IND vs ENG Playing-11: क्या श्रेयस-गंभीर लाज बचा पाएंगे या भारत को 4-0 से रौंदकर नंबर-1 बनेगा इंग्लैंड? आज मैच
भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला साउथम्प्टन में खेला जाएगा। भारत 4-0 की शर्मनाक हार से बचने की कोशिश करेगा, जबकि इंग्लैंड की नजर जीत के साथ आईसीसी टी20 रैंकिंग में नंबर-1 बनने पर है। कप्तान हैरी ब्रूक ने भी साफ कहा है कि उनकी टीम इस लक्ष्य को हासिल करना चाहती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला शनिवार को साउथम्प्टन में खेला जाएगा। भारतीय टीम पहले ही सीरीज गंवा चुकी है और अब उसके सामने 4-0 की शर्मनाक हार से बचने की चुनौती है। दूसरी ओर, इंग्लैंड सिर्फ क्लीन स्वीप ही नहीं, बल्कि जीत के साथ आईसीसी टी20 रैंकिंग में विश्व चैंपियन भारत को पीछे छोड़कर नंबर-1 टीम बनने की दहलीज पर खड़ा है। ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है।
भारत के सामने व्हाइटवॉश से बचने की चुनौती
- श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम का प्रदर्शन उम्मीदों के बिल्कुल विपरीत रहा है। सीरीज का एक मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया, जबकि खेले गए चार में से तीन मैच भारत हार चुका है। अब आखिरी मुकाबले में हार का मतलब होगा 0-4 से सीरीज गंवाना।
- टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2006 से शुरुआत के बाद यह भारत का सबसे लंबा दौर है जहां टीम एक भी मैच नहीं जीत सकी है। बेलफास्ट से शुरू हुआ यह निराशाजनक सफर अब साउथम्प्टन में खत्म होगा, लेकिन टीम के सामने सम्मान बचाने की चुनौती है।
बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में रही नाकामी
- भारतीय बल्लेबाजी पूरी सीरीज में संघर्ष करती नजर आई। नॉटिंघम में टीम सिर्फ 76 रन पर सिमट गई, जबकि ब्रिस्टल में भी बल्लेबाज इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने बेबस दिखे।
- तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और जोश टंग की रफ्तार ने भारतीय बल्लेबाजों को खूब परेशान किया। वहीं सैम करन की धीमी और स्किड होती गेंदों को भी भारतीय बल्लेबाज पढ़ नहीं सके।
- गेंदबाजी में भी भारत की मुश्किलें कम नहीं हैं। वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा हैमस्ट्रिंग चोट के कारण बाहर हो चुके हैं।
- रवि बिश्नोई ने पिछले मैच में एक ओवर में 29 रन लुटाकर अपनी दावेदारी कमजोर कर ली है। ऐसे में टीम प्रबंधन के पास गेंदबाजी में सीमित विकल्प ही बचे हैं।
क्या प्लेइंग-11 में होंगे बदलाव?
- युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लगातार मौके मिलने की संभावना है, हालांकि शॉर्ट पिच गेंदों के खिलाफ उनकी कमजोरी सामने आई है।
- वहीं संजू सैमसन को लगातार नजरअंदाज किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। उन्हें प्लेइंग-11 में जगह तभी मिल सकती है, जब खराब फॉर्म से जूझ रहे तिलक वर्मा को बाहर किया जाए।
- हालांकि ऐसा होने पर ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर के बल्लेबाजी क्रम में भी बदलाव करना पड़ेगा।
इंग्लैंड के निशाने पर नंबर-1 रैंकिंग
- इंग्लैंड ने इस सीरीज में हर विभाग में भारत को पीछे छोड़ा है। फिल सॉल्ट, जोस बटलर, हैरी ब्रूक और जैकब बेथेल ने भारतीय गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाया।
- वहीं आदिल रशीद, विल जैक्स और लियाम डॉसन जैसे स्पिनरों ने गति में बदलाव कर भारतीय बल्लेबाजों को खूब परेशान किया।
- अब इंग्लैंड की नजर सिर्फ सीरीज जीतने पर नहीं, बल्कि आईसीसी टी20 रैंकिंग में नंबर-1 बनने पर भी है।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 34 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं।
- कुल मैच: 34
- भारत जीता: 18
- इंग्लैंड जीता: 15
- बेनतीजा: 1
हैरी ब्रूक ने नंबर-1 बनने का जताया इरादा
इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने साफ कहा कि उनकी टीम आखिरी मैच जीतकर दुनिया की नंबर-1 टीम बनना चाहती है। ब्रूक ने कहा, 'अगर हम अगला मैच जीतते हैं तो हम दुनिया की नंबर-1 टीम बन जाएंगे। यह हमारे लिए बड़ा लक्ष्य है। भारत मजबूत टीम है। भले ही इस सीरीज में वह अपने पिछले कुछ वर्षों जैसा प्रदर्शन नहीं कर पाया हो, लेकिन हमने अपनी योजनाओं को शानदार तरीके से लागू किया है। भारत को 4-0 से हराना बेहद खास उपलब्धि होगी। अगर इसके साथ हम दुनिया की नंबर-1 टीम भी बन जाते हैं तो यह और भी बड़ी बात होगी।'
'इतनी एकतरफा सीरीज की उम्मीद नहीं थी'
ब्रूक ने माना कि उन्होंने भारत के खिलाफ इतनी आसान सीरीज की उम्मीद नहीं की थी। उन्होंने भारतीय टीम पर तंज कसते हुए कहा, 'सच कहूं तो मैंने नहीं सोचा था कि यह सीरीज इतनी एकतरफा होगी। हमारी व्हाइट बॉल टीम लगातार अच्छा क्रिकेट खेल रही है। हमने परिस्थितियों के अनुसार खुद को शानदार ढंग से ढाला है। विश्व कप में भी हमारा प्रदर्शन अच्छा रहा था। अभी भी एक मैच बाकी है और उम्मीद है कि हम नंबर-1 बनकर इस सीरीज का अंत करेंगे।'
भारत बचा पाएगा सम्मान?
साउथम्प्टन में होने वाला मुकाबला दोनों टीमों के लिए अलग-अलग मायने रखता है। भारत जहां हार के दाग को थोड़ा हल्का करने और 4-0 के व्हाइटवॉश से बचने उतरेगा, वहीं इंग्लैंड इतिहास रचते हुए विश्व चैंपियन भारत को हराकर आईसीसी टी20 रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल करना चाहेगा।
भारत की संभावित प्लेइंग-11: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा/संजू सैमसन, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह।
इंग्लैंड की संभावित प्लेइंग-11: फिल सॉल्ट, जोस बटलर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक (कप्तान), टॉम बैंटन, विल जैक्स, सैम करन, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग, आदिल रशीद, रेहान अहमद।
भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टी20 मैच कब खेला जाएगा?
भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टी20 मैच 11 जुलाई यानी शनिवार को खेला जाएगा।
भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टी20 मैच कहां खेला जाएगा?
भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टी20 मैच साउथैम्प्टन में खेला जाएगा।
भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टी20 मैच कितने बजे से खेला जाएगा?
भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टी20 मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजे से खेला जाएगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम साढ़े छह बजे होगा।
भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टी20 मैच कहां देख पाएंगे?
भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का प्रसारण अधिकार सोनी स्पोर्ट्स के पास है और दर्शक इसके मुकाबले सोनी के स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकेंगे। इसके अलावा मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोस्टार एप पर होगी। आप Amarujala.com पर भी मैच के लाइव अपडेट्स पढ़ सकते हैं।