IND vs ENG: भारत की ऐतिहासिक जीत पर गृह मंत्री अमित शाह ने जताई खुशी, टीम के प्रदर्शन को सराहते हुए क्या कहा?
भारत ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। टीम इंडिया की इस खास जीत पर देश के गृह मंत्री अमित शाह ने बधाई दी।
विस्तार
India roars to the #T20WorldCup final!
— Amit Shah (@AmitShah) March 5, 2026
Congratulations, #TeamIndia, on a resounding victory in the semi-finals. The tenacity and hard work shown by our boys tonight were truly remarkable. Wishing them all the very best for the final.#ENGvIND pic.twitter.com/7FXDee0NRw
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 253 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 89 रन की तूफानी पारी खेली। उनके अलावा टीम के अन्य बल्लेबाजों ने भी तेज रन बनाकर स्कोर को मजबूत बनाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने कड़ी टक्कर दी। जैकब बेथेल ने बेहतरीन शतक लगाते हुए 105 रन बनाए, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने अहम मौकों पर विकेट लेकर मैच पर पकड़ बनाए रखी। निर्धारित 20 ओवर में इंग्लैंड की टीम सात विकेट पर 246 रन ही बना सकी और भारत ने यह मुकाबला सात रन से जीत लिया। भारत की ओर से हार्दिक पांड्या ने दो विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल को एक-एक सफलता मिली।
इस जीत के साथ ही भारत ने लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई है। इससे पहले पाकिस्तान 2007 और 2009 में तथा श्रीलंका 2012 और 2014 में लगातार दो बार फाइनल में पहुंच चुके हैं। अब भारतीय टीम 2024 और 2026 में लगातार दो बार फाइनल खेलने वाली तीसरी टीम बन गई है। अब भारतीय टीम का सामना 8 मार्च यानी रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले फाइनल में न्यूजीलैंड से होगा। टीम इंडिया इस बार लगातार दूसरा खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
इसके अलावा टीम इंडिया चौथी बार टी20 विश्व कप का खिताबी मुकाबला खेलेगी। भारतीय टीम इससे पहले 2007, 2014 और 2024 में फाइनल में जगह बना चुकी है। इससे पहले इंग्लैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका ने तीन-तीन बार टी20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले खेले हैं।