Delhi: दिल्ली पुलिस ने नकली जूते बनाने वाली फैक्टरी का किया भंडाफोड़, तीन आरोपी किए गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की एंटी-एक्सटॉर्शन और किडनैपिंग सेल ने 28 जनवरी को सोनिया विहार इलाके में एक नकली जूता निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया। इस इकाई में नाइकी, एडिडास, न्यू बैलेंस और स्केचर्स जैसे प्रतिष्ठित ब्रांडों के डुप्लीकेट जूते बनाए जा रहे थे। इस मामले में इकाई के मालिक संदीप सिंह को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, आगे की जांच और आरोपी संदीप सिंह के खुलासे पर, इदु अंसारी उर्फ राजू को नंगलोई इलाके से गिरफ्तार किया गया। आरोपी नकली जूतों पर अवैध प्रिंटिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली डाई को डिजाइन करने और बनाने में शामिल था। उसके कब्जे से एक कंप्यूटर सिस्टम, पेन ड्राइव और भारी औद्योगिक मशीनें बरामद की गईं।
इसके अतिरिक्त, मंडोली एक्सटेंशन इलाके में नकली जूते की एक असेंबली इकाई का भी भंडाफोड़ किया गया। इस इकाई के संचालक पिंटू को गिरफ्तार किया गया। वह नकली जूतों को असेंबल करने और फिनिशिंग करने में शामिल था। मौके से हजारों नकली जूते, सोल, अपर, स्टिकर और मशीनरी बरामद की गई।
