VIDEO: पाकिस्तान सुपर लीग में विवाद! रिजवान-शाहीन और शकील-लाबुशेन पर क्यों भड़के वॉर्नर? स्कूल का बच्चा बताया
पीएसएल 2026 की शुरुआत से पहले विवाद बढ़ते जा रहे हैं। कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस में डेविड वॉर्नर अन्य खिलाड़ियों के व्यवहार पर भड़क गए। वहीं ईंधन संकट के चलते टूर्नामेंट सीमित वेन्यू और बिना दर्शकों के आयोजित किया जा रहा है, जिससे लीग की छवि प्रभावित हुई है।
विस्तार
जब वॉर्नर अपनी टीम की तैयारियों पर बोल रहे थे, तभी मार्नस लाबुशेन, शाहीन अफरीदी, मोहम्मद रिजवान और सऊद शकील आपस में बातचीत और हंसी-मजाक में लगे थे। इस पर वॉर्नर ने बीच में ही बोलना रोकते हुए कहा, 'क्या हो रहा है जेंटलमेन? माफ कीजिए, यहां तो स्कूल के बच्चे बैठे हैं।'
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह असहज स्थिति मोहम्मद रिजवान से जुड़े एक अजीब क्षण के बाद पैदा हुई। बताया जा रहा है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अचानक हुई इस घटना से माहौल बदल गया। जहां यह पल रिजवान के लिए काफी असहज था, वहीं अन्य कप्तानों के लिए यह हंसी का कारण बन गया और वे अपनी हंसी नहीं रोक सके। देखते ही देखते इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसी दौरान जब बाकी खिलाड़ी हंसी-मजाक में लगे थे, तो डेविड वॉर्नर नाराज हो गए।
Rizwan farted during the PSL captains
— Shah (@Shahhoon1) March 25, 2026
press conference, and all the captains started laughing.
David Warner then said, Whats wrong, gentlemen ? Do we have some school kids here ?pic.twitter.com/QMzoKKjDRw
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वॉर्नर ने कहा कि आईपीएल से रिटायर होने के बाद भी उन्होंने अपनी फिटनेस और मोटिवेशन को बनाए रखने के लिए कड़ी मेहनत की। 39 वर्षीय वॉर्नर ने पिछले साल पाकिस्तान सुपर लीग में शामिल होने से पहले अपने आईपीएल करियर में सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया। 2016 में उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद को आईपीएल का खिताब भी जिताया था। वॉर्नर ने आईपीएल में खेले 184 मैचों में 6,565 रन बनाए। वह इस लीग में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में विराट कोहली, शिखर धवन और रोहित शर्मा के बाद चौथे नंबर पर मौजूद हैं।
हालांकि आईपीएल के आखिरी दौर में उनका फॉर्म अच्छा नहीं रहा, जिसके कारण उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा और उनकी कप्तानी भी चली गई। इसके बाद फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन भी नहीं किया, हालांकि वॉर्नर ने हार नहीं मानी और अपनी फिटनेस पर लगातार काम करते रहे। 2009 से 2024 तक तीनों फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने वाले वॉर्नर ने कहा कि आईपीएल छोड़ने के बाद भी उन्होंने अपना फिटनेस रूटीन बनाए रखा।
यह दूसरा साल है, जब वॉर्नर पाकिस्तान सुपर लीग में खेलेंगे। उन्होंने पिछले साल 11 पीएसएल मुकाबलों में 368 रन बनाए थे, जिसके दम पर कराची किंग्स प्लेऑफ में पहुंचने में सफल रही थी। हालांकि प्लेऑफ में टीम को इस्लामाबाद यूनाइटेड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। वॉर्नर को उम्मीद है कि इस बार टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि टीम में कई नए और युवा खिलाड़ी शामिल हुए हैं, जो अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। इसके साथ ही उनके पुराने साथी एडम जैम्पा भी टीम में हैं, जिससे टीम को मजबूती मिलेगी।
वार्नर ने फ्रेंचाइजी क्रिकेट में सिडनी थंडर, सिडनी सिक्सर्स, सेंट लूसिया स्टार्स, विनीपेग हॉक्स, सिलहट सिक्सर्स, दुबई कैपिटल्स, सिएटल ऑर्कस और लंदन स्पिरिट का भी प्रतिनिधित्व किया है। 2020 की चैंपियन कराची किंग्स पीएसएल 2026 में अपना पहला मुकाबला क्वेटा ग्लैडिएटर्स के खिलाफ खेलेगी। टीम इस सीजन में बेहतर प्रदर्शन कर खिताब जीतने की कोशिश करेगी।
पीएसएल 2026 पहले ही कई समस्याओं से जूझ रही है। वेस्ट एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण ईंधन संकट पैदा हो गया है, जिसके चलते टूर्नामेंट को बिना दर्शकों के कराने का फैसला लिया गया। इसके अलावा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की नीतियों को लेकर भी भ्रम की स्थिति बनी हुई है, खासकर कर्मचारियों के फ्रेंचाइजी से जुड़ने को लेकर।
टूर्नामेंट का फॉर्मेट भी बदला
स्थिति को देखते हुए टूर्नामेंट के वेन्यू छह से घटाकर सिर्फ दो कर दिए गए हैं- लाहौर और कराची। ओपनिंग सेरेमनी भी रद्द कर दी गई है। पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने बताया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईंधन संकट के चलते लोगों को घरों में रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री ने सभी से मूवमेंट कम करने को कहा है। स्कूल बंद हैं, वर्क फ्रॉम होम लागू है और ईद की छुट्टियां बढ़ाई गई हैं। हमें नहीं पता यह स्थिति कब तक चलेगी।'