महिलाओं को नुकसान पहुंचा रही यह आदत: नई दुल्हनों को अधिक है जोखिम, डॉक्टरों तक के लगाने पड़ सकते हैं चक्कर
टाइट कपड़े पहनने से महिलाओं को त्वचा संक्रमण और मासिक धर्म में दर्द हो रहा है। बीके अस्पताल में प्रतिदिन करीब 80 महिलाएं इलाज के लिए पहुंच रही हैं।
विस्तार
भीषण गर्मी का असर अब महिलाओं के स्वास्थ्य पर भी साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। अत्यधिक गर्मी में टाइट और सिंथेटिक कपड़े पहनने से त्वचा संबंधी संक्रमण तेजी से फैल रहा है, खासकर नई शादीशुदा महिलाओं में यह समस्या अधिक देखी जा रही है।
बीके अस्पताल में इन दिनों बड़ी संख्या में महिलाएं विभिन्न प्रकार के संक्रमण और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर पहुंच रही हैं। अस्पताल में प्रतिदिन करीब 80 महिलाएं इन समस्याओं को लेकर पहुंच रही हैं। अस्पताल में आने वाली महिलाओं में खुजली, जलन, रैशेज और फंगल इंफेक्शन जैसी शिकायतें आम हो गई हैं।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहित अग्रवाल ने बताया कि पसीना अधिक आने और त्वचा के लंबे समय तक नम रहने से बैक्टीरिया और फंगस को पनपने का मौका मिलता है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा, तेज धूप के कारण सनबर्न के मामले भी बढ़े हैं।
कई महिलाएं त्वचा में जलन, लालिमा और दर्द की शिकायत लेकर पहुंच रही हैं। डॉक्टरों ने यह भी बताया कि टाइट कपड़ों के कारण महिलाओं के मासिक धर्म पर भी असर पड़ रहा है। इस दौरान दर्द पहले की तुलना में अधिक हो रहा है, जिससे महिलाएं असहज महसूस कर रही हैं और इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रही हैं।
विशेषज्ञों की सलाह है कि महिलाएं गर्मी के मौसम में ढीले और सूती कपड़े पहनें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। साथ ही, धूप में निकलते समय त्वचा की सुरक्षा के लिए जरूरी उपाय अपनाएं। लक्षण नजर आने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें, ताकि समय रहते इलाज किया जा सके।