सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   Gandhi Jayanti 2019 BJP foot march in every assembly constituency in Uttarakhand

Gandhi Jayanti 2019: उत्तराखंड में गांधी संकल्प यात्रा शुरू, पांचों सांसदों ने की गांधीगीरी

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून Published by: Nirmala Suyal Nirmala Suyal Updated Thu, 03 Oct 2019 09:04 AM IST
विज्ञापन
Gandhi Jayanti 2019 BJP foot march in every assembly constituency in Uttarakhand
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने की पदयात्रा की शुरुआत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती को भाजपा ने अलग अंदाज में मनाया। पार्टी ने पांचों लोकसभा क्षेत्रों में गांधी संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया। पार्टी के पांचों सांसदों ने अपने-अपने चुनाव क्षेत्रों में पदयात्राएं कीं। कहीं वे सफाई अभियान में शामिल हुए तो कहीं उन्होंने नुक्कड़ सभाएं कीं। जगह-जगह सिंगल यूज्ड प्लास्टिक मुक्त प्रदेश बनाने की शपथ दिलाई गई। दिनभर सांसदों की अपने अंदाज में गांधीगीरी चलती रही। इस गांधीगिरी में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा के संगठन महामंत्री अजय कुमार, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, अनिल गोयल और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। सभी महानुभावों ने अपने दिन की शुरुआत बापू और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ की।

Trending Videos


पांचों सांसदों ने निकाली पद यात्रा
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती को भाजपा ने अलग अंदाज में मनाया। पार्टी ने पांचों लोकसभा क्षेत्रों में गांधी संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया। भाजपा के पांचों सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्र में पदयात्रा निकाली। टिहरी की सांसद माला राज्यलक्ष्मी देहरादून में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ राजपुर रोड स्थित बहल चौक से गांधी पार्क तक चली पद यात्रा में शामिल हुईं। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक अपने चुनाव क्षेत्र हरिद्वार में नारसन सीमा से गांधी संकल्प यात्रा की शुरुआत की। उनकी पदयात्रा गुरुकुल आड़ू, टिकोला कला, खनौता, शेरपुर, गदरपुर, जुड्डा, मंगलौर होते हुए लंढौरा पहुंचकर संपन्न हुई। करीब 10 किमी की यात्रा के दौरान उन्होंने एक सभा को भी संबोधित किया, जिसमें उन्होंने गांधी के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। नैनीताल के सांसद अजय भट्ट ने हल्द्वानी में यात्रा का शुभारंभ किया। उनके नेतृत्व में पदयात्रा भाजपा कार्यालय से आरंभ हुई और कालाढूंगी चौराहा से नैनीताल मुख्य मार्ग से होते हुए हाइडिल गेट, पनचक्की चौराहे से वापस भाजपा कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। उनकी यात्रा भी 10 किमी चली। उधर, अल्मोड़ा के सांसद अजय टम्टा ने अल्मोड़ा चौक से संकल्प यात्रा का आगाज किया। यहां से यात्रा ऐतिहासिक जेल से होते हुए वापस गांधी चौक पहुंची। इस पांच किमी यात्रा में भाजपा के नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। जबकि गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने संकल्प यात्रा का शुभारंभ कोटद्वार के विद्या मंदिर से किया। उनके नेतृत्व में यात्रा नगर क्षेत्र से होते हुए मोटा ढांग से गुजरी।
विज्ञापन
विज्ञापन


भाजपा कार्यालय में चला सफाई अभियान
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में भी सफाई अभियान चला। पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री अजय कुमार के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यालय के प्रांगण में साफ सफाई की।

कहीं चला सफाई अभियान तो कहीं प्लास्टिक के खिलाफ ली गई शपथ 

राज्यपाल ने स्वच्छता कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए लगाई झाड़ू

गांधी शास्त्री जयंती पर राजभवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर राजभवन में रामधुन एवं भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक हरबंस कपूर, देशराज कर्णवाल, मुन्नी देवी शाह, सचिव राज्यपाल रमेश कुमार सुधांशु सहित राजभवन के समस्त अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। भारतखण्डे संगीत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बापू के प्रिय भजनों का प्रस्तुतीकरण दिया। इस अवसर पर राज्यपाल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत भूषण को सम्मानित भी किया। राज्यपाल ने राजभवन सचिवालय परिसर में स्वच्छता कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए झाड़ू लगाई। इस दौरान राज्यपाल ने निर्देश दिए कि राजभवन सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त होगा। प्लास्टिक की पानी की बोतलों का अब प्रयोग नहीं होगा। राजभवन पर्यावरण संरक्षण हेतु और प्रदूषण रोकने के लिए ग्रीन स्टेप्स उठाएगा।

उच्च शिक्षा में बढ़ाएंगे रिसर्च वर्क : निशंक

केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि आईआईटी रुड़की को विश्वस्तरीय बनाया जाएगा। पीएम फेलोशिप के माध्यम से उच्च शिक्षा में रिसर्च वर्क को बढ़ाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि पर्वतीय राज्यों में उत्तराखंड का सबसे तेजी से विकास हुआ है। पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं बढ़ी हैं।

मुजफ्फरनगर शहर के रामपुर तिराहा स्थित शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि देने पहुंचे केंद्रीय मंत्री निशंक ने एक अक्तूबर 1994 की रात्रि में शहीद हुए आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद उन्होंने शहीदों की स्मृति में बनाई गई गैलरी को भी देखा। पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने कहा कि भारत सरकार शोध कार्यों को बढ़ावा दे रही है। उच्च शिक्षा में रिसर्च वर्क को बढ़ावा देने के लिए सभी प्रकार के प्रयास किए जा रहे हैं। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। छोटा राज्य होते हुए भी उत्तराखंड शिक्षा के क्षेत्र में काफी आगे हैं, इसे हम शिक्षा का हब कह सकते हैं। 18 यूनिवर्सिटी हैं, रुड़की में आईआईटी और मसूरी में आईएएस का ट्रेनिंग सेंटर है। उनका मंत्रालय आईआईटी रुड़की को विश्व स्तरीय बनाने के लिए कार्य योजना बना रहा है। प्रदेश के विकास में केंद्र सरकार पूरा सहयोग कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार धाम यात्रा के लिए साढे़ बारह हजार करोड़ का पैकेज जारी किया है। इससे चार धाम की यात्रा सुलभ होगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में उत्तराखंड में अपार संभावनाएं हैं। शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनकी सोच के अनुरूप प्रदेश का निर्माण करें। 

दोषियों को सजा जरूर मिलेगी
रामपुर तिराहे की घटना को 25 साल बीत जाने के बाद भी घटना के दोषियों को सजा नहीं मिलने के सवाल पर रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि दोषियों को सजा जरूर मिलेगी। जांच का विषय है, जांच चल रही है, हमें पूरी उम्मीद है कि इंसाफ जरूर होगा।

मुख्यमंत्री ने दिलाई सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने की शपथ

गांधी जयंती पर बुधवार को मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भाजपाइयों ने बहल चौक से गांधी पार्क तक पदयात्रा की। गांधी पार्क में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर मुख्यमंत्री ने लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने की शपथ दिलाई। इसके बाद मुख्यमंत्री कचहरी स्थित शहीद स्मारक पहुंचे और शहीद आंदोलनकारियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। गांधी पार्क में शपथ दिलाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण की दृष्टि से सिंगल यूज प्लास्टिक सबके लिए हानिकारक है। उन्होंने कहा कि आज से उत्तराखंड में इस तरह की प्लास्टिक पर पूर्णरूप से प्रतिबंध लगा दिया है। सरकार ने इसके लिए नियम बनाए हैं। आम जनता के सहयोग के बिना यह मुहिम अधूरी है।

गांधी जी ने भी स्वच्छता का संदेश दिया था। उनके विचारों और आदर्शों से हर व्यक्ति में नई ऊर्जा एवं प्रेरणा का संचार होता है। लालबहादुर शास्त्री को भी श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि वह सच्चे अर्थों में भारत रत्न थे। उन्होंने ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और दृढ़ संकल्प से भारत का नेतृत्व किया। उन्होंने जय जवान, जय किसान का नारा देकर न केवल सैनिकों का मान बढ़ाया, बल्कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाने का भी भरसक प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने गांधी पार्क में उपस्थित गीता भवन स्कूल एवं ग्राफिक एरा कॉलेज के छात्रों को सफाई अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। पदयात्रा में सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, प्रदेश महामंत्री अजय कुमार, उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, अनिल गोयल, खजानदास, विरेंद्र बिष्ट, रविंद्र कटारिया, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक हरबंश कपूर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा कार्यालय में सफाई अभियान चलाया गया।

शहीद स्थल पर आंदोलनकारी शहीदों को किया नमन 

गांधी पार्क से मुख्यमंत्री कचहरी स्थित शहीद स्थल पहुंचे। वहां उन्होंने आंदोलन के शहीदों के चित्रों पर पुष्पचक्र और पुष्पांजलि कर उन्हें श्रद्घासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आंदोलनकारी शहीदों के कारण अलग राज्य बना सका। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों के भावनाओं के अनुरूप जहां अटल बिहारी बाजपेयी ने उत्तराखंड राज्य की घोषणा की और उत्तराखंड राज्य को विशेष आर्थिक पैकेज दिया वहीं वर्तमान में प्रधानमंत्री मोदी भी उत्तराखंड के विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने ऑल वेदर रोड, कर्णप्रयाग रेलवे लाइन एवं अन्य प्रोजेक्टों के माध्यम से उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के राह खोल दिए हैं। 

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य व अहिंसा का सिद्धांत आज भी प्रासंगिक : मुख्यमंत्री 

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने गांधी जयंती के अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का भावपूर्ण स्मरण किया। गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य व अहिंसा का सिद्धांत आज भी प्रासंगिक है। हमें अपने आचरण में अहिंसा का भाव जागृत करने के साथ ही मानवता के प्रति करुणा का भाव पैदा करना होगा। यही हमारी उस महान व्यक्ति के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भी महात्मा गांधी विश्व पटल पर शांति और अहिंसा के प्रतीक है।

पूरा देश इस वर्ष उनकी 150वीं जयंती मना रहा है। संयुक्त राष्ट्र वर्ष 2007 से गांधी जयंती को विश्व अहिंसा दिवस के रूप में मना रहा है। महात्मा गांधी की लोकप्रियता इससे भी परिलक्षित होती है कि भारत में अंग्रेजी राज के विरुद्ध संघर्ष करने पर उनकी प्रतिमा इंग्लैंड की संसद के बाहर स्थापित है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत महात्मा गांधी का सपना था। राज्य सरकार ने स्वच्छता के लिए प्रदेश को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने के अभियान की शुरूआत की गई है। आमजन को भी इसमें अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। मुख्यमंत्री रावत बुधवार को सुबह नौ बजे गांधी पार्क देहरादून में राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।

पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री को मुख्यमंत्री ने किया याद
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उन्हें याद कर पुष्पांजलि अर्पित की है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान जय किसान का नारा देकर देश को संकट के समय स्वाभिमान और एकजुटता के साथ मजबूती से खड़े होने का संदेश दिया। उनके सिद्धांत एवं आदर्शों का अनुसरण कर हम देश और प्रदेश को उन्नति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ा सकते हैं। शास्त्री जी ने सार्वजनिक जीवन में सादगी, सत्यनिष्ठा, लगन, नैतिकता व राष्ट्र के प्रति समर्पण की जो मिसाल कायम की, वह हम सबके लिए प्रेरक है।

राज्यपाल ने दी महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री को अर्पित की पुष्पांजलि  
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती व स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की 115वीं जयंती पर राष्ट्रपिता और शास्त्री जी को पुष्पांजलि अर्पित की है। राज्यपाल ने कहा कि इस वर्ष हम सत्य व अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी की 150वीं जयंती मना रहे है। महात्मा गांधी संपूर्ण विश्व के लिए प्रेरणा स्त्रोत हैं। गांधी जी के विचार हर दौर के लिए प्रासंगिक है। उनके नेतृत्व में स्वाधीनता आंदोलन न केवल देश को राजनीतिक आजादी दिलाने का संघर्ष था बल्कि एक सामाजिक, सांस्कृतिक व भावात्मक संघर्ष भी था। महात्मा गांधी ने चंपारण सत्याग्रह, असहयोग आंदोलन, नमक सत्याग्रह और भारत छोड़ो आंदोलन के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत को भारत छोड़ने के लिए विवश कर दिया। वे सामाजिक समरसता और सामाजिक समानता के पक्षधर थे। उनके स्वच्छ भारत के सपने को पूरा करने के लिए इस समय देश में स्वच्छता का महायज्ञ चल रहा है, जिसमें सभी को अपने योगदान की आहुति देनी है। राज्यपाल ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए कहा कि उनकी सादगी, सरलता, देशभक्ति तथा ईमानदारी से भरा जीवन आचरण, हम सभी के लिए प्रेरक है। जय जवान जय किसान के उनके उद्घोष ने पूरे देश में ऊर्जा व उत्साह का संचार किया था।

नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें : https://www.facebook.com/AuNewsDehradun/

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed