सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Bhopal News ›   Politics and Policy: Cabinet reshuffle may take place by the end of this month

राज और नीति : इस माह अंत तक हो सकता है मंत्रिमंडल में फेरबदल

Suresh Tiwari सुरेश तिवारी
Updated Fri, 13 Feb 2026 06:01 AM IST
विज्ञापन
सार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दो वर्ष पूरे होने के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा तेज है। बजट सत्र के बाद फेरबदल संभव है। दिल्ली दौरे के बाद परफॉर्मेंस आधारित समीक्षा के संकेत मिले हैं। रिपोर्ट कार्ड के आधार पर करीब छह मंत्रियों की छुट्टी और संगठन में समायोजन की संभावना जताई जा रही है।

Politics and Policy: Cabinet reshuffle may take place by the end of this month
ऱाज और नीति: मप्र की सियासी और प्रशासनिक हलचल बताता कॉलम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

डॉ. मोहन यादव ने दिसंबर में मुख्यमंत्री पद पर दो साल पूरे कर लिए। तब से ही उनके मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं चलती रही हैं। अब खबर आ रही है कि विधानसभा के बजट सत्र के बाद इस माह के अंत तक मंत्रिमंडल में फेरबदल हो सकता है। मुख्यमंत्री पिछले सप्ताह दो दिन लगातार दिल्ली में रहे। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी उनके साथ थे। दोनों नेताओं ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। दोनों नेताओं की दिल्ली यात्रा को मंत्रिमंडल विस्तार और निगम मंडलों में नियुक्तियों से जोड़ा जा रहा है। पता चला है कि इस बार परफॉर्मेंस के आधार पर मंत्रियों की छुट्टी होगी। इससे संबंधित एक रिपोर्ट कार्ड भी मुख्यमंत्री के पास है। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल के पुनर्गठन में 6 मंत्रियों की छुट्टी की जा सकती है। इन मंत्रियों को पार्टी संगठन में कहीं समायोजित करने की बात भी चर्चा में है।
Trending Videos


सीएम के पावर कॉरिडोर में अजातशत्रु
उज्जैन के एक और पूर्व कलेक्टर अजातशत्रु श्रीवास्तव भी मुख्यमंत्री के पावर कॉरिडोर में शामिल हो गए हैं। अजातशत्रु को अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन संस्थान का सलाहकार नियुक्त किया गया है। इस संस्थान के अध्यक्ष मुख्यमंत्री हैं। जाहिर है वे अब मुख्यमंत्री के सलाहकार की भूमिका में रहेंगे। वर्तमान में उज्जैन के पूर्व कलेक्टरों में अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई मुख्यमंत्री के एसीएस के साथ ही ऊर्जा विभाग के भी एसीएस हैं। एसीएस शिव शेखर शुक्ला अपर मुख्य सचिव गृह हैं। उज्जैन के पूर्व कलेक्टर रहे आशीष सिंह वर्तमान में वहां के कमिश्नर और सिंहस्थ मेला अधिकारी हैं। उज्जैन के एक और पूर्व कलेक्टर मनीष सिंह के पास राज्य के परिवहन विभाग का दायित्व है। एक और पूर्व उज्जैन कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम मंडी बोर्ड के एमडी के साथ ही राज्य कोऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन के भी एमडी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


पुलिस आयुक्त संजय कुमार की धमाकेदार एंट्री
भोपाल के पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने ईरानी डेरे पर बड़ा ऑपरेशन करते हुए 408 आरोपियों पर शिकंजा कसा है। इस ऑपरेशन के दौरान सैकड़ों वारंटी और फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा सोना, गांजा और नकदी भी जब्त की गई। दरअसल, भोपाल में ईरानी समुदाय के अपराधों को लेकर पिछले कई महीने से लोग परेशान थे। नवागत पुलिस आयुक्त ने इस काम को हाथ में लेकर एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया। इसे पुलिस आयुक्त की धमाकेदार एंट्री माना जा रहा है। बता दें, संजय कुमार इसके पहले बालाघाट के आईजी के पद पर पदस्थ रहे हैं। वहां, उन्होंने नक्सलियों का सफाया करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। माना जा रहा है कि उनके अच्छे काम के लिए उन्हें पुलिस कमिश्नर भोपाल के पद से नवाजा गया।

पूर्व गृहमंत्री की राजनीतिक गृह दशा बदलेगी?
प्रदेश में भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा द्वारा नवग्रह मंदिर की स्थापना कराई जा रही है। डबरा में उन्होंने भव्य मंदिर बनवाया है। दावा किया जा रहा है कि यह विश्व का इकलौता मंदिर है, जिसमें सभी नव गृह अपनी-अपनी अर्धांगिनी के साथ अलग-अलग मंदिरों में विराजमान किए गए हैं। हाल ही में जब नरोत्तम मिश्रा नवग्रह मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा करा रहे थे, तब कलश यात्रा के दौरान भगदड़ मच गई। नरोत्तम मिश्रा ने जैसे तैसे मामले को संभाला। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि 20 फरवरी के बाद क्या नरोत्तम मिश्रा की राजनीतिक गृह दशा बदलेगी?

अस्वीकरण: यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed