{"_id":"69d4e1074d4981e485047641","slug":"sarpanch-arrested-for-assaulting-hospital-staff-leading-to-death-korba-news-c-1-1-noi1487-4135977-2026-04-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"कोरबा में सरपंच गिरफ्तार: पोस्टमार्टम कर्मचारी का कॉलर पकड़ा फिर दीवार पर पटका, मारपीट से हुई मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कोरबा में सरपंच गिरफ्तार: पोस्टमार्टम कर्मचारी का कॉलर पकड़ा फिर दीवार पर पटका, मारपीट से हुई मौत
अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा
Published by: कोरबा ब्यूरो
Updated Tue, 07 Apr 2026 05:17 PM IST
विज्ञापन
सार
सजग कोरबा-सतर्क कोरबा अभियान के तहत आरोपी सरपंच जयवीर सिंह तंवर उर्फ राजेश को गिरफ्तार कर लिया। सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई की।
आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
जिले में सजग कोरबा-सतर्क कोरबा अभियान के तहत सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अस्पताल के एक कर्मचारी के साथ मारपीट करने वाले सरपंच को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में घायल कर्मचारी की बाद में मृत्यु हो गई थी।
Trending Videos
यह घटना 30 मार्च 2026 को जिला मेडिकल अस्पताल में हुई थी। पोस्टमार्टम कक्ष में ड्यूटी के दौरान आरोपी सरपंच ने शासकीय कार्य में बाधा डाली। उसने कर्मचारी बाल कृष्ण चनाइया के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपी ने चनाइया का कॉलर पकड़कर उसे दीवार में पटक दिया। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।
विज्ञापन
विज्ञापन
घायल को उपचार के लिए जिला मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान सोमवार को बाल कृष्ण चनाइया की मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद सोमवार को अस्पताल कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। पोस्टमार्टम कक्ष में काम करने वाले कर्मचारियों ने पोस्टमार्टम करने से इन्कार कर दिया था। वे आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे, जिसके बाद आश्वासन मिलने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी सरपंच को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान जयवीर सिंह तंवर उर्फ राजेश के रूप में हुई है। वह पटेलपारा, ग्राम बेंदरकोना का निवासी है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
मृतक बाल कृष्ण चनाइया बालको सेक्टर पांच, आजाद नगर चौक के रहने वाले थे। उनकी उम्र इकसठ वर्ष थी और उन्हें पोस्टमार्टम करते हुए छत्तीस साल हो गए थे। उनके साथी कर्मचारी के दामोदर ने यह जानकारी दी। पिछले एक साल में 585 लोगों का पोस्टमार्टम हुआ था, जिसमें से अधिकांश उन्होंने ही किए थे। छत्तीस साल में उन्होंने हजारों पोस्टमार्टम किए थे।