़े हो गए हैं। फुलवरिया थाने में तैनात दारोगा अवधेश प्रसाद वीडियो में वर्दी की मर्यादा तोड़ते नजर आ रहे हैं।
गोपालगंज में दारोगा का शराब पीते-खरीदते वीडियो वायरल,
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
Trending Videos
बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को लेकर एक बार फिर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सख्त निर्देशों के बावजूद, कानून को लागू करने की जिम्मेदारी संभालने वाले ही इसकी धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला गोपालगंज जिले का है, जहां एक दारोगा का शराब पीते और खरीदते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
वर्दी को शर्मसार करता वीडियो
मामला गोपालगंज के फुलवरिया थाने से जुड़ा है, जहां पदस्थापित सब इंस्पेक्टर अवधेश प्रसाद का एक वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में दारोगा न केवल वर्दी की मर्यादा को ताक पर रखकर शराब पीते दिख रहे हैं, बल्कि वे शराब खरीदकर अपनी गाड़ी की डिक्की में रखते हुए भी नजर आ रहे हैं। बिहार जैसे राज्य में, जहां शराब की एक बूंद मिलना भी अपराध की श्रेणी में आता है, वहां एक पुलिस अधिकारी की ऐसी संलिप्तता ने विभाग की साख पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस विभाग में मचा हड़कंप
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। हालांकि, चर्चा यह भी है कि वीडियो कुछ समय पुराना हो सकता है, क्योंकि दारोगा ने हाफ जैकेट पहन रखी है, जो ठंड के मौसम की ओर इशारा करता है। लेकिन कानून की नजर में अपराध की प्रकृति नहीं बदलती। सोशल मीडिया पर लोग पुलिस प्रशासन की जमकर आलोचना कर रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं, तो शराबबंदी कैसे सफल होगी?
ये भी पढ़ें: गोपालगंज के थावे दुर्गा मंदिर में प्रसाद को लेकर विवाद, मारपीट में कई श्रद्धालु घायल
वरीय अधिकारियों ने लिया संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लिया है। हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने पुष्टि की है कि वायरल वीडियो की गहराई से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि वीडियो किस समय और कहां का है, इसकी पुष्टि की जा रही है। साथ ही, एफएसएल और अन्य तकनीकी माध्यमों से वीडियो की प्रामाणिकता की जांच कराई जाएगी।
दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई के संकेत
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित सब इंस्पेक्टर के खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बिहार में शराबबंदी कानून को लेकर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति रही है। ऐसे में एक पुलिस अधिकारी का यह कृत्य न केवल अनुशासनहीनता है, बल्कि सरकार के संकल्पों को सीधी चुनौती भी है।