सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Faridabad News ›   Fed up with harassment by miscreants, minor commits suicide

Faridabad News: मनचलों की छेड़छाड़ से तंग आकर नाबालिग ने की आत्महत्या

Noida Bureau नोएडा ब्यूरो
Updated Thu, 19 Mar 2026 01:33 AM IST
विज्ञापन
Fed up with harassment by miscreants, minor commits suicide
विज्ञापन
Trending Videos


-गदपुरी थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई घटना, स्कूल जाना भी छोड़ दिया था लड़की ने
-दो नामजद युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। गदपुरी थाना क्षेत्र के गांव असावटी में गांव में मनचलों की छेड़छाड़ और लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजनों ने बताया कि छेड़छाड़ से तंग आकर लड़की ने स्कूल जाना भी छोड़ दिया था। गदपुरी थाना पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



मृतका के पिता नरेंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सलमान और पेप्सी नामक युवक पिछले करीब छह महीनों से उनकी बेटी श्वेता कुमारी (16) का पीछा कर रहे थे। वे स्कूल जाते समय और घर लौटते समय लगातार छेड़छाड़ करते थे, जिससे बेटी मानसिक रूप से बेहद परेशान रहने लगी थी। हालात ऐसे हो गए कि उसने अपनी पढ़ाई तक बीच में ही छोड़ दी। शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपियों के हौसले इतने बढ़ गए थे कि वे घर तक पहुंचने लगे थे। जब पीड़िता के भाई ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद परिवार और अधिक भयभीत हो गया।
विज्ञापन
विज्ञापन



घर में घुसकर किया परेशान, अगले दिन लड़की ने की आत्महत्या :

पिता के अनुसार 16 मार्च को जब बेटा घर पर अकेला था, तब आरोपी सलमान जबरन घर में घुस आया। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता का हाथ पकड़कर उसे खींचने लगा। भाई के विरोध करने पर वह मौके से फरार हो गया। अगले दिन जब पिता आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंचे तो घर पर कोई नहीं मिला। 17 मार्च की शाम जब पिता ड्यूटी से लौटे, तो उन्होंने अपनी बेटी को कमरे में पंखे से लटका हुआ पाया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भेज दिया।


गदपुरी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, छेड़छाड़, पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच डीएसपी नरेंद्र खटाना को सौंपी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
----------------
गांव में सन्नाटा, हर चेहरे पर दर्द व खामोशी

-दिल्ली में सिलाई कर बच्चों का भविष्य संवारने का सपना देख रहे थे पिता
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले के असावटी गांव में मंगलवार रात से ही सन्नाटा पसरा हुआ है। गलियों में वही लोग हैं, वही घर हैं, लेकिन हर चेहरे पर एक अजीब-सा दर्द और खामोशी है। इस खामोशी के पीछे छिपी है 16 साल की श्वेता कुमारी की अधूरी कहानी, जो अब सिर्फ यादों में रह गई है।
वह बेटी, जो कभी स्कूल जाने के लिए हंसते हुए घर से निकलती थी, आज उसी घर के एक कमरे में हमेशा के लिए खामोश हो गई। पिता, जो दिल्ली में सिलाई कर अपने बच्चों का भविष्य संवारने का सपना देख रहे थे, अब टूट चुके हैं। उनकी आंखों के सामने बार-बार वही मंजर घूम जाता है, जब उन्होंने अपनी बेटी को पंखे से लटका हुआ देखा था। उस एक पल ने जैसे उनकी पूरी दुनिया उजाड़ दी। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उसकी गोद, जो कभी बेटी की हंसी से गूंजती थी, अब सूनी हो चुकी है। दो भाइयों के बीच वह इकलौती बहन थी, घर की रौनक थी। अब वही भाई खामोश बैठे हैं, जैसे शब्द भी उनका साथ छोड़ चुके हों।
पिता नरेंद्र के मुताबिक, बीते कई महीनों से श्वेता अंदर ही अंदर टूट रही थी। मनचलों की छेड़छाड़ ने उसकी हंसी छीन ली थी, उसका आत्मविश्वास तोड़ दिया था। उसने स्कूल जाना छोड़ दिया, घर में सिमट गई, लेकिन डर उसका पीछा नहीं छोड़ रहा था। आखिरकार, वह दर्द इतना बढ़ गया कि उसने जिंदगी से ही हार मान ली। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है, लेकिन परिवार को अब सिर्फ न्याय का ही इंतजार है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article