लोकसभा चुनाव 2019: जींद में बोलीं हेमा मालिनी, मोदी के काम से जनता खुश, विरोधी परेशान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम से जनता खुश है और विरोधी परेशान हैं। आज कोई भी विरोधी देश भारत की तरफ आंखें उठाकर देखने की हिम्मत नहीं कर पा रहा है। ऐसे में फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना जरूरी है। यह बात मथुरा से भाजपा की उम्मीदवार हेमा मालिनी ने सोनीपत से उम्मीदवार रमेश कौशिक के हक में टाउन हॉल में आयोजित जनसभा में कही।
हेमा मालिनी ने अपने संबोधन की शुरुआत राधे-राधे से की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में देश के हालात बहुत खराब हो गए थे। ऐसा लग रहा था कि अब क्या होगा। देश में आतंकवाद, भ्रष्टाचार चरम पर था। देश की आर्थिक हालत खराब हो चुकी थी, लेकिन 2014 में देश में आई मोदी लहर ने देश को कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति दिलाकर देश को नई दिशा दी।
कांग्रेस के शासनकाल में मुंबई में इतना बड़ा हमला हुआ, लेकिन कांग्रेस ने आतंकवाद के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 दिन में ही पुलवामा हमले का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि विरोधी दलों के लोग बहलाने का प्रयास करेंगे, लेकिन आप उनकी बातों में नहीं आएं।
बसंती के डायलॉग से खुश हुए लोग
संबोधन के दौरान लोगों ने कोई डायलॉग बोलने के लिए कहा तो हेमा मालिनी ने कहा कि मोदी के डायलॉग बोल तो रही हूं। अपने भाषण के अंत में उन्होंने कहा ‘चल धन्नो आज तेरी बसंती की इज्जत का सवाल है और सोनीपत से रमेश कौशिक को जिता देना नहीं तो बसंती नाराज हो जाएगी।’
जब ड्रीम गर्ल को आया गुस्सा
गुस्से को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाली हेमा मालिनी को जींद दौरे पर भी कई बार गुस्से में नजर आईं। इससे लोग भी असहज नजर आए। दरअसल एकलव्य स्टेडियम में उनका हेलिकॉप्टर उतरते ही एक युवक ने सेल्फी लेने का प्रयास किया। इस पर हेमा मालिनी ने युवक को हड़काते हुए बदतमीज तक कह डाला।
वहीं जब वे मंच पर आईं तो एक युवक ने उनके साथ सेल्फी लेने का प्रयास किया। इस पर हेमा मालिनी ने युवक को धक्का देकर दूर कर दिया। जब हेमा मालिनी मंच पर पहुंची तो लोग उनकी फोटो लेने लगे। इस पर उन्होंने सुरक्षा कर्मियों से लोगों को मंच के पास से हटाने के लिए कहा।
दस मिनट का भाषण, सवा दो घंटे इंतजार
लोगों को हेमा मालिनी के कार्यक्रम की सूचना सुबह 11 बजे की दी गई थी। ऐसे में गर्मी के बावजूद काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता 11 बजे से पहले ही टाउन हॉल पहुंच गए, लेकिन मंच से बार-बार हेमा मालिनी के आने की घोषणा होती रही। वे दोपहर बाद 1:20 बजे सभा स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने अपने भाषण में भी गर्मी का जिक्र किया और दस मिनट में ही भाषण निपटा दिया।
अब मेरी पहचान फिल्मी नहीं भाजपा नेता की है
हेमा मालिनी ने कहा कि उन्हें भाजपा के साथ अपने आप पर गर्व हो रहा है। उन्होंने काफी लंबे समय तक फिल्मों में काम किया, इसलिए लोग उन्हें फिल्म अभिनेत्री के तौर पर जानते थे, लेकिन अब उनकी पहचान फिल्मी नहीं नेता की है।