{"_id":"699346f99dfb0a23ef0faf13","slug":"uncontrolled-bike-hits-tree-17-year-old-youth-dies-tragically-in-the-accident-ambikapur-news-c-1-1-noi1493-3960310-2026-02-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ambikapur: पेड़ से टकराई बेकाबू बाइक, हादसे में 17 वर्षीय युवक की मौत, दो अन्य साथी घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ambikapur: पेड़ से टकराई बेकाबू बाइक, हादसे में 17 वर्षीय युवक की मौत, दो अन्य साथी घायल
अमर उजाला नेटवर्क, अंबिकापुर
Published by: अंबिकापुर ब्यूरो
Updated Mon, 16 Feb 2026 10:36 PM IST
विज्ञापन
सार
सूरजपुर जिले में सकलपुर के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बरगद के पेड़ से टकरा गई। इस भीषण हादसे में 17 वर्षीय बाइक सवार किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार दो अन्य नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाइवे पर स्थित सकलपुर में तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराने से एक किशोर की मौत हो गई। तेज गति के कारण बाइक बेकाबू होकर बरगद के पेड़ से जा टकराई। हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार दो अन्य नाबालिग घायल बताए जा रहे हैं।
Trending Videos
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीनों किशोर एक ही बाइक पर सवार होकर तेज गति से बनारस रोड की ओर जा रहे थे। बाइक की रफ्तार इतनी अधिक थी कि अचानक संतुलन बिगड़ते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। कुछ ही सेकंड में बाइक सीधे सड़क किनारे खड़े पुराने बरगद के पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सवार कई फीट दूर जा गिरे। टक्कर की भयावह आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। सड़क पर खून से लथपथ पड़े किशोरों को देखकर हर कोई सन्न रह गया। तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
तेज रफ्तार बनी दुर्घटना की मुख्य वजह
हादसे में चालक सोनू अगरिया, निवासी बोझा को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके साथ सवार मनीष अगरिया एवं ओम प्रकाश अगरिया (13 वर्ष) को भी चोटें आई हैं। जहां दोनों का इलाज जारी है। डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।
हादसे से परिवार में मचा कोहराम
हादसे के बाद मृतक सोनू के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दो अन्य परिवार अपने घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। सकलपुर और आसपास के गांवों में शोक और चिंता का माहौल है।