{"_id":"6978aa5f020991aaa706843a","slug":"cattle-smuggler-arrested-in-raigarh-8-cattle-recovered-from-accused-lalunga-police-arrested-him-while-taking-them-to-odisha-raigarh-news-c-1-1-noi1486-3883773-2026-01-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"अब मवेशी तस्करों की खैर नहीं: छत्तीसगढ़ से ओडिशा जा रहे आठ गौवंश बरामद, तस्कर भी दबोचा; जानें क्या बोले SSP","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अब मवेशी तस्करों की खैर नहीं: छत्तीसगढ़ से ओडिशा जा रहे आठ गौवंश बरामद, तस्कर भी दबोचा; जानें क्या बोले SSP
अमर उजाला नेटवर्क, रायगढ़
Published by: रायगढ़ ब्यूरो
Updated Tue, 27 Jan 2026 06:06 PM IST
विज्ञापन
सार
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने मवेशी तस्करी के एक आरोपी को पकड़ा है। आरोपी के कब्जे से आठ गौवंश बरामद किए गए हैं। जिन्हें ओडिशा ले जाया जा रहा था।
लैलूंगा थाने में पशु तस्कर पकड़ा
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
रायगढ़ जिले में पुलिस ने एक मवेशी तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8 नग मवेशी बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ पशु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। यह घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र की है।
Trending Videos
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कटेलपारा से ओडिसा की ओर 8 नग गौवंश को मारते-पीटते, हांकते हुए, बिना चारा-पानी ले जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए लैलूंगा थाना प्रभारी ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान कटेलपारा के पास दबिश दी, जहां एक व्यक्ति कच्चे मार्ग से मवेशियों को क्रूरता पूर्वक ले जाते हुए पाया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
संदेही व्यक्ति को रोककर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम जलंधर यादव, पिता वैधराज यादव (46 वर्ष), निवासी बैस्कीमुड़ा, थाना लैलूंगा बताया। उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथी पिताम्बर यादव, निवासी चरखापारा के साथ मिलकर उक्त मवेशियों को चरखापारा से ओडिसा ले जा रहा था। पूछताछ के दौरान, आरोपी मवेशियों की खरीदी-बिक्री अथवा परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
आरोपी जलंधर यादव के खिलाफ लैलूंगा थाना में कई धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने गवाहों के समक्ष आरोपी के कब्जे से 8 नग गौवंश, जिनका मूल्य 1 लाख रुपये आंका गया है, और एक लकड़ी का डंडा जब्त किया है। आरोपी जलंधर यादव को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी रायगढ़ शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में मवेशी तस्करी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि ऐसे अपराधों पर रायगढ़ पुलिस की सख्त निगरानी जारी रहेगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।