60 दिन बाद खुला गहरा राज: पत्नी ने पति को पिलाई शराब, सिर पर वार कर बिगाड़ा चेहरा; आशिक संग ट्रैक पर फेंकी लाश
फरीदाबाद में महिला ने अवैध प्रेम के चलते अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। जांच में पता चला है कि पति को अंजली और उसके प्रेमी रियाउल के इस अवैध संबंध के बारे में जानकारी हो गई थी। इस बात को छिपाने के लिए महिला ने प्रेमी संग मिलकर उसे रास्ते से हटाने के खतरनाक प्लान बनाया और उसमें ये दोनों कामयाब भी रहे। हालांकि 60 दिन के बाद इस मामले का खुलासा बड़े रोचक तरीके से हो गया।
विस्तार
हरियाणा के फरीदाबाद स्थित मेवला महाराजपुर इलाके में रेलवे ट्रैक पर 1 दिसंबर की सुबह मिला क्षत विक्षत शव झारखंड, गोड्डा के मूल निवासी सुमन का था। ट्रेक की टक्कर से उसकी मौत नहीं हुई थी, बल्कि उसकी पत्नी अंजनी व उसके प्रेमी रियाउल ने मिलकर सुमन की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका था। अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए अंजनी व रियाउल को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने पूछताछ में खुलासा किया कि सुमन को अवैध प्रेम प्रसंग का पता चलने पर उसकी हत्या की गई थी। एसीपी क्राइम वरुण दहिया ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चार दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है।
1 दिसंबर को मिला था शव, 18 जनवरी को दर्ज हुई थी गुमशुदगी की एफआईआर
मेवला महाराजपुर इलाके में 1 दिसंबर की सुबह रेलवे ट्रैक पर क्षत विक्षत शव मिला था। शव की हालत ऐसी थी कि पुलिस ने माना की ट्रेन की टक्कर से व्यक्ति की मौत हुई है। कई दिनों तक शव की पहचान के प्रयास किए गए लेकिन पहचान नहीं हो सकी। इसी दौरान 18 जनवरी को झारखंड गोड्डा के मूल निवासी सन्नी ने पुलिस को अपने भाई 36 साल के सुमन के गुमशुदा होने की शिकायत दी। सूरजकुंड थाना में शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई।
लाश देख भाई ने की पहचान
पुलिस ने मिसिंग रिपोर्ट की जांच करते हुए पोस्टमार्टम हाउस में कई दिनों तक रखे गए शव से मिलान कराया। कपड़ों और हुलिए के आधार पर सनी ने मृतक की पहचान अपने भाई सुमन के रूप में की। सन्नी ने पुलिस को अपनी भाभी व उसके प्रेमी के बारे में बताया और उन पर शक जताया। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
हत्यारोपी पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार
अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी 29 साल की अंजनी और उसके प्रेमी पश्चिम बंगाल के माल्दा जिले के 30 साल के रियाउल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस दौरान दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
शराब पिलाकर सिर पर मारा पत्थर, लाश ट्रैक कर फेंकी
आरोपियों ने खुलासा किया कि सुमन को उसकी पत्नी व आरोपी रियाउल के अवैध संबंधों के बारे में पता लग गया था। दोनों ने मिलकर सुमन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 30 नवंबर 2025 को दोनों ने सुमन को मेवला महाराजपुर इलाके में बुलाया। वहां साजिश के तहत उसे शराब पिलाई गई। फिर साथ मिलकर रेलवे ट्रैक के पास सुमन के सिर में पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी। अपराध व शव की पहचान छुपाने के लिए मृतक का शव रेलवे ट्रैक पर रख दिया ताकि पहचान ना हो पाये।
हत्या के बाद पत्नी चल गई थी झारखंड
जांच में ये भी पता चला कि घटना के बाद बाद मृतक की पत्नी झारखंड चली गई थी। जब उसे लगा कि मामला शांत हो गया है और किसी को कुछ पता नहीं चल पाया है, तो वह दोबारा फरीदाबाद लौट आई। सुमन और अंजनी की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी। सुमन एक ऑटो चालक था और अपने ऑटो से परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके दो बच्चे हैं।
