The Hundred: अपने पहले ही सीजन में चैंपियन बनी मैनचेस्टर सुपरजाएंट्स, जीत के बाद संजीव गोयनका का पोस्ट वायरल
द हंड्रेड के छठे संस्करण में मैनचेस्टर सुपरजाएंट्स ने पुरुष वर्ग का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। ट्रेंट रॉकेट्स के खिलाफ फाइनल में पांच विकेट से मिली जीत टीम का पहला खिताब है। जीत के बाद मालिक संजीव गोयनका का भावुक संदेश सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कप्तान जोस बटलर ने भी इसे पूरी टीम की मेहनत का नतीजा बताया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ट्रेंट रॉकेट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 100 गेंदों में 158/8 का स्कोर बनाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मैनचेस्टर सुपरजाएंट्स ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट ने सिर्फ 38 गेंदों पर 72 रन की तूफानी पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। इसके बाद मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया। मैनचेस्टर को जीत के लिए अंतिम तीन गेंदों पर सिर्फ तीन रन की जरूरत थी। ऐसे में लियाम डॉसन ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी। मैनचेस्टर सुपरजाएंट्स ने पांच विकेट से मुकाबला अपने नाम कर पहली बार द हंड्रेड की ट्रॉफी उठा ली।
- यह जीत संजीव गोयनका के लिए इसलिए भी खास रही क्योंकि मैनचेस्टर सुपरजाएंट्स उनकी क्रिकेट फ्रेंचाइजी का नया अध्याय है। गोयनका आईपीएल की लखनऊ सुपरजाएंट्स के सह-मालिक भी हैं और मैदान पर अपनी जोशीली प्रतिक्रियाओं के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं।
- हालांकि, इस बार खिताबी जीत के बाद उनका अंदाज बेहद भावुक नजर आया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर टीम को बधाई देते हुए लिखा, 'हमारे पहले ही सीजन में चैंपियन! मैनचेस्टर सुपरजाएंट्स। लॉर्ड्स में क्या रात रही। हम सभी के लिए यह गर्व का पल है।'
गोयनका ने अपनी पोस्ट में पूरी टीम के प्रदर्शन की तारीफ की। उन्होंने कहा, 'पहले मैच से आखिरी मैच तक यह पूरी टीम का प्रयास था। टिम, क्या शानदार पारी थी। नूर, गेंद के साथ शानदार स्पेल और जरूरत के समय विकेट। जोस ने पूरे सीजन में आगे बढ़कर नेतृत्व किया।' उन्होंने नॉकआउट मुकाबलों में टीम के एकजुट प्रदर्शन को खिताबी सफलता की सबसे बड़ी वजह बताया। गोयनका ने कप्तान जोस बटलर समेत पूरी टीम को बधाई देते हुए समर्थकों का भी शुक्रिया अदा किया।
उन्होंने कहा, 'जिस तरह पूरी टीम नॉकआउट में एक साथ आई, उसी ने इस सीजन को बदल दिया। जोस और हर उस खिलाड़ी को बधाई, जिसने यह संभव बनाया। हमारे समर्थकों का विशेष धन्यवाद। आप सभी ने इस टीम को अंत तक आगे बढ़ाया। यह जीत आप सभी के लिए है।'
Champions in our very first season! @ManchesterSG100
— Dr. Sanjiv Goenka (@DrSanjivGoenka) August 16, 2026
What a night it has been at Lord's, a proud moment for all of us in the Super Giants family. This was a team effort from the first game to the last. Tim, what an innings. Noor, a brilliant spell with the ball and wickets at… pic.twitter.com/fNOO18Wpfe
मैनचेस्टर सुपरजाएंट्स का नाम पहले मैनचेस्टर ओरिजिनल्स था। इस साल संजीव गोयनका ने टीम की ओनरशिप संभाली और फ्रेंचाइजी का नाम बदलकर मैनचेस्टर सुपरजाएंट्स कर दिया। पहले ही सीजन में टीम का चैंपियन बनना इस बदलाव को यादगार बना गया।
खिताब जीतकर भावुक हुए जोस बटलर
मैनचेस्टर सुपरजाएंट्स के कप्तान जोस बटलर के लिए भी यह जीत बेहद खास रही। मैच के बाद उन्होंने अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए कहा, 'यह भावनाओं का मिश्रण है। खिताब जीतने की खुशी और उत्साह है। आखिरी कुछ गेंदों के बाद थोड़ी राहत भी महसूस हुई। लेकिन यह सभी की शानदार कोशिश थी।' बटलर ने टीम के लगातार पांच मैच जीतकर फाइनल तक पहुंचने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'टिम ने भी कहा कि यहां तक पहुंचने और ट्रॉफी उठाने के लिए हमें लगातार पांच मैच जीतने पड़े। मुझे लगता है कि हम इसके हकदार हैं।'