फिर भीगेगा दिल्ली-NCR: नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, तीन दिन बरसेंगे बदरा, यलो अलर्ट जारी; फिर बढ़ेगी ठिठुरन
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में दिल्ली में न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के बाद फिर 5-7 डिग्री बढ़ोतरी का अनुमान है। अगले 24 घंटे में तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर रहने की संभावना है, फिर अगले दिन कुछ नीचे और उसके बाद सामान्य से काफी ऊपर रहेगा। अगले 7 दिन के दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम रहने की संभावना है।
विस्तार
दिल्ली-एनसीआर में वीकेंड पर फिर बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाएं चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। हिमालय में बन रहे एक और पश्चिमी विक्षोभ के कारण तीन दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान है। दिल्ली में पिछले दो दिनों से बादल छाए हैं। जल्द ही फिर से बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में असर दिखाएगा। इससे तीन दिन दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
ठंड हवाओं से बढ़ी गलन
गुरुवार को सुबह की शुरुआत कोहरे व धुंध के बीच हुई। इससे दृश्यता भी कम रही। इसी बीच तेज बर्फीली हवाओं ने लोगों को खासा परेशान किया और दिल्ली में ठिठुरन बढ़ा दी। दिन में थोड़ी देर के लिए सूर्यदेव ने दर्शन दिए। लेकिन, इससे भी लोगों को राहत नहीं मिली और वह अलाव का सहारा लेते दिखे। शाम को फिर तेज ठंडी हवाओं ने गलन बढ़ा दी। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान अधिकतम तापमान 17.9 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज हुआ। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 100 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 76 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के अनुसार, रिज में 10.1, आया नगर में व लोधी रोड में 10.4 और पालम में 9.4 न्यूनतम पारा दर्ज किया गया।
दिन होंगे और ठंडे
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में दिल्ली में न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के बाद फिर 5-7 डिग्री बढ़ोतरी का अनुमान है। अगले 24 घंटे में तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर रहने की संभावना है, फिर अगले दिन कुछ नीचे और उसके बाद सामान्य से काफी ऊपर रहेगा। अगले 7 दिन के दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम रहने की संभावना है। 31 जनवरी की सुबह कुछ जगहों पर घना कोहरा छाने की संभावना है। इसके अलावा, 31 जनवरी से 2 फरवरी तक हल्की से बहुत हल्की बारिश, गरज और बिजली के साथ तेज हवाएं 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा के साथ चलने का अनुमान है। अगले 7 दिनों तक आसमान आमतौर पर बादलों से ढका रहेगा, सिवाय 4 फरवरी के जब आंशिक रूप से धूप निकलने की संभावना है।
40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। दोनों दिन गरज के साथ बारिश होने और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। शनिवार को अधिकतम तापमान 19 से 21 डिग्री के बीच और न्यूनतम 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, रविवार को अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री के बीच और न्यूनतम 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
सोमवार को भी बूंदाबांदी की आशंका
मौसम विभाग ने सोमवार को भी बूंदाबांदी की आशंका जताई है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार और बुधवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। हालांकि बारिश की कोई संभावना नहीं है। मंगलवार को भी तापमान में किसी बदलाव की संभावना नहीं है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।