बिहार: रामलीला के दौरान दुर्गा पूजा पंडाल में लगी आग, पांच बच्चों समेत 10 झुलसे; उपचार चल रहा
बिहार के सीवान जिले के रसूलपुर गांव में रामलीला के मंचन के दौरान दुर्गा पूजा पंडाल में आग लगने से पांच बच्चों समेत 10 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से झुलसे पांच बच्चों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
विस्तार
बिहार के सीवान जिले में रामलीला के मंचन के दौरान दुर्गा पूजा पंडाल में आग लगने से पांच बच्चों समेत कम से कम 10 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। घटना मंगलवार शाम बड़हरिया थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में हुई।
सीवान के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भारत सोनी ने पीटीआई को बताया, “इस घटना में पांच बच्चों समेत 10 लोग घायल हुए हैं। सभी को नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, गंभीर रूप से झुलसे पांच बच्चों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।”
ये भी पढ़ें- बिहार: कृषि प्रखंड विकास पदाधिकारी की मौत पर क्यों मचा हंगामा, किस डॉक्टर पर लगा आरोप, क्या आया जवाब?
एसपी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) और बड़हरिया के थानाध्यक्ष (एसएचओ) मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अधिकारी घायलों की पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने घटना की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की है। साक्ष्य जुटाने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया है।
सोनी ने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारी आयोजनकर्ताओं के बयान भी दर्ज कर रहे हैं।