न्यूजीलैंड की एक जीत और 11,12, 13 का बनाया अनोखा रिकॉर्ड
जीत के अजेय रथ पर सवार न्यूजीलैंड ने एक और जीत हासिल करते हुए न सिर्फ टेस्ट सीरीज में एक और क्लीन स्वीप कर डाला बल्कि अपने घर में लगातार जीत का रिकॉर्ड भी बना दिया।
हैमिल्टन ने खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 189 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए खेल के चौथे दिन 5 विकेट खोकर जरूरी रन बना लिए। उसकी ओर से केन विलियम्सन ने शानदार शतक लगाते हुए टीम को जीत दिलाई। उन्होंने 164 गेंदों में 12 चौके और एक छक्के के साथ नाबाद 108 रनों की पारी खेली।
किवी टीम 2012 में हैमिल्टन टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के हाथों 9 विकेट से मिली हार के बाद से अपने घर में कोई मैच नहीं हारी है। इस दौरान उसने 7 में जीत और 6 मैच ड्रॉ कराए हैं।
दूसरी ओर, 5 विकेट से इस टेस्ट मैच को हारने वाली श्रीलंका टीम की इस साल यह 7वीं हार है जो किसी भी साल में उनका सबसे खराब प्रदर्शन भी है। इससे पहले 4 बार 1994, 2001, 2004 और 2012 में 5-5 टेस्ट मैच हारे हैं। 2015 में श्रीलंका ने 11 मैच खेले जिसमें उसे 4 में जीत मिली और बाकी सारे मैच हार गए।
न्यूजीलैंड की जीत में 11, 12 और 13 का क्या है संयोग
जहां तक न्यूजीलैंड टीम का सवाल है तो उसके देश में 11 और 13 नंबर को अनलकी माना जाता है लेकिन आज उनके लिए यही दोनों अंक लकी साबित हो गए। एक ओर कप्तान ब्रैंडन मैकुलम ने अपनी कप्तानी में टीम को 11वीं जीत दिलाई वहीं टीम की अपने घर में लगातार 13वीं जीत है।
विस्फोटक बल्लेबाज ब्रैंडन मैकुलम की कप्तानी में न्यूजीलैंड की टेस्ट मैचों में 11वीं जीत है। टीम को जीत दिलाने के मामले में वह संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर आ गए हैं। हालांकि अपनी टीम के सबसे सफल कप्तान बनने के लिए उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ेगा। किवी टीम के सबसे सफल कप्तान हैं स्टीफन फ्लेमिंग।
फ्लेमिंग ने 80 टेस्ट मैचों में 28 में जीत हासिल की है। जबकि मैकुलम ने 29 मैचों से 11 में जीत दर्ज कराई है। मैकुलम के अलावा ज्यॉफ हॉवर्थ ने 30 मैचों से 11 जीत हासिल की थी। यह विस्फोटक बल्लेबाज 2013 में टीम के कप्तान बना है और उसके समय के अन्य कप्तानों में ऑस्ट्रेलिया के तत्कालीन कप्तान माइकल क्लार्क ने 27 मैचों से और इंग्लैंड के एलिस्टर कुक ने 35 मैचों से 13-13 जीत हासिल की है।
हैमिल्टन टेस्ट में जीत के साथ ही मेजबान न्यूजीलैंड ने 2 मैचों की टेस्ट सीरीज पर 2-0 से क्लीन स्वीप कर लिया। टेस्ट इतिहास में उसकी यह 12वीं क्लीन स्वीप है जिसमें अंतिम दो स्वीप तो श्रीलंका के खिलाफ ही है। 12 में से 9 तो अपने घर में और 3 विदेश (बांग्लादेश या जिम्बाब्वे) में क्लीन स्वीप किया है। दिलचस्प यह है कि यह सभी 12 क्लीन स्वीप 2 मैचों की सीरीज में हासिल हुई है। इससे बड़ी सीरीज उसने कभी जीती ही नहीं है।
किवी टीम 2012 में हैमिल्टन टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के हाथों 9 विकेट से मिली हार के बाद से आज तक अपने घर में कोई मैच नहीं हारी है। इस दौरान उसने 7 में जीत और 6 मैच ड्रॉ कराए हैं। इससे पहले न्यूजीलैंड ने अपने घर में लगातार 13 जीत का रिकॉर्ड मार्च 1987 से मार्च 1991 तक बनाया था। तब उसने 3 मैच जीते और 10 ड्रॉ कराए। यानी कि एक और जीत न्यूजीलैंड को एक नए रिकॉर्ड की ओर ले जाएगा।