कोरबा में हिट एंड रन: डॉक्टर पर हादसे के बाद ट्रांसपोर्टर का बेटा चढ़ा रहा था कार, पसली की हड्डी व अंगूठा टूटा
नाबालिग चालक ने शक्ति डिक्सेना की कार को टक्कर मारी, जिससे वे गंभीर घायल हुए। नाबालिग ने उन पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास भी किया। पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया मेन सड़क, उमेंदीभांठा के पास रात में एक हिट एंड रन की घटना सामने आई है। एक तेज रफ्तार कार चलाने वाले नाबालिग चालक ने सामने से आ रही डॉक्टर की कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में जिला अस्पताल कोरबा में पदस्थ एमबीबीएस सर्जन डॉ. शक्ति डिक्सेना गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी नाबालिग के वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
घटना की रात लगभग 8 बजे डॉ. शक्ति डिक्सेना अपने घर हरदीबाजार से खाना खाकर जमनीपाली दर्री स्थित अपने निवास जा रहे थे। रलिया के आगे देव माइनिंग कंपनी के पास पहुंचते ही भिलाई बाजार की तरफ से आ रही एक काले रंग की किया कंपनी की कार ने लापरवाही पूर्वक तेज गति से उनकी कार को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी कार का एयरबैग खुल गया। हालांकि, स्टीयरिंग से टकराने के कारण उनके सीने की दो पसली और अंगूठा फ्रैक्चर हो गया। उन्हें पेट, गला और दोनों हाथ की कलाई में भी गंभीर चोटें आईं।
डॉ. शक्ति ने बताया कि टक्कर के बाद जब वह अपनी कार से बाहर निकले, तो आरोपी चालक ने अपनी गाड़ी पीछे कर उन पर चढ़ाने का प्रयास किया। डरकर वह सड़क से खेत की तरफ भागे, जिससे उनकी जान बच गई। बाद में उन्होंने इस घटना की सूचना अपने परिजनों को दी। इसके बाद हरदीबाजार थाने पहुंचकर उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने बताया कि वाहन मालिक एक कोयला ट्रांसपोर्टर हैं और उनके छोटे पुत्र द्वारा कार चलाई जा रही थी। कार में दो अन्य नाबालिग भी सवार थे।
हरदीबाजार थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि कार चालक नाबालिग है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त किया कार क्रमांक सीजी-12 बीई-1430 को जब्त कर लिया है। नाबालिग चालक की परामर्श और विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस वाहन मालिक से भी पूछताछ कर रही है कि नाबालिग को वाहन कैसे दिया गया। पुलिस ने कहा कि इस मामले में जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और तेज रफ्तार पर गहरी चिंता व्यक्त की है। लोगों का कहना है कि कोयला ट्रांसपोर्टरों के बच्चे अक्सर बिना लाइसेंस गाड़ियां चलाते हैं। इससे आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। क्षेत्र के लोगों ने पुलिस प्रशासन से इस गंभीर समस्या पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

क्षतिग्रस्त वाहन

घायल डॉक्टर