Indian Cricketer Arrested: गिल के साथ विश्वकप जीत चुका यह क्रिकेटर श्रीलंका में गिरफ्तार! क्या है पूरा मामला?
2018 अंडर-19 विश्व कप फाइनल में शतक लगाकर भारत को चैंपियन बनाने वाले पूर्व क्रिकेटर मनजोत कालरा को श्रीलंका में लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) के दौरान कथित रिश्वतकांड में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि जाफना किंग्स के सह-मालिक बने कालरा ने खिलाड़ियों को पैसे का लालच देकर प्रभावित करने की कोशिश की। इस मामले ने एलपीएल की शुरुआत से पहले ही टूर्नामेंट पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत को 2018 अंडर-19 विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले पूर्व सलामी बल्लेबाज मनजोत कालरा अब एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। श्रीलंकाई न्यूज एजेंसी न्यूजवायर डॉट एलके के मुताबिक, श्रीलंका पुलिस ने उन्हें लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) के दौरान खिलाड़ियों को कथित तौर पर रिश्वत देने की कोशिश के आरोप में शुक्रवार को गिरफ्तार किया। 27 वर्षीय कालरा हाल ही में एलपीएल फ्रेंचाइजी जाफना किंग्स के सह-मालिक बने थे।
खिलाड़ियों की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
- श्रीलंकाई जांच एजेंसियों के मुताबिक, कालरा ने करीब 10 दिन पहले कुछ खिलाड़ियों से संपर्क कर उन्हें पैसे का लालच देने की कोशिश की थी। इसकी शिकायत श्रीलंका के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों भानुका राजपक्षे, अविष्का फर्नांडो और दुनिथ वेलालागे ने की, जो जाफना किंग्स का हिस्सा हैं।
- जांच के दौरान एक खिलाड़ी ने पुलिस को सूचना दी कि कालरा उसे पैसे देने वाले हैं। इसके बाद पुलिस ने कोलंबो के एक होटल में छापा मारा और कालरा को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह कथित तौर पर 95 लाख श्रीलंकाई रुपये (करीब 28,700 अमेरिकी डॉलर) सौंपने की तैयारी में थे। गिरफ्तारी के बाद उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया।
मनजोत पर पहले भी लग चुके आरोप
मनजोत पर पहले भी गंभीर आरोप लग चुके हैं। 2020 में कथित उम्र में फर्जीवाड़े के मामले में दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ के तत्कालीन लोकपाल ने मनजोत को दो साल के लिए किसी भी आयु वर्ग के टूर्नामेंट में खेलने से निलंबित कर दिया था। इतना ही नहीं, इस फैसले के कारण वह उस सीजन में रणजी ट्रॉफी में खेलने का मौका भी गंवा बैठे थे।
एलपीएल पर फिर लगे भ्रष्टाचार के दाग
- यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब एलपीएल के छठे सीजन की शुरुआत हुई है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला जाफना किंग्स और गॉल गैलेंट्स के बीच खेला गया। एलपीएल पहले भी भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर सुर्खियों में रहा है।
- इसी साल दांबुला थंडर्स के मालिक तमीम रहमान को खिलाड़ी को प्रभावित करने और सट्टेबाजी गतिविधियों के आयोजन की कोशिश स्वीकार करने पर चार साल की निलंबित जेल और 2.4 करोड़ श्रीलंकाई रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई गई थी।
श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी सख्त नीति दोहराई। उन्होंने कहा, 'श्रीलंका क्रिकेट भ्रष्टाचार और अनैतिक गतिविधियों के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर कायम है। जरूरत पड़ने पर हम जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग देंगे।' बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना का टूर्नामेंट के कार्यक्रम पर कोई असर नहीं पड़ेगा और प्रतियोगिता तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगी।
मनजोत कालरा भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के बीच 2018 अंडर-19 विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई नाबाद 101 रन की पारी के लिए सबसे ज्यादा याद किए जाते हैं। पृथ्वी शॉ की कप्तानी में भारत ने वह विश्व कप जीता था और कालरा फाइनल के हीरो बने थे। हालांकि, आठ साल बाद वही खिलाड़ी अब एलपीएल के सबसे चर्चित विवाद के केंद्र में हैं। यदि जांच में आरोप साबित होते हैं तो यह मामला न सिर्फ उनके करियर, बल्कि क्रिकेट प्रशासन में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार विरोधी प्रयासों पर भी बड़ा असर डाल सकता है।