दिल्ली में पानी का संकट: भाजपा का 'मटका फोड़' प्रदर्शन जारी, AAP का पलटवार; गंदे पाने से कब मिलेगी मुक्ति
राजधानी दिल्ली में पाना का संकट बरकरार है। जिसके बाद कांग्रेस और भाजपा ने दिल्ली सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। मोती नगर इलाके में भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। लोग गंदा पानी पीने को भी मजबूर हैं।
विस्तार
राजधानी में गहराते पेयजल संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मोर्चा खोल रखा है। इसी कड़ी में मोती नगर फन सिनेमा के पास पानी की किल्लत को लेकर भाजपा के नेता और कार्यकर्ता मटका फोड़ प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे पहले प्रदेश भाजपा ने प्रमुख 14 स्थानों पर दिल्ली सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। लोग गंदा पानी पीने को भी मजबूर हैं।
प्रदेश भाजपा ने प्रमुख 14 स्थानों पर आम आदमी पार्टी के खिलाफ मटका फोड़ प्रदर्शन किया। लक्ष्मी नगर चौक पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, दुर्गापुरी चौक पर सांसद मनोज तिवारी, संगम विहार में सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, नजफगढ़ में कमलजीत सहरावत, जहांगीरपुरी में योगेंद्र चंदोलिया, आरके पुरम जलबोर्ड कार्यालय के समीप सांसद बांसुरी स्वराज, चांदनी चौक में प्रवीण शंकर कपूर प्रदर्शन में मौजूद रहे।
इसके अलावा भाजपा के सभी विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विरोध दर्ज कराया। भाजपा नेताओं ने कहा कि केजरीवाल सरकार की लापरवाही के कारण लगातार पानी की किल्लत हो रही है। भाजपा जनता की आवाज बनकर सड़कों पर उतरी है। गंदी राजनीति का पर्दाफाश कर टैंकर माफिया को खत्म करेंगे।
आप सांसद ने भाजपा पर सका तंज
दिल्ली सरकार के खिलाफ जल संकट के मामले पर भाजपा के प्रदर्शन को लेकर आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली में जल संकट के लिए भाजपा जिम्मेदार है। जब मैंने कहा कि इसका मतलब है कि भाजपा नहीं चाहती है कि दिल्ली के लोगों को पानी मिले।
#WATCH | Delhi | On BJP protest against Delhi govt over water crisis issue in Delhi, AAP MP Sanjay Singh says, "BJP sponsored water crisis is happening in Delhi. When I say this, it means that the BJP does not want the people of Delhi should get water..." pic.twitter.com/duHkdMlvtr
— ANI (@ANI) June 17, 2024
भाजपा वाले दिल्ली के अंदर पानी की समस्या को सुलझाने के लिए नहीं बल्कि जल संकट को और गंभीर करने के लिए काम कर रहे हैं। दिल्ली को अगर हरियाणा से उसके हक का पानी मिल जाए तो पानी की किल्लत तुरंत खत्म हो जाएगी। दिल्ली के लोगों ने भाजपा को सातों सांसद दिये हैं, वह दिल्ली के हक का पानी दिलाने के लिए हरियाणा की अपनी ही पार्टी की सरकार से बात करें।
भाजपा कर रही पाप
दिल्ली का जल संकट भाजपा, एलजी और हरियाणा की भाजपा सरकार द्वारा प्रायोजित जल संकट है। ये दिल्ली के लोगों को पानी नहीं देकर पाप कर रहे हैं। दिल्ली में सातों सांसद भाजपा के हैं। वह हरियाणा में अपनी पार्टी की सरकार से दिल्ली के हक का पानी क्यों नहीं दिलवा रहे हैं। भाजपा के गुंडे दिल्ली जल बोर्ड के दफ्तर में तोड़फोड़ कर रहे हैं। आप इससे पानी की समस्या बढ़ा रहे हैं या घटा रहे हैं?
केजरीवाल सरकार की कुव्यवस्था : सचदेवा
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में पानी की कमी कोई प्राकृतिक कारण से नहीं, बल्कि आप और केजरीवाल सरकार की कुव्यवस्था व लापरवाही का नतीजा है। जलबोर्ड के चेयरमैन जब से मुख्यमंत्री बने तब से बोर्ड को लूटने और पानी की चोरी का खेल शुरू हुआ। 600 करोड़ रुपये के लाभ से लेकर जल बोर्ड को 73000 करोड़ रुपये के घाटे तक लाने के जिम्मेदार सिर्फ केजरीवाल हैं। विधायक प्रकाश जारवाल, भावना गौड़, दिनेश मोहनिया सहित अन्य विधायकों ने पानी सप्लाई को धंधा बना दिया है।
जनता भुगत रही खामियाजा : मनोज तिवारी
सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल एक ऐसी सरकार चला रहे हैं जहां सिर्फ भ्रष्टाचार का जन्म होता है। जब वे जेल के अंदर थे तो दिल्लीवालों के लिए पानी और बिजली की बातें करते थे, लेकिन जब बाहर आए तो उन्होंने न ही पानी की व्यवस्था की और न ही बिजली की। इसी का खामियाजा दिल्ली की जनता भुगत रही हैं।
जल बोर्ड भ्रष्टाचार का अड्डा बना : बिधूड़ी
सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि जल बोर्ड भ्रष्टाचार का अड्डा है, लेकिन जब भी इस मुद्दे को विधानसभा में भाजपा विधायक उठाते थे तो उन्हें सदन से बाहर कर दिया जाता है। दिल्ली की जनता के सामने सच्चाई सामने आ रही है। आम लोग सड़क पर विरोध के लिए उतर आए है।
जल संकट लापरवाही का सबूत : कमलजीत
सांसद कमलजीत सहरावत ने जलसंकट केजरीवाल की लापरवाही का सबूत बन चुका है। पाइप लाइन में लीकेज मुख्य वजह है। रविवार को द्वारका जलबोर्ड के अधिकारियों को बुलाकर पानी के रिसाव से अवगत भी कराया गया। इसका खामियाजा मुख्यमंत्री को आगामी चुनाव में भुगतना पड़ेगा।
लगातार पानी की हो रही चोरी : योगेंद्र चंदोलिया
सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि लगातार पानी की चोरी हो रही है। इस पर लगाम लगाने की जगह आप नेता सिर्फ हरियाणा सरकार पर आरोप लगा रहे हैं। हरियाणा सरकार जरूरत से ज्यादा पानी की सप्लाई कर रही है। मुनक नहर में पानी के बहाव को आसानी से देखा जा सकता है।
54 फीसदी पानी की बर्बादी : बांसुरी
सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि दिल्ली में पानी की कमी प्राकृतिक संकट नहीं, बल्कि बनावटी संकट है जो आप सरकार द्वारा बनाया गया है। एक दशक के शासन काल में भी आप ने जलबोर्ड के इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए कोई काम नहीं किया जिससे 54 फीसदी पानी की बर्बादी और चोरी हो रही है।
10 साल में 73 हजार करोड़ का घाटा : कपूर
चांदनी चौक स्थित सदर थाने के पास प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने किया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार में शराब घोटाले की खूब चर्चा होती है, लेकिन सच यह है कि दिल्ली जल बोर्ड को 10 साल में 73 हजार करोड़ के घाटे में ला दिया गया। दिल्ली की भ्रष्ट केजरीवाल सरकार की वजह से पानी की कमी हुई है।
वहीं, इस घटना के बाद जल मंत्री आतिशी ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं व नेताओं ने कार्यालय पर प्रदर्शन करने के दौरान तोड़फोड़ की। भाजपाइयों ने बोर्ड कार्यालय में मटके फेंके और शीशे तोड़ दिए।
घटना में भाजपा के पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी का हाथ है। तोड़फोड़ के दौरान रमेश बिधूड़ी प्रदर्शनकारियों के साथ मौजूद थे। तोड़फोड़ के संबंध में दिल्ली पुलिस को शिकायत की गई है और घटना के संबंध में वीडियो भी सौंपा गया है। आतिशी ने मामले में रमेश बिधूड़ी के खिलाफ एफआईआर करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष धीरज सिंह राजपूत ने भी इस दौरान मौजूद थे।