फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   Delhi Protest: Leaderless public outcry the new political landscape of changing times

Delhi Protest: नेता-विहीन जनाक्रोश, बदलते दौर की नई राजनीतिक तस्वीर

Mon, 27 Jul 2026 02:57 PM IST
Jay singh Rawat जयसिंह रावत
Updated Mon, 27 Jul 2026 02:57 PM IST
सार

भारत में आंदोलनों का समृद्ध इतिहास रहा है। स्वतंत्रता संग्राम, जेपी आंदोलन, मंडल आंदोलन, राम मंदिर आंदोलन, भ्रष्टाचार विरोधी अभियान और किसान आंदोलनों तक लगभग हर बड़े जनआंदोलन का एक स्पष्ट नेतृत्व और संगठन रहा।

विज्ञापन
Delhi Protest: Leaderless public outcry the new political landscape of changing times
दिल्ली में हुए छात्रों का विरोध प्रदर्शन की तस्वीर। - फोटो : पीटीआई

विस्तार

भारतीय राजनीति एक ऐसे दौर से गुजर रही है, जहां सूचना महाक्रांति ने जनमत निर्माण और राजनीतिक भागीदारी के पारंपरिक स्वरूप को बदल दिया है। चुनावी सफलता, मजबूत संगठन और संसाधनों के बावजूद अब कोई भी राजनीतिक दल जनभावनाओं को पूरी तरह नियंत्रित नहीं कर सकता।

विज्ञापन


हाल के स्वतःस्फूर्त युवा आंदोलनों ने स्पष्ट किया है कि बिना किसी स्थापित नेता, संगठन या दल के भी लाखों लोग किसी मुद्दे पर एकजुट हो सकते हैं। सोशल मीडिया ने हर नागरिक को जनमत का सक्रिय वाहक बना दिया है। यह बदलता परिदृश्य सभी राजनीतिक दलों के लिए संकेत है कि नई पीढ़ी की राजनीति संवाद, पारदर्शिता और त्वरित जनसंपर्क पर आधारित होगी।
विज्ञापन


नेतृत्वविहीन आंदोलनों का नया दौर

भारत में आंदोलनों का समृद्ध इतिहास रहा है। स्वतंत्रता संग्राम, जेपी आंदोलन, मंडल आंदोलन, राम मंदिर आंदोलन, भ्रष्टाचार विरोधी अभियान और किसान आंदोलनों तक लगभग हर बड़े जनआंदोलन का एक स्पष्ट नेतृत्व और संगठन रहा। सरकारें भी ऐसे आंदोलनों से बातचीत प्रतिनिधियों के माध्यम से करती थीं। आज स्थिति बदल चुकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


डिजिटल तकनीक और इंटरनेट ने जनसंपर्क का स्वरूप पूरी तरह बदल दिया है। अब किसी एक मुद्दे पर देशभर के लोग बिना किसी केंद्रीय नेतृत्व के एक-दूसरे से जुड़ सकते हैं। ऐसे आंदोलनों को किसी राजनीतिक दल का आंदोलन कहकर खारिज करना या किसी एक नेता को निशाना बनाकर उनकी धार कम करना पहले जैसा आसान नहीं रह गया है।

युवाओं की बेचैनी के वास्तविक कारण

हाल के विरोध प्रदर्शनों को केवल किसी एक परीक्षा, भर्ती या प्रशासनिक निर्णय तक सीमित करके नहीं देखा जा सकता। इनके पीछे युवाओं की व्यापक चिंताएं दिखाई देती हैं। रोजगार के सीमित अवसर, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं के आरोप, नियुक्तियों में विलंब, बढ़ती प्रतिस्पर्धा और भविष्य को लेकर असुरक्षा की भावना युवाओं में असंतोष पैदा कर रही है।

भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है। यह युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है, लेकिन यदि उसकी आकांक्षाओं और उपलब्ध अवसरों के बीच दूरी बढ़ती है तो उसका असर राजनीति, अर्थव्यवस्था और सामाजिक स्थिरता—तीनों पर पड़ना स्वाभाविक है। आज का युवा केवल भाषण नहीं, बल्कि अवसर, पारदर्शिता और परिणाम चाहता है।

भाजपा के सामने चुनौती क्यों अलग है?

भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन, बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ता और प्रभावी चुनावी प्रबंधन माना जाता है। लेकिन जब विरोध किसी विपक्षी दल के बजाय स्वतःस्फूर्त सामाजिक असंतोष के रूप में सामने आए, तब चुनौती का स्वरूप बदल जाता है। ऐसे आंदोलनों में विरोध का कोई एक चेहरा नहीं होता।

इसलिए उन्हें विपक्ष की साजिश बताकर पूरी तरह खारिज करना भी कठिन होता है। सरकार के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जनता का विश्वास बनाए रखने की भी चुनौती रहती है। लोकतंत्र में जनविश्वास किसी भी सरकार की सबसे बड़ी राजनीतिक पूंजी होता है।

विपक्ष के लिए भी आसान नहीं है राह

इन आंदोलनों से विपक्ष को राजनीतिक अवसर अवश्य मिलता है, लेकिन वह स्वतः उनका स्वाभाविक नेतृत्व हासिल नहीं कर लेता। यदि विपक्ष इन आंदोलनों के साथ खड़ा दिखाई देता है तो उसे राजनीतिक लाभ मिल सकता है, लेकिन यदि वह उन्हें पूरी तरह अपने राजनीतिक अभियान में बदलने का प्रयास करता है तो आंदोलन की विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है। यानी यह नया राजनीतिक परिदृश्य सत्ता और विपक्ष—दोनों से अधिक परिपक्व और संवेदनशील राजनीति की अपेक्षा करता है।

सूचना महाक्रांति ने बदल दिए राजनीति के नियम

इक्कीसवीं सदी की सबसे बड़ी क्रांतियों में से एक सूचना महाक्रांति है। इंटरनेट, स्मार्टफोन और डिजिटल संचार ने सूचना के प्रवाह को पूरी तरह लोकतांत्रिक बना दिया है। कभी जनमत निर्माण का दायित्व मुख्यतः समाचार पत्रों, रेडियो और टेलीविजन जैसे मुख्यधारा के मीडिया पर निर्भर था, लेकिन अब सूचना का संसार पूरी तरह बदल चुका है।

यह किसी से छिपा नहीं है कि समय-समय पर मुख्यधारा के मीडिया पर राजनीतिक, आर्थिक अथवा व्यावसायिक दबावों और प्रलोभनों के आरोप लगते रहे हैं। चाहे वे आरोप सही हों या गलत, लेकिन सूचना महाक्रांति ने अब ऐसा वैकल्पिक मंच उपलब्ध करा दिया है, जिसे पूरी तरह नियंत्रित करना लगभग असंभव है। आज लगभग हर स्मार्टफोन धारक एक संभावित 'सिटिजन रिपोर्टर' है।

घटनास्थल पर मौजूद व्यक्ति कुछ ही क्षणों में फोटो, वीडियो और प्रत्यक्ष अनुभव दुनिया के सामने रख सकता है। यही कारण है कि किसी घटना को पूरी तरह दबा देना या केवल एक ही पक्ष की कहानी स्थापित करना पहले की तुलना में कहीं अधिक कठिन हो गया है। 

हालांकि, यह भी उतना ही सच है कि सोशल मीडिया अपुष्ट सूचनाओं, दुष्प्रचार और अफवाहों का माध्यम भी बन सकता है। इसलिए सूचना महाक्रांति के इस युग में नागरिकों, मीडिया संस्थानों और सरकार—तीनों की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि सूचना की सत्यता और विश्वसनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

बदल रहा है चुनावी विमर्श 

भारतीय राजनीति लंबे समय तक जाति, धर्म, क्षेत्र और पहचान आधारित मुद्दों के इर्द-गिर्द घूमती रही। इन विषयों का महत्व आज भी बना हुआ है, लेकिन अब रोजगार, शिक्षा, परीक्षा प्रणाली, प्रशासनिक पारदर्शिता, भ्रष्टाचार, सुशासन और अवसरों की समानता जैसे मुद्दे भी तेजी से चुनावी विमर्श के केंद्र में आ रहे हैं।

विशेषकर युवा मतदाता सरकारों का मूल्यांकन केवल नारों से नहीं, बल्कि उनके प्रदर्शन के आधार पर करना चाहता है। लोकतंत्र में यह परिवर्तन स्वस्थ संकेत माना जा सकता है।

लोकतंत्र में संवाद का महत्व 

लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन व्यवस्था की कमजोरी नहीं, बल्कि उसकी जीवंतता का प्रमाण होते हैं। यदि विरोध शांतिपूर्ण और संवैधानिक मर्यादाओं के भीतर हो तो उसे लोकतांत्रिक चेतना की स्वाभाविक अभिव्यक्ति माना जाना चाहिए। सरकारों के लिए ऐसे आंदोलन केवल चुनौती नहीं होते, बल्कि जनता की वास्तविक चिंताओं को समझने का अवसर भी होते हैं। समय पर संवाद, पारदर्शिता और संवेदनशील निर्णय अनेक राजनीतिक संकटों को टाल सकते हैं।

राजनीति में कुछ भी स्थायी नहीं होता

भारतीय राजनीति का इतिहास बताता है कि यहां कोई भी राजनीतिक दल स्थायी रूप से अजेय नहीं रहा। कभी अपराजेय मानी जाने वाली सरकारें सत्ता से बाहर हुईं तो कभी हाशिए पर खड़े दलों ने अप्रत्याशित वापसी की। 1977 का सत्ता परिवर्तन, 1989 का राजनीतिक बदलाव, 2014 में भाजपा का अभूतपूर्व उदय और विभिन्न राज्यों में समय-समय पर हुए सत्ता परिवर्तन इस तथ्य की पुष्टि करते हैं कि लोकतंत्र में जनमत जब बदलता है तो राजनीतिक समीकरण भी तेजी से बदल जाते हैं।

लोकतंत्र में राजनीतिक 'मिरेकल' असंभव नहीं होते। दरअसल, बदलाव प्रकृति का शाश्वत नियम है और लोकतंत्र उसी परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है। इसलिए किसी भी राजनीतिक दल को यह गलतफहमी नहीं पालनी चाहिए कि उसकी लोकप्रियता या राजनीतिक वर्चस्व हमेशा बना रहेगा। सत्ता पक्ष को यह विश्वास नहीं होना चाहिए कि उसके सामने कोई चुनौती नहीं है, वहीं विपक्ष को भी यह भ्रम नहीं रखना चाहिए कि सत्ता विरोधी माहौल स्वतः उसे सत्ता तक पहुंचा देगा।

जनता ही लोकतंत्र की अंतिम निर्णायक

वर्तमान घटनाक्रम यह संकेत देता है कि भारतीय राजनीति एक नए संक्रमणकाल में प्रवेश कर चुकी है। सूचना महाक्रांति, सोशल मीडिया, जागरूक युवा मतदाता और तेज़ी से बदलती जनभावनाओं ने राजनीति के पुराने समीकरण बदलने शुरू कर दिए हैं। अब केवल संगठन, संसाधन और चुनावी प्रबंधन पर्याप्त नहीं होंगे। सुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और जनता की आकांक्षाओं के प्रति संवेदनशीलता ही किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक शक्ति होगी।

यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि हाल के नेता-विहीन आंदोलन भारतीय राजनीति की दिशा बदल देंगे, लेकिन इतना निश्चित है कि उन्होंने सत्ता और विपक्ष—दोनों को एक स्पष्ट संदेश दिया है। लोकतंत्र में अंतिम निर्णय किसी राजनीतिक दल, किसी नेता, किसी मीडिया संस्थान या किसी डिजिटल मंच का नहीं, बल्कि जनता का होता है। जब जनता परिवर्तन का मन बना लेती है तो वर्षों से स्थापित राजनीतिक धारणाएं भी बदल जाती हैं।

यही भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है और यही उसकी सबसे सुंदर विशेषता। इसलिए सभी राजनीतिक दलों को समय रहते अपनी गलतफहमियां दूर कर जनता के बदलते मनोविज्ञान को समझना होगा, क्योंकि लोकतंत्र में स्थायी यदि कुछ है तो वह केवल परिवर्तन है। 


डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed