{"_id":"69926ff806042b99e402730a","slug":"delhi-murder-woman-murdered-after-entering-her-house-2026-02-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi Murder: घर में घुसकर महिला की हत्या, पैसों के विवाद में चाकू से गोदा; 500 रुपये के लिए ले ली युवक की जान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi Murder: घर में घुसकर महिला की हत्या, पैसों के विवाद में चाकू से गोदा; 500 रुपये के लिए ले ली युवक की जान
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 16 Feb 2026 06:46 AM IST
विज्ञापन
सार
मृतका की शिनाख्त विमला देवी (55) के रूप में हुई है। सुबह महिला जब सो कर नहीं उठी तो पड़ोसी इनको देखने घर पहुंचे। घर में खून से लथपथ शव पड़ा देखकर पड़ोसियों ने शोर मचाया।
विज्ञापन
विस्तार
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतका की शिनाख्त विमला देवी (55) के रूप में हुई है। सुबह महिला जब सो कर नहीं उठी तो पड़ोसी इनको देखने घर पहुंचे। घर में खून से लथपथ शव पड़ा देखकर पड़ोसियों ने शोर मचाया।
Trending Videos
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। क्राइम टीम व एफएसएल को मौके पर बुला लिया गया। मृतका का गला रेतने के अलावा दोनों हाथों पर किसी धारदार हथियार से कट के निशान मिले हैं। ऐसा लगता है कि महिला ने बचने की खूब कोशिश की। हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच के बाद पता चला है कि महिला का कुछ परिजनों से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस आशंका जता रही है कि इसी वजह से हत्या की गई। वारदात के समय महिला के पति गांव गए हुए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस के सूचना देने पर वह वापस लौटे तो पूछताछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से एटा, यूपी की रहने वाली विमला देवी परिवार के साथ अमर कालोनी, ज्योति नगर में रहती थीं। इनके परिवार में पति महावीर के अलावा दो बेटे हैं। इनका एक बेटा राजस्थान में रहता है जबकि दूसरा बेटा अलग रहता है। कुछ दिनों से इनके पति एटा, यूपी गए हुए थे। पति एक निजी कंपनी से रिटायर हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच कर आरोपी का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
एनजीओ निदेशक ने साथी को चाकू से गोदकर मार डाला
हरिनगर इलाके में पैसे के लेन-देन के विवाद में एक एनजीओ निदेशक ने अपने ही संगठन से जुड़े व्यक्ति की चाकू गोदकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान उत्तम नगर निवासी 46 वर्षीय हरीश कंडवाल के रूप में हुई है। आरोपी घायल हरीश को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराकर फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान फर्श बाजार निवासी 46 वर्षीय आसिम अली के रूप में हुई है।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि शनिवार देर रात अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति को चाकू लगने के बाद भर्ती कराया गया है। पुलिस मौके पर पहुंची तो डॉक्टरों ने घायल को मृत घोषित कर दिया। उसकी गर्दन पर गंभीर चाकू का घाव था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या का मामला दर्ज किया।
जांच में पता चला कि हरीश हाल ही में आसिम के एनजीओ से जुड़ा था और फंड मैनेजमेंट का काम देखता था। दोनों के बीच लाखों रुपये को लेकर विवाद चल रहा था। हरिनगर के सीडी ब्लॉक के पास झगड़े के दौरान आसिम ने गुस्से में चाकू से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुद को बचाने के लिए घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
500 रुपये के विवाद में बेघर युवक की ले ली जान
पुलिस ने चांदनी चौक के गांधी पार्क में 7 फरवरी को युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या करने की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के शामली निवासी जुनैद खान (24) के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके पास से वारदात के समय पहने खून से सने कपड़े और हत्या में इस्तेमाल पत्थर बरामद किया है। उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि 7 फरवरी को गांधी पार्क में करीब 20-25 वर्षीय युवक का शव मिला था। चेहरे पर पत्थर से वार के निशान थे और पास में खून से सना पत्थर पड़ा था।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने करीब 250 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 400 लोगों से पूछताछ की। पता चला कि मृतक कांचा को 6 फरवरी की रात आरोपी जुनैद के साथ देखा गया था। तलाश तेज की गई और 12 फरवरी को खोया वाली गली चांदनी चौक से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
नाबालिग की छत से गिरकर नहीं दोस्तों ने चाकू मारकर की थी हत्या
विजय विहार इलाके में 17 साल के हर्ष की उसके दोस्तों ने चाकू मारकर हत्या की थी। घायल होने के बाद पीड़ित ने दोस्तों की धमकी के डर से परिवार वालों को छत से गिरने और सरिया घुसने की बात कही थी। डॉक्टरों ने पीड़ित के शरीर में चाकू से वार करने की आशंका जताई थी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी इस बात की पुष्टि हो गई।
इस खुलासे के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मृत हर्ष के एक नाबालिग दोस्त को पकड़ लिया है जबकि भागे हुए उसके एक नाबालिग की तलाश कर रही है। रोहिणी जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने बताया कि आरोपी नाबालिग ने पूछताछ में बताया कि वह भी उसी मकान में परिवार के साथ किराए पर रहता है, जिसमें हर्ष रहता था। 11 फरवरी को वह हर्ष और एक अन्य नाबालिग दोस्त छत पर बातचीत कर रहे थे।
इस दौरान उसने हर्ष से उसकी टोपी छीन ली। हर्ष ने टोपी वापस मांगी। नहीं देने पर हर्ष गाली देने लगा। तब उसने अपने साथ मौजूद दोस्त को हर्ष को पकड़ने के लिए कहा और चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने बताया कि उसने हर्ष को इलाज करवाने और उसे बचा लेने का आश्वासन दिया और धमकी दी कि वह परिवार वालों को सरिया पर गिरने से चोट लगने की बात कहे।