Uttarakhand: चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण शुरु, कल सीएम यात्रियों के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना
चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण शुरु हो गए हैं। कल सीएम धामी यात्रियों के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मध्य प्रदेश के शहडोल जनपद से आए तीर्थ यात्रियों ने हरिद्वार ऋषिकुल मैदान में ऑफलाइन यात्री पंजीकरण केंद्र में पहला पंजीकरण कराया।
विस्तार
चारधाम यात्रा के लिए ट्रांजिट कैंप में तीर्थयात्रियों का पंजीकरण शुरु हो गया है। पंजीकरण काम का सुबह छह बजे से शुरु हुआ। जो शाम तक चला। वहीं चारधाम यात्रा प्रशासन और स्थानीय प्रशासन की ओर से कल 18 अप्रैल शनिवार को सीएम के दौरे को लेकर व्यवस्थाओं को लेकर बैठक की गई।
मुख्यमंत्री यात्रियों के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। चारधाम यात्रा पंजीकरण प्रभारी प्रेमानंद ने बताया कि सुबह छह बजे से सभी 30 काउंटरों पर पंजीकरण शुरु कर दिया गया है। इसमें 24 काउंटर ट्रांजिट कैंप में और छह काउंटर आईएसबीटी में खुले हैं। दोपहर 12 बजे तक करीब 150 यात्रियों ने पंजीकरण कराया। सबसे पहले नेपाल से आए तीस यात्रियों ने पंजीकरण कराया।
वहीं यात्रा प्रशासन के विशेष कार्याधिकारी पीपी नौटियाल ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर दी गई हैं। वहीं एसडीएम ने भी नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर साफ सफाई दुरुस्त करने। ट्रांजिट कैंप में कर्मचारियों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 11 बजे यात्रियों के वाहनों को हरी झंडी दिखाएंगे।
हरिद्वार ऋषिकुल मैदान में ऑफलाइन पंजीकरण
मध्य प्रदेश के शहडोल जनपद से आए तीर्थ यात्रियों ने हरिद्वार ऋषिकुल मैदान में ऑफलाइन यात्री पंजीकरण केंद्र में पहला पंजीकरण कराया। अतिथि देवो भव की परंपरा से फूल मालाओं एवं टिका चंदन से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने तीर्थ यात्रियों का स्वागत किया। ऋषिकुल ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र में जिला प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंदकी गई है।
ट्रांसपोर्टर बोले डग्गामार वाहन रोके परिवहन विभाग
आईएसबीटी स्थित सभागार में एसपी देहात जया बलूनी के नेृतत्व में बैठक हुई। ट्रांसपोर्टरों ने कहा कि यात्रा के दौरान कई डग्गामार वाहन संचालित होते हैं। इनको रोकने के उपाय किए जाएं। इस पर एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान जिन वाहनों की उसी दिन की टोल पर्ची होगी उनका ही ग्रीन कार्ड बनाया जा रहा है। दूसरे राज्यों के वाहनों के लिए 15 दिन की अवधि का ग्रीन कार्ड बनता है। ट्रांसपोर्टर बिजेंद्र कंडारी ने कहा कि यात्रा के लिए नया रूल आया है। इसमें राज्य के वाहन अपने राज्य के अंदर से ही यात्रियों को उठाएंगे और उन्हें राज्य के अंदर ही छोड़ेंगे। बैठक के दौरान नगर आयुक्त व्यापारियों से नाली के ऊपर अतिक्रमण स्वयं हटाने को कहा।
-हम नेपाल से उत्तराखंड पहली बार आए हैं। हम नेपाल से 30 यात्रियों का दल आया है। यहां पर प्रशासन की ओर से अच्छी व्यवस्था की गई है। हमें यहां प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां दी गई। हम सभी यात्रियों की सफल यात्रा की कामना करते हैं।- खेमराज सुवेदी, नेपाल
चारधाम यात्रा पर जाने के लिए काफी खुशी है। उत्तराखंड में आने का अच्छा अनुभव है। प्रशासन की ओर से हमें यात्रा के दौरान सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी गई। हम काफी खुश है। बाबा केदार के आशीर्वाद से हर साल आएंगे। - राधा कृष्ण घिमिरे
यात्रा के सफल संचालन के भद्रकाली मंदिर में की पूजा
- चारधाम यात्रा के सफल संचालन के लिए परिवहन विभाग की ओर से भद्रकाली मंदिर में पूजा अर्चना की गई। एआरटीओ प्रशासन रावत सिंह कटारिया और एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत ने पूजा अर्चना कर चारधाम यात्रा के सफल संचालन की कामना की। इस अवसर आरआई प्रदीप रौथाण, टीजीएमओ के अध्यक्ष जितेंद्र नेगी, प्यारेलाल जुगरान, मुकेश तिवाड़ी आदि उपस्थित रहे।
ये भी पढे़ं...चारधाम यात्रा: तीर्थयात्री खुद भी रखें सेहत का ख्याल, 13 भाषाओं में दिशा-निर्देश जारी, इन बातों का दें ध्यान
चारधाम यात्रा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर दी गई है। इस दौरान यात्रा से संबंधित स्टेक होल्डरों के साथ बैठक की गई। जिसमें ट्रांसपोर्टरों और व्यापारियों के सुझाव सुने गए। शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जल्द ही जाएगी। चारधाम यात्रा के दौरान सड़क के किनारे जो अवैध स्टैंड बने हैं उन्हें हटवाया जाएगा। - योगेश मेहरा, एसडीएम ऋषिकेश
