विश्व सिनेमा की जादुई दुनिया: क्लेमेंस डेन- ऑस्कर प्राप्त स्क्रीनप्ले राइटर
क्लेमेंस ने 31 रचनां कीं और एक ऑस्कर भी अपने नाम कर लिया। ‘रेजीमेंट ऑफ वीमेन’ तत्काल प्रसिद्ध हुआ। सफलता मिलने पर उन्होंने अपना दूसरा उपन्यास ‘लेजेंड’ नाम से लिखा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उपन्यास, नाटक, संवाद एवं स्क्रीनप्ले राइटर क्लेमेंस डेन का जन्म 21 फरवरी 1888 में इंग्लैंड के केंट में हुआ। जन्म के समय उनका नाम था विनिफ्रेड एस्टन, मगर उस समय किसी स्त्री का लेखन अजूबा माना जाता था। अत: इस प्रतिभा सम्पन्न स्त्री ने जब अपना पहला उपन्यास ‘रेजीमेंट ऑफ वीमेन’ लिखा तो उसे क्लेमेंस डेन के छद्म नाम से प्रकाशित कराया।
16 साल की उम्र तक वे विभिन्न प्राइवेट स्कूलों में पढ़ती रहीं। 16 साल की उम्र में उन्हें जेनिवा में फ्रेंच पढ़ाने का काम मिला। एक साल बाद वे इंग्लैंड लौट आई और उन्होंने पहले तीन साल आर्ट की शिक्षा ली फिर एक साल जर्मनी में कला-छात्रा रहीं। चार साल के प्रशिक्षण में उन्होंने पोर्ट्रेट बनाने में महारथ हासिल की।
कला में प्रशिक्षित होने के बावजूद उन्हें जाना किसी अन्य दिशा में था अत: आयार्लैंड में पढ़ाने लगीं, लेकिन उनकी दिशा और बदली। एक साल में यह काम छोड़ वे स्टेज कलाकार बन गईं। इस पेशे में वे कई साल अर्हीं लेकिन प्रथम विश्वयुद्ध छिड़ने पर वे सब छोड़छाड़ कर युद्ध के कार्यों से जुड़ गईं। इतनी शिद्दत से जुड़ीं कि खुद बीमार पड़ गईं।
कहते हैं, हर बुरी बात में कुछ अच्छाई छिपी होती है। बीमारी से उबरने और वंग होने के समय उन्होंने अपना पहला उपन्यास पूरा कर लिया। प्रकाशन हेतु उन्होंने लंदन के प्रसिद्ध चर्च सेंट क्लेमेंस डेन के नाम पर अपना नाम रख लिया। कैसी विडम्बना है, जिस चर्च के नाम पर उन्होंने अपना नाम रखा उसे जर्मन बम द्वारा द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान उड़ा दिया गया।
लेखन की उम्र भवनों से अधिक होती है। आज चर्च नहीं है, मगर हम आज भी क्लेमेंस डेन के कार्य को याद करते हैं।
क्लेमेंस ने 31 रचनाएं कीं और एक ऑस्कर भी अपने नाम कर लिया। ‘रेजीमेंट ऑफ वीमेन’ तत्काल प्रसिद्ध हुआ। सफलता मिलने पर उन्होंने अपना दूसरा उपन्यास ‘लेजेंड’ नाम से लिखा।
मजे की बात है यह भी न केवल लोकप्रिय हुआ वरन कई समीक्षकों ने उन्हें सुझाव दिया कि इस पर बहुत अच्छा नाटक बन सकता है। सुझावों को मान देते हुए उन्होंने उसे 1921 में नाटक में परिवर्तित कर दिया। मगर नाटक का नाम रखा, ‘ए बिल ऑफ डिवोर्समेंट’। नाटक ब्रॉडवे पर खूब-खूब सफल रहा। लंदन के मंच पर इसमें कैथरीन कॉर्नेल ने भूमिका की।
सिनेमा के जन्म से पहले जन्मी क्लेमेंस डेन का काम यहीं नहीं रुका। ‘ए बिल ऑफ डिवोर्समेंट’ पर एक नहीं कई बार फिल्म बनीं। और इस तरह वे फिल्म संसार का हिस्सा बन गईं।
'ए बिल ऑफ डिवोर्समेंट'
‘ए बिल ऑफ डिवोर्समेंट’ पर सबसे पहले 1922 में एक मूक फिल्म बनी। फिर 1932 एवं 1940 में भी बनी। 1932 में बनी फिल्म ‘ए बिल ऑफ डिवोर्समेंट’ में अभिनय किया उस समय की हिट जोड़ी, कैथरीन हेबर्न एवं जॉन बेरीमोर ने, साथ में बिलि बुर्के भी थे। जॉर्ज कुकोर निर्देशित एक घंटे दस मिनट की इस फिल्म ने 5 पुरस्कार जीते।
नाटक यह क्लेमेंस डेन का है, लेकिन इसका स्क्रीनप्ले दो लोगों- हॉवर्ड एस्टाब्रूक एवं हैरी वैगस्टाफ ग्रिबल ने मिल कर तैयार किया। 1940 वाली फिल्म के निर्देशक जॉन फैरो हैं। दो पुरस्कार जीतने वाली इस फिल्म में अभिनय मौरीन ओ’हारा, एडोल्फ मेन्जौ तथा फे बैन्टर ने किया है। इसका स्क्रीनप्ले क्लेमेंस ने डाल्टन ट्रम्बो के साथ मिल कर लिखा है।
टीवी मिनी सिरीज, टीवी मूवी, बीबीसी नाटक लिखने वाली क्लेमेंस डेन 28 मार्च 1965 को लंदन में गुजर गईं। उन्हें ‘वैकेशन फ्रॉम मैरेज’ के मौलिक स्क्रीनप्ले के लिए ऑस्कर मिला है।
---------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।