फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   Are Players Playing Through Injuries in IPL Due to Franchise and Financial Pressure

Team India: क्या चोट के बावजूद फ्रेंचाइजी-पैसों के दबाव में IPL खेलते हैं खिलाड़ी? CoE के सूत्र का बड़ा खुलासा

Sun, 09 Aug 2026 06:48 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बंगलूरू
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बंगलूरू Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Sun, 09 Aug 2026 06:48 PM IST
सार

आईपीएल के दौरान फ्रेंचाइजी और आर्थिक दबाव के कारण खिलाड़ियों के चोट के बावजूद खेलने को लेकर चिंता सामने आई है, जिससे बाद में उनकी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी मुश्किल हो सकती है।श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले साई सुदर्शन समेत कई खिलाड़ियों के चोटिल होने के बीच खिलाड़ियों के वर्कलोड और फिटनेस मैनेजमेंट पर भी सवाल उठे हैं।

विज्ञापन
Are Players Playing Through Injuries in IPL Due to Franchise and Financial Pressure
भारतीय खिलाड़ी - फोटो : ANI

विस्तार

भारतीय क्रिकेट में खिलाड़ियों की चोट और उनके वर्कलोड को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) के एक सूत्र ने दावा किया है कि कई खिलाड़ी आईपीएल के दौरान फ्रेंचाइजी और आर्थिक दबाव के कारण चोट के बावजूद खेलते रहते हैं। इसके बाद उन्हें राष्ट्रीय क्रिकेट बोर्ड की रिहैबिलिटेशन सुविधा में भेज दिया जाता है, जिससे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी वापसी को मैनेज करना मुश्किल हो जाता है।
विज्ञापन

सूत्र ने क्या कहा?
सीओई के एक सूत्र ने एएनआई से कहा, 'बहुत ज्यादा क्रिकेट हो रहा है। मानव शरीर की भी अपनी सीमाएं हैं। खासकर उम्रदराज खिलाड़ियों में ओवरयूज और स्ट्रेस इंजरी के बाद वापसी का समय निश्चित तौर पर बताना मुश्किल होता है। खिलाड़ी आईपीएल में फ्रेंचाइजी और आर्थिक दबाव के कारण चोट के बावजूद खेलते हैं और फिर उन्हें अनजान सीओई फिजियो के पास भेज दिया जाता है।' 

सूत्र ने हालांकि टीम और सीओई के फिजियो की कार्यप्रणाली का बचाव करते हुए कहा कि वे खिलाड़ियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियां चयनकर्ताओं, कोच और कप्तानों के लिए भी स्थिति को मुश्किल बना देती हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

Are Players Playing Through Injuries in IPL Due to Franchise and Financial Pressure
साई सुदर्शन - फोटो : IANS
श्रीलंका सीरीज से पहले बढ़ी चोटों की चिंता
ये टिप्पणियां ऐसे समय सामने आई हैं जब श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले भारतीय टीम चोटों से जूझ रही है। बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन इस सूची में सबसे नया नाम हैं। सुदर्शन को श्रीलंका ए के खिलाफ पिछले महीने खेले गए दूसरे टेस्ट के दौरान पैर के अंगूठे में चोट लगी थी। उन्होंने दो 'ए' टेस्ट मैचों में दो शतक लगाए थे, लेकिन चोट लगने के बाद वह लगातार बेंगलुरु स्थित सीओई में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे थे। फिटनेस हासिल नहीं कर पाने के कारण उन्हें श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर कर दिया गया। सुदर्शन के अलावा जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर भी चोट के कारण सीरीज से बाहर या अनुपलब्ध हैं।
विज्ञापन

Are Players Playing Through Injuries in IPL Due to Franchise and Financial Pressure
जसप्रीत बुमराह - फोटो : PTI
बुमराह से लेकर सुंदर तक, कई खिलाड़ी चोटिल
जसप्रीत बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे के दौरान लगी बाएं घुटने की समस्या से पूरी तरह उबर नहीं सके। उन्हें टेस्ट सीरीज से बाहर कर दिया गया है और जम्मू-कश्मीर के 29 वर्षीय तेज गेंदबाज आकिब नबी को उनकी जगह टीम में शामिल किया गया है।

हर्षित राणा इस समय ग्रेड-1 बाइसेप्स फेमोरिस मांसपेशियों की चोट से उबर रहे हैं। यह चोट दाएं घुटने की गंभीर लिगामेंट इंजरी और सर्जरी के बाद वापसी के दौरान लगी। घुटने की चोट के कारण वह चार महीने तक मैदान से बाहर रहे थे और इसके बाद 2026 टी20 विश्व कप तथा आईपीएल 2026 में भी नहीं खेल सके। नीतीश कुमार रेड्डी बाएं क्वाड्रिसेप्स की चोट से उबर रहे हैं। इस चोट के कारण वह आयरलैंड, इंग्लैंड और जिम्बाब्वे के हालिया व्हाइट-बॉल दौरों में भारत के लिए नहीं खेल सके। उन्हें जून में अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के दौरान गेंदबाजी करते हुए चोट लगी थी। वॉशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग चोट के कारण पहले टेस्ट से बाहर हैं, जबकि आकाश दीप भी पीठ में स्ट्रेस रिएक्शन के कारण उपलब्ध नहीं हैं।

Are Players Playing Through Injuries in IPL Due to Franchise and Financial Pressure
देवजीत सैकिया - फोटो : ANI
सीओई और टीम प्रबंधन के बीच तालमेल पर जोर
चोटों की बढ़ती संख्या के बीच बीसीसीआई के सीओई और टीम मैनेजमेंट के बीच समन्वय की भूमिका भी चर्चा में आ गई है। सीओई प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण इससे पहले कह चुके हैं कि खिलाड़ियों की फिटनेस और रिहैबिलिटेशन को लेकर सीओई, टीम मैनेजमेंट, सपोर्ट स्टाफ और चयन समिति के बीच लगातार और बेहतर संवाद है।

रविवार को बंगलूरू स्थित बीसीसीआई के सीओई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में लक्ष्मण ने बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया और अध्यक्ष मिथुन मन्हास के साथ मीडिया को संबोधित किया। इसी दौरान सीओई सूत्र ने खिलाड़ियों के चोट के बावजूद आईपीएल में खेलने और बाद में रिहैबिलिटेशन के लिए सीओई पहुंचने को लेकर चिंता जताई। भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गाले में खेला जाएगा। भारतीय टीम की कमान शुभमन गिल के हाथों में होगी, जबकि केएल राहुल उपकप्तान हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed