सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Basit Ali, Kamran Akmal and Fawad Alam Slam Pakistan Team After Poor Performance in ODI vs Bangladesh 1st ODI

10वीं रैंक वाले बांग्लादेश से हारा पाकिस्तान: दिग्गजों ने उड़ाई टीम की धज्जियां; अकमल-बासित और फवाद क्या बोले?

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कराची Published by: Swapnil Shashank Updated Thu, 12 Mar 2026 01:57 PM IST
विज्ञापन
सार

पाकिस्तान टीम के खराब प्रदर्शन के बाद पूर्व खिलाड़ी बासित अली और कामरान अकमल ने टीम मैनेजमेंट और खिलाड़ियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने पावरप्ले रणनीति, खराब बल्लेबाजी और एक साथ चार डेब्यू खिलाड़ियों को मौका देने के फैसले पर सवाल उठाए।

Basit Ali, Kamran Akmal and Fawad Alam Slam Pakistan Team After Poor Performance in ODI vs Bangladesh 1st ODI
पाकिस्तानी दिग्गजों ने अपनी ही टीम पर सवाल खड़े किए हैं - फोटो : PCB
विज्ञापन

विस्तार

टी20 विश्व कप 2026 में मुंह की खाने के बाद पाकिस्तानी टीम बड़े बदलाव और बड़ी उम्मीदों के साथ बांग्लादेश दौरे पर गई। पाकिस्तान के नए वनडे कप्तान शाहीन अफरीदी के नेतृत्व में टीम को बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले वनडे में ही आठ विकेट से करारी शिकस्त मिली। पाकिस्तान टीम की इस हार के बाद वहां के दिग्गजों ने अपनी ही टीम की धज्जियां उड़ाई हैं। कामरान अकमल, बासित अली, फवाद आलम से लेकर फैंस तक ने टीम की खिल्ली उड़ाई और कहा कि जिस टैलेंट की बात पाकिस्तान क्रिकेट में इतने दिनों से की जा रही थी, क्या यही वो टैलेंट हैं?
Trending Videos

Basit Ali, Kamran Akmal and Fawad Alam Slam Pakistan Team After Poor Performance in ODI vs Bangladesh 1st ODI
नाहिद राणा - फोटो : ICC
बांग्लादेश ने पाकिस्तान को आठ विकेट से हराया
दरअसल, रोड टू 2027 वनडे वर्ल्ड कप के तहत पाकिस्तान और बांग्लादेश ने तीन मैचों की वनडे सीरीज से अपनी तैयारी शुरू की है। दोनों के बीच 11 मार्च को ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में सीरीज का पहला वनडे खेला गया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हु 30.4 ओवर में 114 रन बनाए और सभी 10 विकेट गंवा दिए। इसके बाद बांग्लादेश की टीम ने पाकिस्तान की पारी के आधे ओवर में सिर्फ दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। बांग्लादेश ने 15.1 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। अब दूसरा वनडे 13 मार्च को ढाका में ही खेला जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

10वीं रैंक पर है बांग्लादेश, चौथी रैंक पर है पाकिस्तान
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पाकिस्तान की वनडे रैंकिंग चार है, जबकि बांग्लादेश की वनडे रैंकिंग 10 है। बांग्लादेश की टीम अब तक 2027 वनडे विश्वकप के लिए क्वालिफाई तक नहीं कर पाई है। उसे वनडे विश्वकप के लिए ऑटोमैटिक क्वालिफाई करने के लिए 31 मार्च, 2027 तक रैंकिंग में शीर्ष-आठ में आना जरूरी है। ऐसा नहीं हुआ तो टीम को क्वालिफायर्स खेलना होगा। उस बांग्लादेशी टीम से पाकिस्तान को करारी शिकस्त मिली। मैच के बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटरों ने टीम का मजाक उड़ाया। पूर्व ऑलराउंडर फवाद आलम ने ट्विटर पर लिखा, 'क्या इन्हें ही हम टैलेंट कहते हैं?' 

Basit Ali, Kamran Akmal and Fawad Alam Slam Pakistan Team After Poor Performance in ODI vs Bangladesh 1st ODI
बासित अली - फोटो : twitter
रणनीति पर बासित अली का तीखा हमला
पाकिस्तान टीम के खराब प्रदर्शन के बाद पूर्व क्रिकेटर और पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बासित अली ने टीम मैनेजमेंट और खिलाड़ियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने खास तौर पर पावरप्ले में 10 ओवर में 60 रन बनाने की रणनीति पर सवाल उठाए। बासित अली ने कहा, 'सबसे पहले उस आदमी को हटाना चाहिए जिसने खिलाड़ियों से कहा कि पावरप्ले के 10 ओवर में कम से कम 60 रन बनाओ। उसने कभी मैदान पर क्रिकेट खेली ही नहीं होगी, बस कागज पकड़ाकर दे देता है। क्या उसे यहां की परिस्थितियों का अंदाजा नहीं था? क्या उसे नहीं पता कि यहां भारत जैसी टीम भी बांग्लादेश में हार चुकी है?' बासित अली ने टीम में एक साथ चार डेब्यू खिलाड़ियों को मौका देने के फैसले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'एक या दो नए खिलाड़ियों को मौका दिया जाता है, लेकिन चार को एक साथ उतारना सही फैसला नहीं है।'

'एक टीम इंटरनेशनल, दूसरी क्लब टीम जैसी'
पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर कामरान अकमल भी टीम के प्रदर्शन से बेहद निराश नजर आए। उन्होंने कहा कि मैच में दोनों टीमों के स्तर में साफ फर्क दिख रहा था। अकमल ने कहा, 'ऐसा लग रहा था जैसे एक टीम इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रही है और दूसरी टीम वर्ल्ड कप से पहले कोई प्रैक्टिस मैच खेल रही क्लब टीम हो। मैंने बासित को फोन किया, लेकिन मेरे पास यह बताने के लिए शब्द नहीं थे कि हम कैसी क्रिकेट खेल रहे थे।'

Basit Ali, Kamran Akmal and Fawad Alam Slam Pakistan Team After Poor Performance in ODI vs Bangladesh 1st ODI
कामरान अकमल - फोटो : PTI
'क्लब क्रिकेट में भी ऐसा नहीं होता'
अकमल ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि इतना खराब प्रदर्शन तो क्लब क्रिकेट में भी नहीं देखने को मिलता। उन्होंने कहा, 'मैं कसम खाकर कहता हूं कि इस तरह की बल्लेबाजी क्लब क्रिकेट में भी नहीं होती। क्लब के खिलाड़ी भी इतनी खराब बल्लेबाजी नहीं करते।'

नाहिद राणा के खिलाफ बल्लेबाजी पर सवाल
अकमल ने खास तौर पर नाहिद राणा की गेंदबाजी के खिलाफ पाकिस्तान के बल्लेबाजों के रवैये पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'हमारे सभी बल्लेबाज बैकफुट पर खेल रहे थे। कोई भी आगे बढ़कर नहीं खेला। रिजवान सीनियर खिलाड़ी हैं, उन्हें समझदारी दिखानी चाहिए थी और आगे निकलकर शॉट लगाना चाहिए था, लेकिन उन्हें दो बार कट लगा और वह आउट हो गए।' अकमल ने यह भी कहा कि राणा ने विकेट लेने के बाद ज्यादा जश्न भी नहीं मनाया।

Basit Ali, Kamran Akmal and Fawad Alam Slam Pakistan Team After Poor Performance in ODI vs Bangladesh 1st ODI
कामरान अकमल - फोटो : Kamran Akmal Instagram
अकमल का आईसीसी रैंकिंग पर भी तंज
अकमल ने पाकिस्तान की आईसीसी रैंकिंग पर भी तंज कसते हुए कहा कि घरेलू मैदान पर कमजोर टीमों को हराकर रैंकिंग में ऊपर रहना ज्यादा मायने नहीं रखता। उन्होंने कहा, 'हम घर पर कमजोर टीमों को हराकर अंक जुटाते हैं, लेकिन जब विदेश जाते हैं तो असली तस्वीर सामने आ जाती है।' मार्च 2026 में बांग्लादेश दौरे के लिए पाकिस्तान ने शाहीन शाह अफरीदी की कप्तानी में 15-सदस्यीय वनडे टीम की घोषणा की थी। टीम में कई नए चेहरों को मौका दिया गया है, जबकि दिग्गज बल्लेबाज बाबर आजम, फखर जमां, सैम अयूब, मोहम्मद नवाज और नसीम शाह को बाहर कर दिया गया । तीन मैचों की वनडे सीरीज के अगले दो मैच 13 और 15 मार्च को ढाका में खेले जाएंगे। 

अजब फेर में फंसा पाकिस्तान
पाकिस्तानी चयनकर्ता अजब गजब फैसले ले रहे हैं। दरअसल, टी20 विश्वकप 2026 के सुपर-8 से टीम के बाहर होने के बाद पूर्व क्रिकेटरों ने टीम में बदलाव की मांग की थी। मोहम्मद आमिर, बासित अली, अकमल और अजमल शहजाद ने टीम में नए खिलाड़ियों और मॉर्डर्न डे क्रिकेट को फॉलो करने वाले खिलाड़ियों को टी20 टीम में शामिल करने की मांग की थी। हालांकि, पाकिस्तानी चयनकर्ताओं ने टी20 की जगह पूरी वनडे टीम ही बदल दी। जो खिलाड़ी टी20 में अच्छा कर सकते थे, उन्हें वनडे टीम में चुन लिया गया, जबकि जो खिलाड़ी वनडे के साबित परफॉर्मर्स हैं, उन्हें वनडे टीम से बाहर कर दिया गया। इनमें बाबर और फखर शामिल हैं। यह फैसला किसी के समझ में नहीं आया। 

पाकिस्तान टीम: शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फैसल अकरम, हारिस रऊफ, हुसैन तलत, माज सदाकत, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), मोहम्मद वसीम जूनियर, मुहम्मद गाजी गोरी (विकेटकीपर), साद मसूद, साहिबजादा फरहान, सलमान अली आगा और शमील हुसैन।

Basit Ali, Kamran Akmal and Fawad Alam Slam Pakistan Team After Poor Performance in ODI vs Bangladesh 1st ODI
नाहिद राणा - फोटो : @BCBtigers
बांग्लादेश ने 8 विकेट से दर्ज की आसान जीत
मैच की बात करें तो बांग्लादेश ने 115 रन का लक्ष्य महज 15.1 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। ओपनर तंजीद हसन तमीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 67 रन बनाए, जबकि कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने 27 रन का योगदान दिया। दोनों के बीच हुई मजबूत साझेदारी ने मेजबान टीम की जीत आसान बना दी।
पाकिस्तान को मैच में शुरुआती सफलता तब मिली जब कप्तान शाहीन अफरीदी ने तीसरे ओवर में सैफ हसन को चार रन पर आउट कर दिया। इससे कुछ समय के लिए मेहमान टीम को उम्मीद जरूर जगी, लेकिन इसके बाद तंजीद तमिम और शांतों ने पारी संभाल ली और टीम को आराम से जीत दिला दी।

पहले बल्लेबाजी में पाकिस्तान की हालत खराब
इससे पहले टॉस जीतकर बांग्लादेश ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया और पाकिस्तान की पूरी टीम 30.4 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके और पाकिस्तान की बल्लेबाजी को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। पाकिस्तान की शुरुआत ठीक रही थी और डेब्यू करने वाले साहिबजादा फरहान और माज सदाकत ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। लेकिन इसके बाद नाहिद राणा ने फरहान को आउट कर पाकिस्तान की पारी को झटका दिया। इसके बाद उन्होंने शमील हुसैन (4), माज सदाकत (18), मोहम्मद रिजवान (10) और सलमान आगा (5) को आउट कर अपना पांच विकेट पूरा किया।

Basit Ali, Kamran Akmal and Fawad Alam Slam Pakistan Team After Poor Performance in ODI vs Bangladesh 1st ODI
साहिबजादा फरहान - फोटो : ANI
मेहदी हसन मिराज ने भी दिए अहम झटके
ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज ने भी शानदार गेंदबाजी की और तीन विकेट अपने नाम किए। उन्होंने अब्दुल समद को बिना खाता खोले पवेलियन भेजा, जबकि हुसैन तलत (4) और शाहीन अफरीदी (4) को भी आउट किया। पाकिस्तान के लिए फहीम अशरफ ने कुछ संघर्ष जरूर दिखाया और 47 गेंदों में 37 रन बनाकर टीम को 100 के पार पहुंचाने में मदद की। हालांकि बाद में वह मुस्तफिजुर रहमान का शिकार बन गए। इसके बाद तस्कीन अहमद ने मोहम्मद वसीम जूनियर को बिना खाता खोले आउट कर पाकिस्तान की पारी समाप्त कर दी।

सोशल मीडिया पर फैंस का गुस्सा
इस हार के बाद पाकिस्तान के फैंस ने सोशल मीडिया पर टीम के प्रदर्शन पर नाराजगी जाहिर की। एक फैन ने लिखा, 'बांग्लादेश के खिलाफ 114 रन पर ऑलआउट होना बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। इस टीम में कोई स्थिरता नहीं है।' वहीं एक अन्य प्रशंसक ने कहा, 'एक-दो खिलाड़ियों को छोड़कर कोई भी बड़ी पारी खेलने लायक नहीं दिख रहा। यह बेहद शर्मनाक है।' कुछ फैंस ने टीम चयन पर भी सवाल उठाए। एक यूजर ने लिखा, 'प्रयोग करना ठीक है, लेकिन टीम में बुनियादी बल्लेबाजी अनुशासन भी होना चाहिए। यह गिरावट बड़ी समस्या को दिखाती है।'
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed